बॉलीवुड एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह अपनी शानदार कॉमेडी और बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं. इन दिनों वो अपने पति परमीत सेठी के साथ रियलिटी शो ‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा’ में नजर आ रही हैं. शो में दोनों की केमिस्ट्री को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं.
हाल ही में शो में अर्चना और परमीत ने अपनी शादी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि कैसे दोनों परिवारों के विरोध के बावजूद उन्होंने शादी करने का फैसला किया था. इतना ही नहीं, दोनों घर से भागकर बेहद सादगी से शादी के बंधन में बंधे थे. शादी के अगले ही दिन अर्चना को काम पर भी जाना पड़ा था.
परिवार के खिलाफ जाकर की थी शादी
शो ‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा’ में अर्चना पूरन सिंह ने बताया कि उस वक्त उनके और परमीत के परिवार इस शादी के सख्त खिलाफ थे. ऐसे में दोनों ने बिना किसी बड़े जश्न के गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी.
इस बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘परमीत और मैंने सच में बिल्कुल गुपचुप शादी की थी. वहां सिर्फ चार लोग मौजूद थे, क्योंकि उस वक्त हमारे दोनों परिवार इसके सख्त खिलाफ थे. हमने कोई बड़ा जश्न नहीं मनाया. बस हम दोनों ने ये तय कर लिया था कि चाहे जो हो जाए, हम एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ेंगे.’
भागकर शादी करने का है इस बात का पछतावा
अर्चना ने ये भी बताया कि गुपचुप तरीके से शादी करने की वजह से उनके मन में एक मलाल रह गया था. उन्होंने कहा कि जब आप घर से भागकर शादी करते हैं, तो आपके पास शादी की कोई यादगार तस्वीरें नहीं होतीं. साथ ही आप अपने परिवार और करीबी दोस्तों के साथ उस खुशी को भी नहीं मना पाते.
इसी कमी को पूरा करने के लिए अब शादी के 34 साल बाद अर्चना और परमीत ने 12 दिसंबर को दोबारा शादी करने का फैसला किया है. इस बार दोनों परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में धूमधाम से शादी करेंगे.
शादी के अगले दिन ही पहुंचना पड़ा था शूट पर
अर्चना ने शादी के बाद का एक मजेदार किस्सा भी शेयर किया. उन्होंने बताया कि शादी के अगले ही दिन उन्हें शूटिंग के लिए जाना था. सेट पर पहुंचने में उन्हें सिर्फ पांच मिनट की देरी हुई थी, लेकिन डायरेक्टर इस पर नाराज हो गए थे.
एक्ट्रेस ने कहा, ‘अगली ही सुबह मुझे सीधे शूट पर पहुंचना था. मैं सेट पर मुश्किल से पांच मिनट लेट पहुंची और डायरेक्टर बहुत गुस्सा हो गए. वो मुझसे पूछने लगे कि मैं लेट क्यों हुई. वहां मैं अपनी जुबान दांतों तले दबाए खड़ी थी, क्योंकि मैं उनसे ये भी नहीं कह सकती थी कि, ‘सर, मेरी तो कल रात ही शादी हुई है.’
आज भी खास लगती है शादी की याद
अर्चना ने आगे कहा, ‘सोचिए, एक रात आप शादी करें और अगली सुबह कैमरे के सामने खड़े होकर अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी पूरी दुनिया से छिपाएं. आज जब परमीत और मैं पीछे मुड़कर देखते हैं और इस बारे में हंसते हैं, तो हमें लगता है कि हमारी ये गुपचुप शादी सबसे फिल्मी और खास शुरुआत थी, जिसकी हम उम्मीद कर सकते थे.’
शो में नजर आ रहे हैं कई टीवी कपल्स
‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा’ में कई जाने-माने टीवी कपल्स नजर आ रहे हैं. इनमें दिव्यांका त्रिपाठी-विवेक दहिया, दीपिका सिंह-रोहितराज सिंह, कांची कौल-शब्बीर अहलूवालिया, दिशा परमार-राहुल वैद्य, मनोज तिवारी-सुरभि तिवारी और नेहा स्वामी-अर्जुन बिजलानी शामिल हैं. इस शो को सोनाली बेंद्रे और मुनव्वर फारुकी होस्ट कर रहे हैं.
