अगर आपने बैंक से लोन लिया है या नया खाता खुलवाया है, तो हो सकता है कि आपको इसी दौरान कोई इंश्योरेंस पॉलिसी भी बेचने की कोशिश की गई हो. कई बार ग्राहकों को बीमा के फायदे और शर्तें ठीक से बताए बिना पॉलिसी बेच दी जाती है. बाद में जब क्लेम करने की बारी आती है, तो पॉलिसी की शर्तों और कवरेज को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ता है. इंश्योरेंस ओम्बड्समैन के मुताबिक, बीमा कंपनियों और एजेंटों की ओर से गलत तरीके से पॉलिसी बेचना यानी मिस-सेलिंग एक बड़ी परेशानी है.
इंश्योरेंस ओम्बड्समैन ने एक इंटरव्यू में कहा कि मिस-सेलिंग के पीछे सिर्फ एजेंट की गलती नहीं होती, बल्कि कमीशन, बिक्री के लक्ष्य, ट्रेनिंग और कंपनियों की निगरानी में कमी जैसे कई कारण जिम्मेदार हैं. मिस-सेलिंग को रोकने के लिए सिर्फ कमीशन घटाना काफी नहीं होगा, बल्कि बिक्री की पूरी प्रक्रिया में बदलाव जरूरी है. उन्होंने बताया कि मुंबई ऑफिस में लंबित शिकायतों की संख्या 23 दिसंबर 2024 के 3,155 से घटकर 12 नवंबर 2026 तक 1,700 रह गई है. हालांकि, बीमा से जुड़ी शिकायतों में हेल्थ इंश्योरेंस के मामले सबसे ज्यादा हैं.
कमीशन के लालच में गलत पॉलिसी बेचने का आरोप
इंश्योरेंस ओम्बड्समैन के अनुसार, कई एजेंट ग्राहक की जरूरत समझने के बजाय ज्यादा कमीशन वाले प्रोडक्ट बेचने पर ध्यान देते हैं. कुछ बैंक कर्मचारी इंश्योरेंस को निवेश या फिक्स्ड डिपॉजिट के ऑप्शन के रूप में पेश करते हैं. कई बार लोन मंजूर कराने, बैंक खाता खोलने या लॉकर लेने के दौरान भी ग्राहकों को बीमा खरीदने के लिए प्रेरित किया जाता है. इसके अलावा, ज्यादा बिक्री पर मिलने वाले इनाम और कंपनियों के कर्मचारियों की अधूरी ट्रेनिंग भी गलत तरीके से पॉलिसी बेचने की समस्या बढ़ाती है.
मिस-सेलिंग रोकने के लिए क्या बदलाव जरूरी?
ओम्बड्समैन का मानना है कि एजेंटों को सिर्फ पॉलिसी बेचने पर नहीं, बल्कि ग्राहक को सही प्रोडक्ट देने और उसकी शर्तें समझाने पर भी प्रोत्साहन मिलना चाहिए. बिक्री के दौरान ग्राहक और एजेंट के बीच हुई पहली बातचीत रिकॉर्ड की जानी चाहिए. कंपनियों को पॉलिसी के डॉक्युमेंट्स आसान शब्दों में तैयार करने और एजेंटों की नियमित जांच करने की भी जरूरत है.
सबसे ज्यादा शिकायतें हेल्थ इंश्योरेंस में
ओम्बड्समैन के मुताबिक, इस साल अब तक मिली शिकायतों में 79% हेल्थ इंश्योरेंस, 17% लाइफ इंश्योरेंस और 4% जनरल इंश्योरेंस से जुड़ी हैं. हेल्थ इंश्योरेंस में इलाज अस्पताल के खर्च , पॉलिसी की शर्तों और क्लेम मंजूरी को लेकर विवाद ज्यादा होते हैं. अप्रैल से नवंबर 2026 के बीच हेल्थ इंश्योरेंस से जुड़ी 1,680 शिकायतों में से 1,608 क्लेम खारिज होने से संबंधित थीं.
Solar Panel: अब सरकार ला रही है स्मार्ट ग्रिड, सूर्य घर योजना में नया धमाका
