Headlines

राजस्थान पंचायत चुनाव में हार पर मदन दिलावर का बयान, बोले- जनता के फैसले का स्वागत


राजस्थान में पंचायत चुनावों के परिणामों ने प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है. चुनावी नतीजों में कांग्रेस को मिली बढ़त और बीजेपी के कई क्षेत्रों में पिछड़ने के बाद अब सत्तारूढ़ दल के सामने हार के कारणों पर मंथन की चुनौती है. खास बात यह है कि सरकार के मंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों के प्रभाव वाले इलाकों में भी बीजेपी को अपेक्षित चुनावी सफलता नहीं मिलने की चर्चा है. ऐसे में पंचायत चुनावों के परिणामों को लेकर शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर का बयान भी सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है.

दरअसल शिक्षा मंत्री मदन दिलावर कोटा स्थित एक इनोवेशन लैब के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. इसी दौरान एबीपी संवाददाता आसिफ खान ने उनसे राजस्थान के पंचायत चुनाव परिणामों, बीजेपी के प्रदर्शन और आने वाले कोटा-बारां के चुनावी नतीजों को लेकर सीधा सवाल किया.

प्रदेश में पंचायत चुनावों के परिणामों में बीजेपी के प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर दिलावर ने हार को लेकर कोई बहाना बनाने के बजाय जनता के फैसले को स्वीकार करने की बात कही. उन्होंने कहा कि हम जनता के आदेश का स्वागत करते हैं. हमारी पार्टी इस पर गंभीरता से विचार करेगी और मंथन करेगी. कहां हमारी कमी रही, किन वजहों से अपेक्षित परिणाम नहीं मिले, उन सभी पहलुओं पर विचार कर कमियों को सुधारने का प्रयास किया जाएगा.

बूंदी-झालावाड़ के बाद कोटा-बारां पर भी नजरें

बातचीत के दौरान जब मदन दिलावर से बूंदी और झालावाड़ के चुनाव परिणामों का हवाला देते हुए पूछा गया कि क्या कोटा और बारां में भी बीजेपी को इसी तरह के परिणामों का सामना करना पड़ सकता है, तो उन्होंने कहा कि इसका पता तो मतदान पेटियां खुलने के बाद ही चलेगा. यानी उन्होंने फिलहाल परिणामों को लेकर किसी तरह की टिप्पणी करने से परहेज किया.

‘पर्ची वाले CM से छुटकारा पाना चाहती है जनता’, पंचायत चुनाव के नतीजों पर बोले डोटासरा

कोटा-बारां में बीजेपी की शत-प्रतिशत जीत का दावा

हालांकि, जब बात 17 दिसंबर को आने वाले कोटा-बारां के चुनाव परिणामों की आई तो शिक्षा मंत्री का अंदाज बदला हुआ नजर आया. उन्होंने यहां बीजेपी की जीत को लेकर पूरा भरोसा जताते हुए शत-प्रतिशत जीत का दावा किया. उनके इस बयान के बाद अब कोटा-बारां के चुनाव परिणामों को लेकर सियासी चर्चाएं और तेज हो गई हैं.

एक तरफ मंथन, दूसरी तरफ जीत का भरोसा

पंचायत चुनावों के नतीजों पर दिलावर का बयान राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है. एक तरफ वे प्रदेश में आए परिणामों को जनता का आदेश बताते हुए पार्टी की ओर से गंभीर मंथन और कमियों में सुधार की बात कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ कोटा-बारां में बीजेपी की शत-प्रतिशत जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि 17 दिसंबर को आने वाले नतीजे मंत्री के इस दावे पर कितने खरे उतरते हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *