राजस्थान में पंचायत राज चुनाव के नतीजों के बाद बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी की हार की जिम्मेदारी स्वीकार की है. उन्होंने कहा कि बीजेपी जनता के फैसले का सम्मान करती है और चुनाव परिणामों की गंभीरता से समीक्षा करेगी. पार्टी यह पता लगाएगी कि कहां चूक हुई और किन कारणों से अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाए.
राठौड़ ने कहा कि बीजेपी जनसेवा के लिए पहले से ज्यादा समर्पण के साथ काम करेगी और जनता का विश्वास जीतने के लिए पूरी ताकत लगाएगी. उन्होंने माना कि चुनाव परिणामों से सीख लेकर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी.
यह भी पढ़ें: राजस्थान: पंचायत चुनाव में जीत से गदगद कांग्रेस, डोटासरा ने मांगा CM का इस्तीफा
कांग्रेस पर पलटवार
वहीं, कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस लगातार सत्ता के दुरुपयोग, ईवीएम और एसआईआर को लेकर सवाल उठाती रही है. अब चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस को भी जनादेश स्वीकार करना चाहिए. उन्होंने कहा कि जिस तरह बीजेपी ने जनता के फैसले का सम्मान किया है, उसी तरह कांग्रेस को भी हार और जीत दोनों स्वीकार करनी चाहिए. हार के बाद संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए.
कांग्रेस ने जिला परिषद की 692 सीटें जीतीं
यहां बता दें कि राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने बड़ी सफलता हासिल की है. जिसमें पंचायत समिति की 7516 सीटों में 3755 और जिला परिषद की 1101 में से 692 सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है. कांग्रेस ने इस जीत को बीजेपी सरकार की असफलता बताया और जनता का विश्वास कांग्रेस के साथ बताया है.
यहां बता दें कि राजस्थान में पंचायत चुनाव चार चरणों में संपन्न हुए थे. इसमें जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के लिए 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर, 5 नवंबर और 14 नवंबर को चुनाव हुए थे. जबकि सरपंच एवं वार्ड पंच के लिए 24 अक्टूबर, 30 अक्टूबर, 5 नवंबर और 16 नवंबर को मतदान हुआ था. 37 जिलों में मतों की गिनती 20 नवंबर को हुई. जबकि कोटा, बारां, श्रीगंगानगर और करौली जिलों में मतगणना 17 दिसंबर को होगी.
