अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) ने गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया है. एफबीआई के अनुसार, गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह (ओसीजी) का उत्तरी अमेरिका में कथित प्रमुख है. इस गिरोह पर अमेरिका और कनाडा में कई तरह के हिंसक अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं.
एफबीआई के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह पर राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की हत्या, गोलीबारी, हत्या, अपहरण, फिरौती वसूली और हमले जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने का आरोप है. इसके अलावा गिरोह पर मानव तस्करी और मादक पदार्थों तथा हथियारों की तस्करी में संलिप्त होने के भी आरोप लगाए गए हैं.
अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा बताया
एफबीआई ने गोल्डी बराड़ को ऐसे आपराधिक नेटवर्क का कथित उत्तरी अमेरिकी नेता बताया है, जिसकी गतिविधियां अमेरिका और कनाडा तक फैली हुई हैं. एजेंसी की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किए जाने के बाद उसकी तलाश को लेकर अमेरिकी जांच एजेंसी की कार्रवाई पर सबकी नजर रहेगी.
गौरतलब है कि गोल्डी बराड़ का नाम भारत में भी कई आपराधिक मामलों में सामने आता रहा है. हालांकि, एफबीआई की ओर से जारी जानकारी में उस पर लगाए गए आरोपों को कथित अपराधों के रूप में ही बताया गया है.
The FBI has added Satinderjeet “Goldy Brar” Singh Jr. to its Ten Most Wanted Fugitives list. Singh is the alleged North American leader of the Lawrence Bishnoi Organised Crime Group (OCG), a transnational criminal syndicate that has allegedly engaged in violent crimes across the U.S. and Canada. These acts include assassinations of political and religious figures, shootings, murders, kidnappings, extortions, assaults, human smuggling, and the trafficking of narcotics and weapons: FBI
— ANI (@ANI) November 21, 2026
कनाडा में भी है वांटेड
इससे पहले कनाडा के विन्निपेग में वर्ष 2023 में प्रतिद्वंद्वी गिरोह के एक कथित सदस्य की हत्या के मामले में पुलिस ने गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपनी सर्वाधिक वांछित अपराधियों की सूची में शामिल किया है. कनाडा के स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, बराड़ देश के 25 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में पहले स्थान पर है. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर (करीब डेढ़ करोड़ रुपये) तक का इनाम देने की घोषणा की है.
सीबीसी न्यूज’ की रिपोर्ट के अनुसार, 32 वर्षीय गोल्डी बराड़ हत्या और हत्या की साजिश रचने के आरोपों में वांछित है. पुलिस को संदेह है कि उसने कनाडा में कई आपराधिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. कनाडा की पुलिस सेवाओं के साथ मिलकर काम करने वाले निजी गैर-लाभकारी जन सुरक्षा संगठन ‘बीओएलओ प्रोग्राम’ ने भी बृहस्पतिवार को जारी 25 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में बराड़ को शीर्ष पर रखा है. उसकी कनाडा या अमेरिका में गिरफ्तारी से जुड़ी सूचना देने पर इनाम दिया जाएगा.
सुखा दुनेके की हत्या के मामले में तलाश रही पुलिस
विन्निपेग पुलिस गोल्डी बराड़ को 39 वर्षीय सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुखा दुनेके की हत्या के मामले में तलाश रही है. गिल का शव 20 सितंबर 2023 को विन्निपेग के उत्तर-पश्चिमी इलाके में हेजलटन ड्राइव स्थित एक मकान में मिला था. गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी. रिपोर्ट के अनुसार, सुखा दुनेके की भारत में प्रतिद्वंद्वी गिरोहों के साथ लंबे समय से दुश्मनी थी. उस पर जबरन वसूली करने और भारत में अपने गिरोह के सदस्यों को पैसे भेजने के आरोप भी थे.
पुलिस हत्या के दो अन्य मामलों में भी गोल्डी बराड़ की तलाश कर रही है. इनमें वर्ष 2023 में ब्रिटिश कोलंबिया में खालिस्तान समर्थक अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का मामला भी शामिल है.
छात्र वीजा पर कनाडा पहुंचा था गोल्डी बराड़
पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले का रहने वाला गोल्डी बराड़ वर्ष 2017 में छात्र वीजा पर भारत से कनाडा गया था. वह लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का विश्वसनीय सदस्य रहा है. भारतीय अधिकारियों का मानना है कि वह बराड़-रोहित गोदारा-काला जठेड़ी गिरोह का भी हिस्सा है. भारत से संचालित अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध गिरोहों के खिलाफ संघीय स्तर पर कई वर्षों तक चली जांच ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ में जिन भगोड़ों की पहचान की गई थी, उनमें गोल्डी बराड़ भी शामिल था.
