दिल्ली में किसी महिला के साथ छेड़छाड़, घरेलू हिंसा या किसी दूसरी तरह की परेशानी हो, तो मदद के लिए कहां फोन करना है. अचानक आई इमरजेंसी में लोग अक्सर इसी उलझन में पड़ जाते हैं. इसी को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से अपने मोबाइल में दो नंबर सेव रखने की अपील की है.
उन्होंने 181 और 112 नंबर को फोन में सुरक्षित रखने के साथ परिवार के दूसरे सदस्यों को भी इनकी जानकारी देने को कहा है. सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश साझा कर कहा कि इन नंबरों को सिर्फ जानना काफी नहीं है, बल्कि याद रखना जरूरी है.
उन्होंने कहा कि सामान्य दिनों में लोगों को लगता है कि उन्हें पुलिस और इमरजेंसी के नंबर पता हैं, लेकिन मुसीबत आने पर अक्सर समझ नहीं आता कि किस नंबर पर कॉल करें. कोई 100 नंबर मिलाने के बारे में सोचता है, तो किसी को 101 याद आता है. ऐसे वक्त में मदद मांगने में देरी हो सकती है.
181 नंबर महिलाओं की सहायता के लिए
मुख्यमंत्री ने बताया कि 181 महिला सहायता हेल्पलाइन है. किसी महिला को छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, असुरक्षा या किसी अन्य तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, तो वह इस नंबर पर संपर्क कर सकती है. यह नंबर विशेष रूप से महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराने के लिए है.
112 पर पुलिस से लेकर एंबुलेंस तक मांग सकते हैं मदद
दूसरा नंबर 112 है, जिसे मुख्यमंत्री ने सामान्य आपात स्थितियों में मदद के लिए बताया. इस पर पुलिस, एंबुलेंस और फायर सर्विस सहित जरूरत के मुताबिक इमरजेंसी सहायता मांगी जा सकती है. यानी किसी भी तरह की आपात स्थिति में 112 पर कॉल किया जा सकता है.
परिवार के सदस्यों के फोन में भी सेव करवाएं नंबर
रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से कहा कि इन दोनों नंबरों को अपने मोबाइल में इमरजेंसी कॉन्टैक्ट के तौर पर सेव करें और घर के बाकी सदस्यों को भी बताएं. अगर आपके सामने कोई दूसरा व्यक्ति संकट में है, तो भी इन नंबरों के जरिए मदद मांगी जा सकती है.
मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा को साझा जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि दिल्ली की हर बेटी और हर महिला की सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने सुरक्षित दिल्ली बनाने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई.
दिल्ली: पार्किंग विवाद में तीसरी मंजिल से फेंका सिलेंडर, 28 साल के युवक की मौत
