पंजाब कांग्रेस में इन दिनों सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग आज 19 नवंबर को लुधियाना से ‘इंसाफ मार्च’ शुरू करने जा रहे हैं. इस यात्रा की शुरुआत शहर के बचत भवन से होगी. इसके जरिए राजा वड़िंग लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और उनके मुद्दों को उठाएंगे. हालांकि, इस मार्च को लेकर कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी और नेताओं के बीच नेतृत्व की होड़ की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं.
राजा वड़िंग ने 13 नवंबर को ‘इंसाफ मार्च’ निकालने की घोषणा की थी. खास बात यह है कि उसी दिन पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की यात्रा लुधियाना पहुंची थी. इसके बाद दोनों नेताओं के कार्यक्रमों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गईं. चन्नी 12 से 19 नवंबर तक ‘जवानी संभाल यात्रा’ निकाल रहे हैं. इस साइकिल यात्रा का नारा ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ रखा गया है.
पंजाब के CM भगवंत मान जाएंगे पाकिस्तान! केंद्र से मांगी इजाजत
625 किलोमीटर की यात्रा कर रहे हैं चन्नी
चरणजीत सिंह चन्नी की साइकिल यात्रा करीब 625 किलोमीटर लंबी है. यह पंजाब के 27 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजर रही है. यात्रा के दौरान चन्नी युवाओं के मुद्दे, रोजगार और प्रदेश की समस्याओं को उठा रहे हैं. दूसरी ओर, इस यात्रा के दौरान राजा वड़िंग की गैर-मौजूदगी और पोस्टर विवाद ने पार्टी के अंदर खींचतान की चर्चाओं को और हवा दी है.
2027 चुनाव से पहले कांग्रेस में सक्रियता
हालांकि, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने इन चर्चाओं को अलग नजरिए से देखा है. उनके मुताबिक, राजा वड़िंग का ‘इंसाफ मार्च’ अलग-अलग संसदीय क्षेत्रों में चलाए जा रहे जनसंपर्क कार्यक्रमों का हिस्सा है. पार्टी ने सभी नेताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं.
पंजाब चुनाव से पहले डेरों के दरबार में पहुंचने लगे राजनीतिक दल, वोट बैंक साधने की कोशिश
दरअसल, पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. इसे देखते हुए कांग्रेस ने प्रदेश चुनाव समिति का गठन भी कर दिया है. ऐसे में पार्टी के बड़े नेताओं की बढ़ती सक्रियता को चुनावी तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है. अब देखना होगा कि राजा वड़िंग का यह मार्च जनता के बीच कितना असर छोड़ता है और पार्टी की अंदरूनी सियासत पर इसका क्या प्रभाव पड़ता है.
