समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिसीमन को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है. सपा चीफ ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक बयान जारी कर उन खबरों का भी लगभग खंडन कर दिया है जिनमें दावा किया जा रहा है कि लोकसभा और राज्यसभा से सपा, इस विधेयक के पेश होने के दौरान एब्सेंट रहेगी.
यूपी के पूर्व सीएम ने एक पोस्ट में लिखा- ‘परिसीमन’ भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा.
बता दें लोकसभा में सपा के 37 सांसद हैं. सपा के बारे में दावा किया जा रहा है कि यदि परिसीमन बिल सदन में पेश होता है तो पार्टी एब्सेंट हो जाएगी. जिससे केंद्र सरकार को जरूरी 360 मतों की संख्या अपने आप घट सकती है और बिल लोकसभा से पास होने की संभावना है.
केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया है. लोकसभा का सत्र 30 नवंबर को और राज्यसभा का सत्र 2 दिसंबर को बुलाया जाएगा. सरकार ने दोनों सदनों के पीठासीन अधिकारियों से इस संबंध में अनुरोध किया है.संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए इस बारे में जानकारी दी.
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से अनुरोध किया है कि वे आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा को सोमवार, 30 नवंबर 2026 को और राज्यसभा को बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को फिर से बुलाएं. कामकाज की जरूरतों को देखते हुए, दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर 2026 को समाप्त हो सकती है.
