Headlines

PM Kisan: क्या बढ़ने वाला है पीएम किसान योजना का बजट, कहां हो रही यह मांग?


PM Kisan Samman Nidhi: केंद्र सरकार की तरफ से पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को हर साल 6,000 रुपये मिलते हैं. यह पैसा तीन किस्तों में 2,000-2,000 रुपये करके सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जाता है. लेकिन बीज, खाद, कीटनाशक और खेती से जुड़ी दूसरी चीजों के दाम में लगातार हो रही बढ़ोतरी की वजह से किसानों को मिलने वाली यह मदद कम पड़ने लगी है. 

इसी को देखते हुए भारतीय किसान संघ ने केंद्र सरकार से पीएम किसान योजना का बजट बढ़ाने की मांग की है. संगठन ने आने वाले आम बजट 2027-28 के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को 17 सुझाव दिए हैं. इनमें सिर्फ पीएम किसान योजना ही नहीं, बल्कि दालों की सरकारी खरीद, देसी गाय पालन और जैविक खेती को बढ़ावा देने जैसी मांगें भी शामिल हैं.

पीएम किसान योजना का बजट बढ़ाने की मांग क्यों?

भारतीय किसान संघ का कहना है कि, खेती का खर्च लगातार बढ़ रहा है. बीज, खाद, कीटनाशक और कृषि मशीनों पर किसानों को पहले के मुकाबले ज्यादा पैसा खर्च करना पड़ रहा है. ऐसे में पीएम किसान योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक मदद भी बढ़ाई जानी चाहिए. फिलहाल पात्र किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये दिए जाते हैं.  हालांकि, किसान संघ ने यह मांग तो रखी है कि, योजना का बजट और सहायता बढ़ाई जाए, लेकिन कितनी रकम की बढ़ोतरी होनी चाहिए, इसका कोई निश्चित आंकड़ा सामने नहीं रखा है. 

दालों की पूरी सरकारी खरीद की मांग

इसके साथ ही किसान संघ ने सरकार से दालों की 100 फीसदी खरीद की मांग भी की है. दरअसल, कई बार किसान मेहनत से फसल तैयार करते हैं, लेकिन बाजार में सही भाव नहीं मिलने से उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है. अगर सरकार दालों की पूरी खरीद करती है, तो किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर विकल्प मिल सकता है. इससे देश में दालों का उत्पादन बढ़ाने और दूसरे देशों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिल सकती है.

यह भी पढ़ें: गन्ने की खेती पर मुफ्त बीज और सब्सिडी, किसानों को मिलेंगे 15 हजार रुपये!

देसी गाय पालने पर मिले प्रोत्साहन

संगठन ने छोटे और सीमांत किसानों को देसी गाय पालने के लिए आर्थिक मदद देने का सुझाव दिया है. इसके पीछे मकसद गोबर और गोमूत्र से जैविक खाद तैयार करना और खेती में रासायनिक खादों का इस्तेमाल कम करना है. संगठन चाहता है कि, किसानों को उनके इलाके के मौसम के हिसाब से देसी गाय पालने के लिए प्रोत्साहित किया जाए.

जैविक खेती और अच्छे बीजों के लिए भी मांगा बजट

किसान संघ ने प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए भी ज्यादा बजट देने की मांग की है. संगठन का कहना है कि, जैविक तरीके से उगाई गई फसलों की खरीद, भंडारण, पैकिंग और बिक्री के लिए अलग व्यवस्था होनी चाहिए. 

इसके अलावा किसानों को ऐसे पारंपरिक बीज उपलब्ध कराने की मांग की गई है, जो सूखा, बाढ़, ज्यादा नमक वाली मिट्टी और कीटों का सामना कर सकें. इसके लिए कृषि विज्ञान केंद्रों के जरिए अच्छे बीजों का उत्पादन और वितरण करने का सुझाव दिया गया है.

यह भी पढ़ें: ड्रैगन फ्रूट की खेती पर 2 लाख तक की सब्सिडी, किसान ऐसे करें आवेदन



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *