पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच दोबारा गठबंधन की चर्चाओं ने राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है. इस बीच कांग्रेस नेता और पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने दोनों दलों पर निशाना साधा है. अमृतसर में उन्होंने कहा कि बीजेपी और अकाली दल ने गठबंधन टूटने के समय एक-दूसरे के खिलाफ कई गंभीर बातें कही थीं. अब चुनाव से ठीक पहले दोनों दल फिर साथ आने की कोशिश कर रहे हैं.
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने इसे पूरी तरह अवसरवादिता बताया. उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सब कुछ समझती है और दोनों दलों को जनता को जवाब देना चाहिए कि आखिर अब ऐसा क्या बदल गया है, जिसकी वजह से वे फिर एक साथ आना चाहते हैं.
सचिन पायलट ने बीजेपी और अकाली दल के संभावित गठबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि दोनों दल पंजाब में अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं. उन्होंने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जनता ने दोनों दलों को नकार दिया है. ऐसे में अब चुनाव से ठीक पहले दोनों एक-दूसरे का सहारा लेने की कोशिश कर रहे हैं.
कथा के लिए पठानकोट पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री बोले, ‘हिंदू और सिख दो नहीं, एक हैं’
पायलट ने कहा, “मुझे लगता है कि दोनों दल पंजाब में अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं. विधानसभा चुनाव हों या लोकसभा चुनाव, बीजेपी और अकाली दल को जनता ने नकार दिया है. अब मजबूरी में दोनों एक-दूसरे का दामन थाम रहे हैं, वह भी चुनाव से ठीक पहले. जनता समझती है कि आप पूरे पांच साल अलग-अलग रहे. इस दौरान आपने एक-दूसरे के खिलाफ क्या-क्या बातें नहीं कहीं.”
#WATCH | Amritsar, Punjab: Congress leader and Punjab Congress in-charge Sachin Pilot says, “The BJP said so many things against the Akali Dal when their alliance ended. Consider the reasons why that partnership broke apart; have those reasons ceased to exist, given the reports now circulating in the media that the Akali Dal and the BJP are set to form an alliance once again?… It seems to me that both parties are struggling to find a foothold in Punjab. Whether it was the Assembly elections or the Lok Sabha elections, the public rejected both the BJP and the Akali Dal. Now, out of sheer necessity, they are turning back to each other… this is nothing but pure opportunism. The people of Punjab desire change, and the credibility of the Aam Aadmi Party (AAP) govt has completely collapsed. The public wants change and change will come, and if any party can offer a better alternative, it is the Congress…” On seat distribution in Congress ahead of Punjab elections, he says, “Our meeting is scheduled for tomorrow. We have already formed the State Election Committee and the Screening Committee; we will meet soon at the headquarters. Candidates will be selected based on merit and their potential to win; tickets will be awarded to those who deserve them, following a thorough review of feedback… While there are many aspirants, only one person will receive the ticket. The entire family will work together to contest the election.”
— ANI (@ANI) November 23, 2026
ड्रग्स और कृषि कानूनों को लेकर भी घेरा
कांग्रेस नेता ने गठबंधन टूटने के पुराने कारणों का जिक्र करते हुए ड्रग्स और तीन कृषि कानूनों के मुद्दे पर भी दोनों दलों को घेरा. उन्होंने कहा, “ड्रग्स के मुद्दे पर सवाल उठाए गए, तीन कृषि कानूनों को लेकर विवाद हुआ और किसान आंदोलन के दौरान कितने लोगों की जान चली गई. अकाली दल और बीजेपी को जनता को जवाब देना चाहिए कि आखिर किन कारणों से वे आज फिर एक साथ आ रहे हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “मेरा मानना है कि यह पूरी तरह अवसरवादिता है. पंजाब के लोग बदलाव चाहते हैं. आम आदमी पार्टी की सरकार का इकबाल पूरी तरह खत्म हो चुका है. जनता बदलाव चाहती है और यह बदलाव होगा. अगर कोई बेहतर वैकल्पिक व्यवस्था दे सकता है तो वह कांग्रेस पार्टी है.”
AAP सरकार पर भी साधा निशाना
सचिन पायलट ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को भी निशाने पर लिया. उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा, “पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है और बेहद संवेदनशील भी है. यहां एक जिम्मेदार सरकार की जरूरत है. लेकिन मुख्यमंत्री ने पिछले पांच साल में सिर्फ चुटकुले सुनाए और हंसी-मजाक किया है. उन्होंने किसी भी मुद्दे पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की. अब तो आम आदमी पार्टी के अपने ही विधायकों और सांसदों का पार्टी की सरकार से भरोसा उठ चुका है. ऐसे में जनता उन पर कैसे विश्वास करेगी?”
उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर किया बड़ा दावा
पंजाब के साथ-साथ सचिन पायलट ने उत्तर प्रदेश की राजनीति पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश में पिछले 10 साल से बीजेपी की सरकार है और लोकसभा चुनाव में उसे अच्छी-खासी हार का सामना करना पड़ा. इस बार भी हमारा समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन होगा. बहुत जल्द सीटों का बंटवारा फाइनल कर लिया जाएगा. उत्तर प्रदेश में एक बार फिर अखिलेश यादव और कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी.”
पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारियों पर भी सचिन पायलट ने जानकारी दी. उन्होंने बताया, “हमारी बैठक कल निर्धारित है. हमने पहले ही प्रदेश चुनाव समिति और स्क्रीनिंग कमेटी का गठन कर दिया है. जल्द ही मुख्यालय में हमारी बैठक होगी. उम्मीदवारों का चयन उनकी योग्यता और चुनाव जीतने की क्षमता के आधार पर किया जाएगा.”
पंजाब चुनाव: गठबंधन पर BJP के प्रदेश अध्यक्ष बोले, ‘हमारा अभी भी यही रुख है कि…’
उन्होंने आगे कहा, “फीडबैक की पूरी तरह समीक्षा करने के बाद ही योग्य उम्मीदवारों को टिकट दिया जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि दावेदारों की संख्या भले ही ज्यादा हो, लेकिन टिकट केवल एक ही व्यक्ति को मिलेगा. पूरा परिवार एकजुट होकर चुनाव लड़ने का काम करेगा.”
सचिन पायलट ने पंजाब में बीजेपी-अकाली दल के संभावित गठबंधन को लेकर सवाल उठाए और कांग्रेस को बदलाव का विकल्प बताया. साथ ही उन्होंने साफ किया कि पार्टी चुनाव की तैयारियों में जुटी है और उम्मीदवारों का चयन जीतने की क्षमता और फीडबैक के आधार पर किया जाएगा.
