Surya Gochar Vrishchik Rashi 2026: ग्रहों के राजा सूर्य ने 16 नवंबर 2026 को वृश्चिक राशि में प्रवेश कर लिया है. सूर्य अपनी नीच राशि तुला से निकलकर अपनी मित्र राशि वृश्चिक में गोचर कर चुके हैं और वह 16 दिसंबर 2026 तक इसी राशि में विराजमान रहेंगे. इसके बाद सूर्य धनु राशि में प्रवेश करेंगे.
श्री लक्ष्मीनारायण एस्ट्रो सॉल्यूशन, अजमेर की निदेशिका ज्योतिषाचार्या एवं टैरो कार्ड रीडर नीतिका शर्मा ने बताया कि सूर्य की राशि सिंह होती है. यदि जातक की कुंडली में सूर्य मजबूत स्थिति में होता है तो उसे मान-सम्मान और समृद्धि की प्राप्ति होती है, जबकि कुंडली में सूर्य के अशुभ होने पर पेट, आंख और हृदय संबंधी रोग हो सकते हैं. माना जाता है कि सूर्य के अशुभ प्रभाव से जातक के सरकारी काम में भी बाधा आती है.
ज्योतिष शास्त्र में सूर्य और मंगल दोनों ही प्रभावशाली ग्रह माने जाते हैं. सूर्य जहां आत्मविश्वास, ऊर्जा, मान-सम्मान और नेतृत्व क्षमता के कारक हैं, वहीं मंगल साहस और पराक्रम का प्रतिनिधित्व करते हैं. ऐसे में वृश्चिक राशि में सूर्य का यह गोचर सभी 12 राशियों के जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है. किसी के लिए यह समय तरक्की लेकर आ सकता है, तो कुछ राशि के जातकों को इस दौरान सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
वृश्चिक संक्रांति का धार्मिक और ज्योतिषीय महत्व
ज्योतिषाचार्या एवं टैरो कार्ड रीडर नीतिका शर्मा के अनुसार, ज्योतिष में सूर्य ग्रह का विशेष महत्व है. सूर्य ग्रह किसी भी राशि में लगभग 30 दिनों तक विराजमान रहते हैं. जिस दिन सूर्य देव राशि परिवर्तन करते हैं, उस दिन संक्रांति मनाई जाती है. जब सूर्य तुला राशि से वृश्चिक राशि में प्रवेश करते हैं, तो उसे वृश्चिक संक्रांति कहा जाता है.
हिंदू पंचांग के अनुसार प्रत्येक वर्ष में कुल 12 संक्रांति आती हैं और हर राशि में सूर्य 1 महीने तक रहते हैं. संक्रांति को बहुत ही पवित्र दिनों में से एक माना जाता है, इसलिए इसे हिंदू धर्म में पर्व भी कहा गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जो लोग संक्रांति तिथि पर सूर्य देव की पूजा करते हैं, उन्हें समाज में अच्छी प्रतिष्ठा प्राप्त होती है, किस्मत साथ देती है और किसी भी काम में सफलता मिलती है.
देश-दुनिया और जनजीवन पर गोचर का प्रभाव
ज्योतिषाचार्या नीतिका शर्मा ने बताया कि सूर्य के वृश्चिक राशि में आने से देश-दुनिया में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं:
आर्थिक और सामाजिक असर: गलत काम बढ़ सकते हैं, यानी चोर और भ्रष्टाचारी लोगों के बढ़ने की संभावना है. इसके साथ ही वस्तुओं की लागत भी बढ़ सकती है.
स्वास्थ्य पर असर: मंगल की राशि में सूर्य के आ जाने से 16 दिसंबर तक कई लोगों के लिए कष्टपूर्ण समय हो सकता है. कई लोग खांसी और ठंड से पीड़ित हो सकते हैं.
अंतर्राष्ट्रीय संबंध: अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी सूर्य का अशुभ असर देखने को मिलेगा. राष्ट्रों के बीच संघर्ष बढ़ सकता है और आसपास के देशों से भारत के संबंध तनावपूर्ण हो सकते हैं.
सूर्य के अशुभ प्रभाव से बचने के उपाय
ज्योतिषाचार्या एवं टैरो कार्ड रीडर नीतिका शर्मा ने इस गोचर के दौरान शुभ फल पाने के लिए निम्नलिखित उपाय बताए हैं:
- सबसे पहले अपने घर की पूर्व दिशा को साफ-सुथरा रखें.
- भगवान श्री विष्णु की उपासना करें और भगवान सूर्य की स्तुति आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें.
- रोज उगते सूर्य को अर्घ्य देना शुरू करें और रविवार के दिन उपवास रखें.
- बंदर, पहाड़ी गाय या कपिला गाय को भोजन कराएं.
- रोज गुड़ या मिश्री खाकर और पानी पीकर ही घर से निकलें.
- जन्मदाता पिता का सम्मान करें तथा प्रतिदिन उनके चरण छूकर आशीर्वाद लें.
सूर्य गोचर 2026: मेष से मीन तक सभी 12 राशियों पर प्रभाव
ज्योतिषाचार्या एवं टैरो कार्ड रीडर नीतिका शर्मा से जानते हैं कि सूर्य के वृश्चिक राशि में गोचर करने से 16 दिसंबर तक सभी 12 राशियों के जातकों के जीवन पर कैसा प्रभाव पड़ सकता है.
मेष राशि (Aries)
मेष राशि के जातकों के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण रह सकता है. भ्रमित होने के कारण किसी भी काम में मन नहीं लगेगा. स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां होने की आशंका है. इस दौरान विवादों से बचकर रहना बेहतर रहेगा.
वृषभ राशि (Taurus)
वृषभ राशि वालों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण तनाव हो सकता है. साझेदारों या शासन-सत्ता से जुड़े मामलों में तनाव की स्थिति बन सकती है. इस दौरान अनावश्यक यात्राएं भी करनी पड़ सकती हैं.
मिथुन राशि (Gemini)
मिथुन राशि के जातकों के लिए सूर्य का गोचर अनुकूल रह सकता है. पुरानी बीमारी से राहत मिल सकती है. रुका हुआ धन वापस मिलने के योग हैं. मान-सम्मान में वृद्धि होगी और कोई उपहार भी मिल सकता है. नौकरीपेशा लोगों के लिए पदोन्नति की संभावना बन सकती है.
कर्क राशि (Cancer)
कर्क राशि वालों को कार्यस्थल और पारिवारिक जीवन में तनाव का सामना करना पड़ सकता है. किसी बीमारी के कारण परेशानी हो सकती है. बच्चों की सेहत को लेकर चिंता बनी रह सकती है. इस दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें.
सिंह राशि (Leo)
सिंह राशि के जातकों को इस दौरान अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है. सुख-सुविधाओं में कमी महसूस हो सकती है. कार्यों में आने वाली बाधाओं के कारण मानसिक तनाव बढ़ सकता है. बुजुर्गों की सेहत और उनसे जुड़ी जिम्मेदारियों को लेकर चिंता हो सकती है.
कन्या राशि (Virgo)
कन्या राशि वालों के लिए सूर्य का गोचर सकारात्मक परिणाम दे सकता है. धन का संग्रह करने में सफलता मिल सकती है. पुराने और रुके हुए कार्य पूरे होने के योग हैं. उच्च अधिकारियों का सहयोग मिलने से कार्यक्षेत्र में स्थिति बेहतर हो सकती है.
तुला राशि (Libra)
तुला राशि के जातकों के खर्चों में बढ़ोतरी हो सकती है. अनावश्यक जिद नुकसान पहुंचा सकती है. इस दौरान किसी के बहकावे में आने या धोखा मिलने की आशंका बनी रहेगी. परिजनों के साथ विवाद करने से बचें और आर्थिक मामलों में सतर्क रहें.
वृश्चिक राशि (Scorpio)
वृश्चिक राशि के जातकों को इस दौरान अनावश्यक मेहनत करनी पड़ सकती है. गुस्से में वृद्धि हो सकती है और छोटी-छोटी बातों पर तनाव महसूस हो सकता है. यात्रा के दौरान नुकसान होने की आशंका है. नकारात्मक विचारों से बचें और धैर्य बनाए रखें.
धनु राशि (Sagittarius)
धनु राशि वालों के लिए यह समय थोड़ा परेशानियों भरा रह सकता है. कार्यों में बार-बार बाधाएं आने से तनाव बढ़ सकता है. स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो सकती हैं. दोस्तों के व्यवहार से चिंता हो सकती है. धन हानि की आशंका के कारण मानसिक तनाव बढ़ सकता है.
मकर राशि (Capricorn)
मकर राशि के जातकों के लिए सूर्य का गोचर शुभ परिणाम लेकर आ सकता है. लंबे समय से रुकी हुई पदोन्नति मिलने के योग हैं. मान-सम्मान में वृद्धि होगी और धन लाभ हो सकता है. इस दौरान नया कार्य शुरू करने की योजना भी बना सकते हैं.
कुंभ राशि (Aquarius)
कुंभ राशि वालों के लिए यह गोचर अनुकूल रहने की संभावना है. लंबे समय से अटके बड़े कार्यों में सफलता मिल सकती है. कार्यक्षेत्र में वातावरण अनुकूल रहेगा. आर्थिक लाभ के योग हैं और नौकरीपेशा लोगों को पदोन्नति मिल सकती है.
मीन राशि (Pisces)
मीन राशि के जातकों की धार्मिक कार्यों में रुचि कम हो सकती है. कामकाज में असफलता मिलने से मानसिक तनाव बढ़ सकता है. इस दौरान कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय जल्दबाजी में न लें. सोच-समझकर कदम उठाएं. यात्रा के योग भी बन सकते हैं.
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.
