आजकल बच्चों और किशोरों की जीवनशैली में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है. पढ़ाई का दबाव, स्क्रीन पर बढ़ता समय और खानपान की बदलती आदतों के बीच पोषण की कमी बढ़ती ज रही है. कई बार भोजन में पर्याप्त मात्रा में पोषक तत्व शामिल नहीं हो पाते, जिसका असर शरीर में उनकी उपलब्धता पर पड़ता है. विटामिन B12 भी ऐसा ही एक जरूरी पोषक तत्व है, जिसकी कमी को लेकर देश में सामने आए नए आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं.
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) और राष्ट्रीय पोषण संस्थान (NIN) के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में सामने आया है कि देश के करीब दो-तिहाई किशोरों में विटामिन B12 का स्तर कम है. रिपोर्ट के मुताबिक 10 से 19 साल की 65.4 परसेंट किशोरियों और 66.1 परसेंट किशोरों में इसकी कमी पाई गई. यानी यह समस्या केवल लड़कियों तक सीमित नहीं है, बल्कि लड़कों में भी लगभग उतनी ही है. ICMR-NIN ने रक्त में विटामिन B12 का स्तर 203 पिकोग्राम प्रति मिलीलीटर से कम होने पर इसे कमी की श्रेणी में रखा है.
दो लाख से ज्यादा लोगों पर हुआ सर्वेक्षण
ICMR-NIN ने साल 2023 से 2025 के बीच देश के 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 183 जिलों में यह सर्वेक्षण किया. इसमें 81 हजार से अधिक परिवारों के दो लाख से ज्यादा लोगों को शामिल किया गया. अलग-अलग आयु वर्ग और आय वर्ग में पोषण की स्थिति समझने के लिए करीब 1.7 लाख रक्त नमूनों की जांच भी की गई. इस सर्वेक्षण में सामने आए आंकड़े बताते हैं कि विटामिन B12 की कमी किसी एक उम्र या वर्ग की समस्या नहीं है. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक अलग-अलग आयु समूहों में इसका स्तर कम पाया गया है.
ग्रामीण इलाकों की किशोरियों में ज्यादा कमी
सर्वेक्षण के आंकड़ों में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच भी अंतर देखने को मिला है. ग्रामीण इलाकों की 66.5 परसेंट किशोरियों में विटामिन B12 की कमी पाई गई, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 61.7 परसेंट रहा. यानी ग्रामीण किशोरियों में यह समस्या अपेक्षाकृत ज्यादा है. किशोर लड़कों की स्थिति भी बहुत अलग नहीं है. शहरी क्षेत्रों में 68.6 परसेंट लड़कों में विटामिन B12 की कमी दर्ज की गई, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह आंकड़ा 65.3 परसेंट रहा.
यह भी पढ़ें: Hair Loss In Men: तेजी से झड़ रहे हैं बाल? तुरंत कराएं ये टेस्ट, कहीं अंदर न हो बड़ी बीमारी
छोटे बच्चों में भी चिंता बढ़ाने वाले आंकड़े
विटामिन B12 की कमी का असर केवल किशोरावस्था तक सीमित नहीं है. सर्वेक्षण में पांच से नौ साल की उम्र के 46.5 परसेंट बच्चों में इसका स्तर कम मिला. वहीं 12 से 59 महीने की उम्र के 37.3 परसेंट बच्चों में भी इसकी कमी दर्ज की गई. ये आंकड़े बताते हैं कि बचपन से ही पोषण की स्थिति पर ध्यान देने की जरूरत है. बच्चों के खानपान और नियमित स्वास्थ्य जांच को लेकर परिवारों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है.
महिलाओं और पुरुषों में भी कमी
स्टडी में वयस्क आबादी की स्थिति भी सामने आई है. 20 से 59 साल की उम्र की 55.2 परसेंट महिलाओं और 60.4 परसेंट पुरुषों में विटामिन B12 का स्तर कम पाया गया. वहीं 60 साल से अधिक उम्र की 41.2 परसेंट महिलाओं में भी इसकी कमी दर्ज की गई. गर्भवती महिलाओं के आंकड़े भी विशेष ध्यान देने वाले हैं. सर्वेक्षण के मुताबिक 63.1 परसेंट गर्भवती महिलाओं में विटामिन B12 की कमी मिली. स्तनपान कराने वाली महिलाओं में यह आंकड़ा 51.8 परसेंट रहा.
यह भी पढ़ें: Anaemia In Women: भारत में महिलाओं के लिए बड़ा खतरा, 56% में खून की कमी; सर्वे में खुलासा
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator
