पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की ओर से उनकी विदेश यात्राओं पर शुरू की गई जांच पर जवाब दिया है. नवीन पटनायक ने कहा है कि मुझ पर और मेरे अधिकारियों पर लगाए गए झूठे इल्जामों का समय आने पर करारा जवाब दिया जाएगा.
पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा है कि “मैंने विदेश यात्राएं बहुत कम की हैं, सभी ये यात्राएं केवल ओडिशा से जुड़े कार्यों के लिए थीं, जिनमें से कुछ राज्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण थे. मुझे पता है कि मेरी और मेरे अधिकारियों की विदेश यात्राओं को लेकर कुछ झूठे आरोप लगाए गए हैं. इसका उचित जवाब दिया जाएगा.”
विदेश यात्राओं की जांच
इससे पहले, 21 नवंबर को ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और सेवानिवृत्त IAS अधिकारी वी के पांडियन की 2022 से 2024 के दौरान की गई विदेश यात्राओं की जांच के लिए आदेश दिए थे. यह कार्रवाई उन आरोपों के बाद की गई है जिनमें इन यात्राओं पर हुए खर्च के ब्योरे को ‘संदेहास्पद’ बताते हुए सवाल उठाये गये थे.
पूर्व IAS पांडियन और IPS रवि कांत की भी जांच
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव इस मामले की जांच करेंगे. विज्ञप्ति में जापान और इटली की यात्राओं का जिक्र करते हुए कहा गया, ‘‘विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, यह बात सामने आई है कि पूर्व मुख्यमंत्री पटनायक, सेवानिवृत्त IAS अधिकारी पांडियन और IPS अधिकारी रवि कांत ने 2022-23 और 2023-24 के दौरान कई बार विदेश यात्राएं कीं.’’
जापान और इटली की कीं यात्राएं
इसमें कहा गया है कि यह जांच जापान और इटली की यात्राओं पर हुए खर्च के उन ब्योरे के आधार पर शुरू करने का आदेश दिया गया है, जिन्हें सूचना के अधिकार (RTI) के तहत दाखिल विभिन्न आवेदनों के जरिए प्राप्त किया गया था और जिन्हें ‘संदेहास्पद, अपारदर्शी और अधूरा’ बताया गया है.इसमें आरोप लगाया गया कि इन यात्राओं से जुड़ी जानकारी जानबूझकर गोपनीय रखी गई, जिसके कारण आंकड़ों में विसंगतियां सामने आईं. CMO ने कहा, ‘‘इन आरोपों के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने सच्चाई सामने लाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं.’’
