कांग्रेस नेता अजय राय ने पार्टी के सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के फोन टैपिंग के दावे का समर्थन किया है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी सरकार के लोग पूरी तरह से बौखला गए हैं. हमारे नेता राहुल गांधी को निशाना बनाया जा रहा है और हमारे फोन टैप किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी पूरी तरह से घबराए हुए हैं.
राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों पर कांग्रेस नेता अजय राय ने कहा , “बीजेपी सरकार के लोग फोन टैपिंग का सहारा ले रहे हैं. हमारे नेता राहुल गांधी को निशाना बनाया जा रहा है और हमारे फोन टैप किए जा रहे हैं. यह सब कुछ समय से चल रहा है. वे साफ तौर पर डरे हुए हैं. जैसे-जैसे हमारे नेता राहुल गांधी आम लोगों के करीब आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे मोदी जी पूरी तरह से घबरा गए हैं. अब वे किसी भी सवाल का जवाब देने की स्थिति में नहीं हैं.”
पुराने व्हाट्सऐप नंबर को लेकर क्या बोले अजय राय?
जब उनसे पूछा गया कि आपका पुराना व्हाट्सएप नंबर है वो अचानक से फिर गायब हो गया, आपका नया नंबर आ गया, उसके पीछे की वजह क्या है? इस पर कांग्रेस नेता अजय राय ने कहा, ”मेरा नंबर जो पुराना था 933 वाला 93356155599 उसको इन्होंने ब्लॉक करा दिया, वो लगातार उसको इन्होंने सर्विलांस में लगा रखा था. यह जो दूसरा नंबर है इसको भी पूरी तरीके से ट्रेस कर रहे हैं सिर्फ इसलिए कि हम लोग मजबूती से अपनी बात उठाते हैं, काशी की जनता की बात उठाते हैं, लोगों की बात उठाते हैं.”
इमरान प्रतापगढ़ी का बीजेपी पर निशाना
दूसरी ओर, कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने राहुल गांधी के आरोप का समर्थन करते हुए बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, ”इससे ज्यादा शर्मनाक और क्या हो सकता है कि विपक्ष के नेता को देश की जनता को यह बताना पड़े कि उनका फोन टैप किया जा रहा है. बीजेपी और पीएम मोदी सरकार को यह समझना चाहिए कि पहले उन्होंने पेगासस के जरिए लोगों के राज जानने की कोशिश की, जब वह सफल नहीं हो पाया तो वे अब फोन टैप करा रहे हैं, जो शर्मनाक है.”
बता दें कि कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैपिंग कराने के आरोप लगाए हैं. इसे लेकर कांग्रेस के नेता लगातार बीजेपी को घेर रहे हैं. वहीं बीजेपी राहुल गांधी के आरोपों को बेबुनियाद और साक्ष्यहीन बता रही है.
अजय राय के करीबी यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष हटाए गए, दिल्ली प्रदर्शन में गैरहाजिरी का आरोप
