Headlines

कोटा में 130 करोड़ से बनेगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, ओम बिरला ने किया भूमि पूजन


शिक्षा नगरी कोटा के खेल जगत के लिए बुधवार का दिन महत्वपूर्ण रहा. शहर को अंतरराष्ट्रीय खेल सुविधाओं की सौगात मिलने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जेके पवेलियन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और विश्वस्तरीय तरणताल (एक्वाटिक सेंटर) का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया. 

करीब 130 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होने वाली इन दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का निर्माण वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

10 हजार दर्शक एक साथ देख सकेंगे क्रिकेट मुकाबले

प्रस्तावित जेके पवेलियन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को आधुनिक खेल सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा. स्टेडियम में करीब 10 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी. क्रिकेट प्रेमियों के लिए यहां दिन के साथ रात में भी मुकाबले देखने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अत्याधुनिक फ्लड लाइट लगाई जाएंगी. इसके अलावा स्टेडियम के चारों ओर सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे क्रिकेट के साथ एथलेटिक्स गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा.

ओलंपिक मानकों के अनुरूप बनेगा एक्वाटिक सेंटर

क्रिकेट स्टेडियम के साथ ही कोटा में विश्वस्तरीय एक्वाटिक सेंटर भी विकसित किया जाएगा. इसमें ओलंपिक खेलों के निर्धारित मानकों के अनुरूप इंडोर स्विमिंग पूल तैयार होगा. इससे तैराकी के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के बीच अभ्यास करने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा. इंडोर सुविधा होने से मौसम की बाधाओं के बिना तैराकी गतिविधियों को संचालित करने में भी मदद मिलेगी.

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर

दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद कोटा में क्रिकेट, तैराकी और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित होंगी. स्थानीय खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और अभ्यास के अवसर मिलेंगे. साथ ही शहर में बड़े खेल आयोजनों की संभावनाएं भी बढ़ेंगी.

खेलों के क्षेत्रों में दोनों प्रोजेक्ट्स अहम

कोटा में शिक्षा के साथ खेलों के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने की दिशा में इन परियोजनाओं को अहम माना जा रहा है. अब सभी की निगाहें निर्धारित समय सीमा यानी 2028 तक निर्माण कार्य पूरा होने और इन आधुनिक खेल सुविधाओं के खिलाड़ियों के लिए शुरू होने पर रहेंगी.

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर,शिक्षा मंत्री मदन दिलावर,विधायक संदीप शर्मा,विधायक कल्पना देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें: पंचायत चुनाव के नतीजों पर अशोक गहलोत का BJP पर निशाना, बोले- ‘अब तक अहंकार…’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *