Headlines

‘भारत साइड प्लेयर, तमाशा देख रहा’, पाकिस्तान का नाम लेकर राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर किया वार


कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा है कि वैश्विक राजनीति में भारत की भूमिका लगातार कमजोर हुई है. उन्होंने हैरानी जताई कि पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत कराने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है, जबकि भारत केवल घटनाक्रम देख रहा है. राहुल ने कहा कि अपने आकार, इतिहास और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिहाज से भारत को वैश्विक चर्चाओं में अहम भूमिका निभानी चाहिए, लेकिन अब वह मुख्य मंच से पीछे हटकर एक ‘साइड प्लेयर’ बन गया है.

राहुल गांधी ने बुधवार को स्थानीय समय के अनुसार अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान ये बातें कहीं. इस संवाद का संचालन प्रोफेसर रॉबर्ट पेप ने किया. उन्होंने भारत की विदेश नीति, वैश्विक राजनीति में देश की भूमिका और प्रधानमंत्री मोदी के दूसरे देशों के नेताओं के साथ व्यक्तिगत संबंधों को लेकर अपनी बात रखी.

पाकिस्तान की सक्रियता पर जताई हैरानी
राहुल गांधी ने कहा, “मुझे काफी हैरानी है कि पाकिस्तान ईरान और अमेरिका के साथ बातचीत में जुटा है, जबकि भारत केवल देख रहा है.” उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से भारत की भू-राजनीतिक समझ काफी मजबूत रही है. देश की अपनी स्वतंत्र सोच थी और विदेश नीति का आधार यह होता था कि भारत के हित में क्या है.

उन्होंने कहा कि भारत के आकार, इतिहास और दूसरे देशों के साथ संबंधों को देखते हुए उसे अंतरराष्ट्रीय चर्चाओं में सक्रिय रूप से शामिल होना चाहिए. लेकिन मौजूदा स्थिति में भारत वैश्विक मंच से पीछे हट गया है. देश की अपनी आवाज और नजरिया होने के बावजूद अंतरराष्ट्रीय मामलों में वह प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है.

दोस्ती के आधार पर नहीं चल सकती विदेश नीति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जैसे वैश्विक नेताओं के साथ व्यक्तिगत संबंधों पर भी राहुल ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति केवल व्यक्तिगत दोस्ती के आधार पर नहीं चलती. किसी भी देश के नेता के पीछे एक पूरी राजनीतिक और आर्थिक व्यवस्था होती है. ऐसे में फैसले इस बात से तय नहीं होते कि कोई नेता आपको पसंद करता है या नहीं.

राहुल ने कहा, “दोस्ती मुद्दा नहीं है. दोस्ती से क्या फर्क पड़ता है? क्या आपको लगता है कि भू-राजनीति इस आधार पर चलेगी कि कोई व्यक्ति आपका दोस्त है? उसके पीछे एक पूरी व्यवस्था और आर्थिक ढांचा होता है.”

उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी या दूसरे देशों के नेताओं की व्यक्तिगत दोस्ती से कोई आपत्ति नहीं है. उनका कहना था कि महत्वपूर्ण यह है कि देश के नेतृत्व को वैश्विक परिस्थितियों, भारत के हितों और अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में अपनी जगह की सही समझ होनी चाहिए.

भारत को नई वैश्विक व्यवस्था बनाने में निभानी चाहिए भूमिका
राहुल गांधी ने कहा कि आजादी के बाद भारत ने अंतरराष्ट्रीय मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. खासकर गुटनिरपेक्ष आंदोलन के जरिये देश ने वैश्विक राजनीति में अपनी स्वतंत्र पहचान बनाई थी. उन्होंने इच्छा जताई कि भारत को एक बार फिर वही अंतरराष्ट्रीय प्रभाव और प्रतिष्ठा हासिल करनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद बनी सुरक्षा व्यवस्था मुख्य रूप से पश्चिमी देशों ने तैयार की थी, लेकिन भविष्य की वैश्विक व्यवस्था किसी एक सभ्यता के आधार पर नहीं बनेगी. इसमें अमेरिका, चीन, भारत, मध्य पूर्व और रूस समेत कई सभ्यताओं और क्षेत्रों की भूमिका होगी.

राहुल के मुताबिक, 1.5 अरब आबादी वाले भारत को इस नई वैश्विक व्यवस्था को आकार देने में सक्रिय योगदान देना चाहिए. देश को ऐसी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के निर्माण में मदद करनी चाहिए, जिसमें स्थिरता हो और सभी देशों की बात को समान महत्व मिले.

ईरान युद्ध से भारत की मुश्किलें बढ़ने का दावा
राहुल गांधी ने ईरान में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में पहले से ही लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. इस युद्ध ने उनकी मुश्किलों को और बढ़ा दिया है और लोगों को गंभीर संकट की स्थिति में पहुंचा दिया है.

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के दूसरे हिस्सों में हो रही घटनाओं से बेपरवाह नहीं रह सकता. वैश्विक घटनाक्रम का असर देश पर भी पड़ता है, इसलिए भारत को अंतरराष्ट्रीय मामलों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए.

राहुल ने कहा कि भारत ऐसी वैश्विक व्यवस्था चाहता है, जिसमें केवल अपनी बात रखने के बजाय दूसरों की राय और हितों को भी बराबर महत्व दिया जाए. उनके मुताबिक, दुनिया में स्थिरता और बेहतर व्यवस्था आपसी संवाद और एक-दूसरे को सुनने से ही कायम हो सकती है.

यह भी पढ़िएः बंगाल की खाड़ी में कमजोर पड़ा ‘अकवान’, ओडिशा-आंध्र के तटों पर तूफान का खतरा बरकरार



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *