बेंगलुरु की एक म्यूजिकल शाम उस वक्त यादगार बन गई, जब श्रेया घोषाल की आवाज के साथ बॉलीवुड के सितारों ने भी स्टेज पर अपना जादू बिखेरा। The Unstoppable India Tour के पहले कॉन्सर्ट में श्रेया ने ऐसा माहौल बनाया कि दर्शकों को एक के बाद एक सरप्राइज मिलते रहे। इस शाम की सबसे दिलचस्प झलक रही श्रद्धा कपूर की एंट्री। सफेद साड़ी में स्टेज पर पहुंचीं श्रद्धा ने अपनी फिल्म ‘ईठा’ के गाने ‘जी जी रे जी’ पर डांस करके सबका ध्यान खींच लिया। लेकिन असली नॉस्टैल्जिया तब देखने को मिला, जब श्रेया ने उन्हें ‘आशिकी 2’ का गाना ‘सुन रहा है ना तू’ गाने के लिए बुलाया। दोनों की इस जुगलबंदी ने फैंस को आरोही और उसकी कहानी की याद दिला दी। वहीं दूसरी तरफ बादशाह की एंट्री ने कॉन्सर्ट का माहौल और भी जोशीला कर दिया। श्रेया के साथ उन्होंने अपने गाने ‘माहिया’ पर परफॉर्म किया। खास बात ये रही कि श्रेया ने हजारों दर्शकों के साथ बादशाह का लेट बर्थडे भी सेलिब्रेट किया। इस दौरान दोनों की दोस्ती और शानदार बॉन्डिंग भी देखने को मिली। इतना ही नहीं, वायरल गाने ‘कल्याणी’ से जुड़े कलाकारों ने भी स्टेज पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। करीब 15 हजार दर्शकों की मौजूदगी में सजी इस शाम ने साबित कर दिया कि अच्छा संगीत और अचानक मिलने वाले सरप्राइज किसी भी कॉन्सर्ट को खास बना सकते हैं।
