Headlines

26/11 Mumbai Attacks: 26/11 हमले की याद दिलाती हैं ये 5 किताबें, जानें 2008 की उस रात की कहानी


26 नवंबर 2008 की रात मुंबई के लिए एक बेहद खौफनाक रात लेकर आई थी, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. शहर की सड़कों से लेकर रेलवे स्टेशन, होटल और सार्वजनिक स्थानों तक अचानक गोलियों और धमाकों की आवाजें गूंजने लगीं. आम लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित जगह तलाश रहे थे, वहीं पुलिस और सुरक्षाबलों के जवान आतंकियों का मुकाबला कर रहे थे. यह हमला इतना खतरनाक था कि इसे 18 साल बाद भी भुलाया नहीं जा सका है.

इस हमले में हुई तबाही, लोगों की बहादुरी, सुरक्षाबलों के ऑपरेशन और पीड़ित परिवारों के अनुभवों को समय-समय पर किताबों के जरिए सामने लाया गया है. कुछ लेखकों ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आपबीती दर्ज की, तो कुछ ने सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई और हमले से जुड़े दस्तावेजों को आधार बनाया. अगर आप 26/11 की घटना को अलग-अलग नजरियों से समझना चाहते हैं, तो ये पांच किताबें पढ़ सकते हैं.

The Siege: The Attack On The Taj

कैथी स्कॉट-क्लार्क और एड्रियन लेवी के द्वारा लिखी यह किताब मुंबई हमले के दौरान ताज महल पैलेस होटल के भीतर बने हालात को समझने का अवसर देती है. लेखकों ने व्यापक रिसर्च के आधार पर होटल में मौजूद लोगों, वहां के कर्मचारियों और ऑपरेशन से जुड़ी जानकारियों को एक साथ रखा है. इसमें होटल के संचालन से जुड़ी जानकारी के अलावा अजमल कसाब के मुकदमे से संबंधित कुछ ऐसे दस्तावेजों का भी इस्तेमाल किया गया है, जो पहले सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं थे. किताब के जरिए पाठक उस घेराबंदी के दौरान होटल के अंदर मौजूद लोगों की मुश्किलों और घटनाओं के क्रम को समझ सकते हैं.

26/11 Mumbai Attacked

पत्रकार हरिंदर बावेजा की यह किताब मुंबई हमले की घटनाओं को पत्रकारिता और जांच के नजरिए से सामने रखती है. इसमें रिपोर्टिंग, इंटरव्यू, पुलिस अधिकारियों के बयान और रिसर्च को आधार बनाया गया है. किताब में बताया गया है कि हमले की घटनाएं किस तरह आगे बढ़ीं और किस स्तर पर शहर को निशाना बनाया गया. जो पाठक पूरी घटना को केवल एक स्थान या होटल तक सीमित रखने के बजाय व्यापक रूप में समझना चाहते हैं, उनके लिए यह किताब एक विकल्प हो सकती है.

यह भी पढ़ें: JEE Main 2027 के लिए 15.69 लाख छात्रों ने भरा फॉर्म, 1.77 लाख की फीस बाकी

The Betrayal Of India: Revisiting The 26/11 Evidence

एलियास डेविडसन ने लिखी यह किताब बाकी किताबों से कुछ अलग नजरिया दिखाती है. इसमें लेखक ने 26/11 हमले से जुड़े आधिकारिक जानकारी और उपलब्ध एविडेंस का रिव्यू किया है. अदालत के दस्तावेजों और मीडिया रिपोर्टों को आधार बनाकर इसमें घटना पर सवाल उठाए गए हैं. यह पुस्तक एक अल्टरनेटिव और क्रिटिकल पर्स्पेक्टिव रखती है. हालांकि इसमें प्रस्तुत विचारों को लेखक का एनालिसिस समझकर पढ़ना चाहिए, न कि उन्हें प्रमाणित ऐतिहासिक तथ्यों का विकल्प मानना चाहिए.

14 Hours: An Insider’s Account Of The 26/11 Taj Attack

अंकुर चावला के द्वारा लिखी गई इस किताब की खासियत यह है कि इसके लेखक खुद उस रात ताज होटल में मौजूद थे. साल 2008 में अंकुर चावला होटल में ऑपरेशंस मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में काम कर रहे थे. उन्होंने अपने अनुभवों के आधार पर हमले के दौरान बीते भयावह घंटों का विवरण दिया है. होटल के भीतर कर्मचारियों और मेहमानों के बीच हुई गतिविधियां, डर और मुश्किल परिस्थितियों में लोगों की प्रतिक्रियाएं इस किताब में शामिल है.

Black Tornado: The Three Sieges Of Mumbai 26/11

अगर आप जानना चाहते हैं कि हमले के दौरान भारतीय सुरक्षाबलों ने किस तरह मोर्चा संभाला, तो यह किताब आपके लिए है. पत्रकार संदीप उन्नीथन ने इसमें संकट के दौरान तैनात सुरक्षाबलों, खासकर मरीन कमांडो की भूमिका पर ध्यान केंद्रित किया है. किताब में अलग-अलग स्थानों पर चलाए गए अभियानों और आतंकियों से निपटने की कार्रवाई का विवरण मिलता है. यह उस रात देश की सुरक्षा में जुटे जवानों के साहस और रणनीति को समझने का मौका देती है.

यह भी पढ़ें: यूपी के 60 हजार शिक्षकों को 10 साल बाद प्रमोशन, जानें दायरे में कौन-से टीचर्स?

Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *