तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक के ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारे को लेकर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर चुनाव आयोग तथा धर्म का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. रेड्डी ने कहा कि देश में गरीबों का वोट देने का अधिकार छीना जा रहा है. उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी अमीरों को वोट देने का अधिकार देना चाहती है, जबकि गरीबों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं.
एबीपी न्यूज के खास कार्यक्रम ‘सदर्न राइजिंग समिट’ में रेवंत रेड्डी ने कहा कि भारत का इतिहास रहा है कि राजा यह तय नहीं करते कि सरकार कौन चलाएगा. इसके लिए देश के नागरिकों को वोट देने का अधिकार दिया गया है. जनता ही तय करेगी कि सरकार किसकी बनेगी और देश कौन चलाएगा.
रेवंत रेड्डी ने कही ये बड़ी बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने. इसके बाद पहले ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल किया गया. फिर भाषा और जाति के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश हुई. हालांकि, अब लोगों ने ऐसी बातें सुनना छोड़ दिया है और वे डरना भी बंद कर चुके हैं. रेड्डी ने जंतर-मंतर पर हुए आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को समझ आ गया है कि अगर पीड़ितों, दलितों, गरीबों, आदिवासियों और महिलाओं को वोट देने का अधिकार मिला तो वे चुनाव हार सकते हैं. इसी वजह से दो तरह की जनता तैयार की जा रही है. अमीरों को वोट देने का अधिकार दिया जा रहा है, जबकि गरीबों के नाम हटाए जा रहे हैं.
कांग्रेस के मंच से विदेशी नेता का “वोट चोर, गद्दी छोड़” बोलना कितना सही? सुनिए क्या बोले तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी लाइव देखें : https://t.co/SHKBrs28BA #SouthernRisingSummit2026 #SouthernRisingSummit #ABPNews | @MeghaSPrasad | @revanth_anumula https://t.co/idbzmjTFhM
— ABP News (@ABPNews) November 20, 2026
‘पीएम मोदी चुनाव आयोग और धर्म का करते हैं इस्तेमाल’
इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक के ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारे पर बीजेपी की आपत्ति को लेकर रेवंत रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव आयोग और धर्म का इस्तेमाल करते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों का हक छीना जा रहा है. रेड्डी ने कहा कि इस मामले में कोई भी मदद कर सकता है. इसके लिए यह जरूरी नहीं है कि मदद करने वाला भारत का नागरिक ही हो.
उन्होंने आरएसएस और प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरों का जिक्र करते हुए कहा कि वे अमेरिका समेत दुनिया के किसी भी देश में जा सकते हैं और वहां भारत के बारे में अपनी बात रख सकते हैं. ऐसे में अगर कोई दूसरा व्यक्ति भारत के लोकतंत्र से जुड़े मुद्दे उठाता है तो इस पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए?
हैदराबाद समिट में जियाकोमो फिलिबेक ने लगाया था नारा
दरअसल, 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित भारत समिट के दौरान पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाया था. उनके इस बयान के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था. फिलिबेक ने भारत में लोकतंत्र की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा था कि इस तरह की सभाएं, सम्मेलन और शिखर बैठकें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गंभीर चुनौतियों की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं. उनका कहना था कि भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है और इसकी रक्षा करने की जरूरत है.
उन्होंने कहा था कि लोकतंत्र की रक्षा करने का सबसे अच्छा तरीका राहुल गांधी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के साथ खड़ा होना है. फिलिबेक ने कहा कि कांग्रेस और दुनिया के कई अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर वे एक प्रगतिशील गठबंधन का हिस्सा हैं. यह गठबंधन सामाजिक न्याय, जलवायु न्याय, मानवाधिकार और वास्तविक लोकतंत्र जैसे मूल्यों में विश्वास करता है. उन्होंने भ्रष्ट लोकतंत्र के बजाय सच्चे लोकतंत्र की जरूरत पर जोर दिया था.
