Vaikuntha Chaturdashi 2026: भारतीय सनातन परंपरा में कार्तिक मास को बेहद पवित्र माना जाता है, और इसी महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को वैकुंठ चतुर्दशी का पावन पर्व मनाया जाता है. यह साल का एकमात्र ऐसा विशेष दिन है, जब सृष्टि के पालनहार भगवान विष्णु (हरि) और संहारक भगवान शिव (हर) की एक साथ आराधना की जाती है. इस अद्भुत संगम को ‘हरि-हर मिलन’ कहा जाता है.
साल 2026 में वैकुंठ चतुर्दशी का यह दुर्लभ संयोग सोमवार, 23 नवंबर 2026 को बन रहा है. सोमवार का दिन होने के कारण इस पर्व का आध्यात्मिक महत्व और भी बढ़ गया है.
वैकुंठ चतुर्दशी 2026: तिथि और शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा से ठीक एक दिन पहले पड़ने वाला वैकुंठ चतुर्दशी का पावन पर्व इस साल सोमवार, 23 नवंबर 2026 (कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी) को मनाया जाएगा. चतुर्दशी तिथि का प्रारंभ 23 नवंबर को रात 02:36 बजे से होगा और इसका समापन 23 नवंबर की रात 11:42 बजे पर होगा.
इस दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव के दिव्य ‘हरि-हर मिलन’ की विशेष पूजा के लिए निशिता काल मुहूर्त सर्वश्रेष्ठ माना जाता है, जो रात 11:26 बजे से रात 12:20 बजे तक रहेगा.
धार्मिक महत्व: क्यों खुलते हैं वैकुंठ के द्वार?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु की सच्चे मन से पूजा करने वाले भक्तों के लिए वैकुंठ (स्वर्ग) के द्वार खुल जाते हैं.
काशी (वाराणसी) और उज्जैन जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों पर इस दिन विशेष अनुष्ठान होते हैं. यह पर्व शैव और वैष्णव परंपराओं के बीच की एकता और सृष्टि के संतुलन का प्रतीक है.
वैकुंठ चतुर्दशी की सरल पूजा विधि:
स्नान और संकल्प: ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करें, साफ कपड़े धारण करें और हाथ में जल लेकर व्रत व पूजा का संकल्प लें.
देव स्थापना: पूजा घर को साफ कर भगवान विष्णु और भगवान शिव की प्रतिमा या चित्र एक साथ स्थापित करें और घी का दीपक जलाएं.
विष्णु आराधना: श्रीहरि को पीले पुष्प, फल और तुलसी दल अर्पित करें. इसके बाद विष्णु सहस्रनाम का पाठ करना अत्यंत फलदायी होता है.
शिव पूजन: भोलेनाथ का जल और कच्चे दूध से अभिषेक करें. सामान्य दिनों से अलग, इस दिन शिवजी को बेलपत्र के साथ-साथ तुलसी दल अर्पित करने का विशेष विधान है.
मंत्र जाप और दान: दोनों देवताओं के मंत्रों का जाप करें, संयुक्त आरती उतारें और अपनी सामर्थ्य के अनुसार अन्न या वस्त्र का दान करें.
उज्जैन में ‘हरि-हर मिलन’ की अनोखी परंपरा:
मध्य प्रदेश के उज्जैन में वैकुंठ चतुर्दशी की मध्यरात्रि को एक अद्भुत नजारा देखने को मिलता है. देवशयनी एकादशी से देवउठनी एकादशी तक चार माह सृष्टि का संचालन भगवान शिव करते हैं. वैकुंठ चतुर्दशी की रात लगभग 11 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर से बाबा महाकाल की शाही सवारी रजत पालकी में निकलती है और गुदरी चौराहा व पटनी बाजार होते हुए गोपाल मंदिर पहुंचती है.
यहां मध्यरात्रि (निशिता काल) में महाकाल भगवान द्वारकाधीश (श्रीहरि) को सृष्टि का भार फिर से सौंपते हैं. इस दौरान एक दुर्लभ परंपरा निभाई जाती है भगवान शिव को तुलसी की माला और भगवान विष्णु को बेलपत्र की माला पहनाई जाती है, जो साल के बाकी दिनों में वर्जित होती है.
शिवजी की ओर से विष्णु जी को भस्म, रुद्राक्ष और बिल्वपत्र, जबकि विष्णु जी की ओर से महाकाल को पीतांबर और तुलसी भेंट की जाती है. ढोल-नगाड़ों, पुष्प वर्षा और आतिशबाजी के बीच पूरा शहर इस दिव्य मिलन का साक्षी बनता है.
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.
