UGC Fake University List 2026: यूजीसी ने देशभर में बिना मान्यता और कानूनी अधिकार के डिग्री बांटने वाले संस्थानों को लेकर छात्रों, पेरेंट्स और आम जनता को एक बार फिर सतर्क किया है. आयोग की ओर से जारी ताजा एडवाइजरी के अनुसार देश के 12 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में फर्जी यूनिवर्सिटी की कुल संख्या बढ़कर 32 हो गई है, जो 3 साल पहले मार्च 2023 में 20 थी. चौंकाने वाली बात यह है कि मार्च 2023 की लिस्ट में शामिल 20 में से 18 संस्थान अब भी नई सूची में बने हुए हैं.
देश की राजधानी दिल्ली इस मामले में सबसे आगे हैं, जहां फर्जी संस्थानों की संख्या 2023 के 8 से बढ़कर अब 12 हो गई है. दिल्ली के बाद उत्तर प्रदेश में 4 संस्थान चिन्हित किए गए हैं. यूजीसी ने अपने एक्स अकाउंट और वेबसाइट पर राज्यवार पूरी लिस्ट जारी करते हुए साफ किया है कि यूजीसी अधिनियम 1956 के तहत अधिकृत न होने वाले संस्थानों की ओर से दी गई डिग्री उच्च शिक्षा या रोजगार के लिए मान्य नहीं होगी.
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद जारी हुई नई एडवाइजरी
यूजीसी ने यह चेतावनी सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद जारी की है. दरअसल उत्तर प्रदेश के एटा में एक फार्म हाउस में कथित फर्जी मेडिकल कॉलेज संचालित होने की खबरों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने हस्तक्षेप किया था. कोर्ट ने 9 अक्टूबर को अपने आदेश में यूजीसी और दूसरे नियामक संस्थाओं को निर्देश दिया था कि वह संभावित छात्रों को अनाधिकृत शिक्षण संस्थानों में एडमिशन लेने से सावधान करने के लिए सार्वजनिक एडवाइजरी जारी करें. इससे पहले भी यूजीसी ने अप्रैल 2023 में राज्य शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखकर यूजीसी अधिनियम 1956 का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर कार्रवाई करने को कहा था, जिसके बाद जुलाई और सितंबर में भी पत्र भेज कर 15 दिनों के अंदर अनुपालन रिपोर्ट मांगी गई थी. वहीं अगस्त 2026 में शिक्षा मंत्रालय ने संसद को सूचित किया था कि राज्यों को अनाधिकृत संस्थाओं के खिलाफ एफआईआर करने और उन्हें बंद करने के कदम उठाने को कहा गया था.
सभी 32 फर्जी यूनिवर्सिटी की राज्यवार सूची
दिल्ली की फर्जी यूनिवर्सिटी
- माउंटेन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी
- वर्ल्ड पीस ऑफ यूनाइटेड नेशंस यूनिवर्सिटी (WPUNU)
- इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग
- नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट सॉल्यूशन
- ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एंड फिजिकल हेल्थ साइंसेज (AIIPHS) स्टेट गवर्नमेंट यूनिवर्सिटी
- कमर्शियल यूनिवर्सिटी लिमिटेड
- यूनाइटेड नेशंस यूनिवर्सिटी
- वोकेशनल यूनिवर्सिटी
- ADR-सेंट्रिक ज्यूरिडिकल यूनिवर्सिटी
- इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड इंजीनियरिंग
- विश्वकर्मा ओपन यूनिवर्सिटी फॉर सेल्फ-एम्प्लॉयमेंट
- आध्यात्मिक विश्वविद्यालय (स्पिरिचुअल यूनिवर्सिटी)
उत्तर प्रदेश की फर्जी यूनिवर्सिटी
- गांधी हिंदी विद्यापीठ, प्रयागराज
- नेताजी सुभाष चंद्र बोस यूनिवर्सिटी (ओपन यूनिवर्सिटी)
- भारतीय शिक्षा परिषद
- महामाया टेक्निकल यूनिवर्सिटी
आंध्र प्रदेश की फर्जी यूनिवर्सिटी
- क्राइस्ट न्यू टेस्टामेंट डीम्ड यूनिवर्सिटी
- बाइबल ओपन यूनिवर्सिटी ऑफ इंडिया
कर्नाटक की फर्जी यूनिवर्सिटी
- ग्लोबल ह्यूमन पीस यूनिवर्सिटी
- सर्व भारतीय शिक्षा पीठ
केरल की फर्जी यूनिवर्सिटी
- इंटरनेशनल इस्लामिक यूनिवर्सिटी प्रोफेटिक मेडिसिन (IIUPM)
- सेंट जॉन्स यूनिवर्सिटी, किशनट्टम, केरल
महाराष्ट्र की फर्जी यूनिवर्सिटी
- राजा अरबी यूनिवर्सिटी, नागपुर
- नेशनल बैकवर्ड कृषि विद्यापीठ
पुडुचेरी की फर्जी यूनिवर्सिटी
- उषा लच्छू मनन कॉलेज ऑफ एजुकेशन
- श्री बोधि एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन
पश्चिम बंगाल की फर्जी यूनिवर्सिटी
- इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव मेडिसिन
- इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव मेडिसिन एंड रिसर्च
राजस्थान की फर्जी यूनिवर्सिटी
- राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट
अरुणाचल प्रदेश की फर्जी यूनिवर्सिटी
- इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव मेडिसिन
हरियाणा की फर्जी यूनिवर्सिटी
- मैजिक एंड आर्ट यूनिवर्सिटी, 308A, दशमेश प्लाजा
झारखंड की फर्जी यूनिवर्सिटी
- दक्षा यूनिवर्सिटी (वोकेशनल और लाइफ स्किल एजुकेशन)
ये भी पढ़ें-UP Special TET Result 2026: UP स्पेशल TET का रिजल्ट 17 दिन में ही जारी, 59 फीसदी अभ्यर्थी हुए फेल
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI
