Headlines

सोनिया गांधी का इटली का बचपन वाला घर बनेगा म्यूजियम, किसने उठाया बड़ा कदम?


कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का इटली स्थित बचपन का घर जल्द ही एक म्यूजियम में तब्दील हो सकता है. इस पहल के पीछे इटली में बसे भारतीय मूल के सिख व्यवसायी सुखदेव सिंह कांग हैं, जिन्होंने 6 साल पहले यह संपत्ति खरीदी थी. वह अब सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात करने की प्लानिंग कर रहे हैं, ताकि इस प्रस्तावित म्यूजियम में प्रदर्शित करने के लिए गांधी और माइनो परिवार से जुड़ी यादगार चीजें हासिल की जा सकें.

न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए इंटरव्यू में सुखदेव सिंह कांग ने बताया कि इस घर को अब ‘इंडियन हाउस’ के नाम से जाना जाता है और इस पर भारतीय तिरंगा लहराता है. घर के बाहर लगी नेमप्लेट पर इसे ‘सोनिया गांधी की जन्मस्थली’ के रूप में दर्शाया गया है. सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को इसी घर में हुआ था और उन्होंने अपने शुरुआती बचपन के दिन यहीं बिताए थे.

होशियारपुर से इटली तक का सफर 

सुखदेव सिंह कांग मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर जिले के एक गांव के रहने वाले हैं. वे 1992 में इटली गए थे और तब से वहीं बस गए हैं. शुरुआती संघर्षों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि इटली में बसना आसान नहीं था और उन्होंने शुरुआत में डेयरी फार्म, कृषि क्षेत्र और एक फैक्ट्री में भी काम किया.

घर खरीदने के वाकये का जिक्र करते हुए कांग ने बताया कि उन्हें इटली में अपने कुछ संपर्कों से पता चला था कि इस बात की इच्छा जताई जा रही है कि यह घर किसी भारतीय और सिख परिवार के पास ही जाए. इसके बाद साल 2020 में उन्होंने अपनी पत्नी और बेटी के नाम पर यह घर खरीद लिया. उन्होंने इसकी देखभाल के लिए एक केयरटेकर नियुक्त किया है, जो वहां आने वाले पर्यटकों को घर दिखाने में मदद करता है. कांग प्रॉपर्टी टैक्स सहित इस संपत्ति के रखरखाव पर हर साल करीब 1,000 यूरो खर्च करते हैं.

गुरुद्वारा बनाने और किराए पर देने के प्रस्ताव ठुकराए

कांग और उनका परिवार गांधी परिवार का बड़ा प्रशंसक है और वे हर साल एक बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित कर सोनिया गांधी का जन्मदिन मनाते हैं. उन्होंने बताया कि जब से उन्होंने यह घर खरीदा है, इसे इसके मूल रूप में ही संजोकर रखा है, ताकि इसे एक म्यूजियम के रूप में विकसित किया जा सके. उनका मानना है कि म्यूजियम बनने के बाद यह इटली घूमने आने वाले भारतीयों के लिए एक प्रमुख पर्यटन स्थल बनेगा, जिससे स्थानीय गांव की अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा.

कांग के इस फैसले में उनकी पत्नी और बेटी भी पूरी तरह साथ हैं. उन्होंने खुलासा किया कि उनके परिवार ने पहले इस संपत्ति को किराए पर देने या इसे गुरुद्वारे में बदलने के प्रस्तावों को ठुकरा दिया था, क्योंकि वे सोनिया गांधी और माइनो परिवार से जुड़े इसके ऐतिहासिक महत्व को बरकरार रखना चाहते थे.

यह भी पढ़ें : उपराष्ट्रपति से लेकर CM विजय तक…, काव्या-अनिरुद्ध के रिसेप्शन में जुटीं बड़ी राजनीतिक हस्तियां



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *