कांग्रेस की संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम भारतीय नागरिकता मिलने से तीन साल पहले ही वोटर लिस्ट में दर्ज होने के आरोपों को लेकर राउज एवेन्यू कोर्ट में अहम जानकारी सामने आई. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में अदालत में एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) दाखिल की हैं.
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी को साल 1983 में भारतीय नागरिकता मिली थी जबकि उनका नाम इससे तीन साल पहले यानी 1980 में ही मतदाता सूची में शामिल कर लिया गया था. इसी मामले में अदालत ने पुलिस से जांच और अब तक की कार्रवाई का ब्योरा मांगा था.
पहले आईपी एस्टेट थाने पहुंची शिकायत, फिर नई दिल्ली जिले को भेजी गई
इस मामले में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद जोशी ने पहले आईपी एस्टेट थाना पुलिस से एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी थी. पुलिस ने 27 नवंबर की रिपोर्ट में बताया कि शिकायत की जांच करने पर पता चला कि इसमें लगाए गए आरोप आईपी एस्टेट थाना क्षेत्र के अधिकार क्षेत्र में नहीं आते हैं. इसलिए शिकायत को जरूरी कार्रवाई के लिए नई दिल्ली जिला पुलिस के पास भेज दिया गया.
अब तुगलक रोड थाने को सौंपी गई शिकायत
Delhi | In the matter concerning Congress leader Sonia Gandhi’s name appearing on the voter list before acquiring Indian citizenship, Delhi Police filed a status report before a Delhi court stating that she was not an Indian citizen in 1980, yet her name was in the voter list, and that she became an Indian citizen in 1983. Police stated that these facts have been confirmed from the District Magistrate (DM) and the Ministry of Home Affairs (MHA). The court granted time to the police to complete the inquiry, listed the matter for hearing on December 14, and summoned the SHO of Tughlak Road Police Station.
— ANI (@ANI) November 28, 2026
शनिवार को दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि शिकायत को आगे की कार्रवाई के लिए तुगलक रोड थाने भेज दिया गया है. इसके बाद मजिस्ट्रेट ने मामले में और जानकारी मांगी. इस पर तुगलक रोड थाने के एसएचओ ने एक और एक्शन टेकन रिपोर्ट अदालत में दाखिल की. इसमें पुलिस ने अपनी शुरुआती जांच और अलग-अलग विभागों से मांगी गई जानकारी का ब्योरा दिया.
1980 और 1983 की वोटर लिस्ट में नाम होने की पुष्टि
तुगलक रोड थाना पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक, नई दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट को नोटिस भेजकर साल 1980 और 1983 की मतदाता सूची में सोनिया गांधी के नाम से जुड़ी जानकारी मांगी गई थी. जिला प्रशासन की ओर से मिले जवाब में पुष्टि हुई कि इन दोनों साल की वोटर लिस्ट में उनका नाम दर्ज था. हालांकि, पुलिस को अभी तक वह फॉर्म-6 और दूसरे दस्तावेज नहीं मिले हैं जिनके आधार पर मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज किया गया था. पुलिस का कहना है कि इन दस्तावेजों का पता लगाया जा रहा है.
गृह मंत्रालय से भी मांगी नागरिकता मिलने की तारीख
पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि मामले की आगे जांच के लिए गृह मंत्रालय के फॉरेनर्स डिवीजन को भी नोटिस भेजा गया था. यह नोटिस मेजर ध्यानचंद स्टेडियम स्थित कार्यालय को भेजकर पूछा गया था कि सोनिया गांधी को भारतीय नागरिकता किस तारीख को दी गई थी. गृह मंत्रालय से मिले जवाब के मुताबिक, एंटोनिया माइनो उर्फ सोनिया गांधी को 30 अप्रैल 1983 को भारतीय नागरिकता का प्रमाणपत्र जारी किया गया था. पुलिस ने रिपोर्ट में कहा है कि आगे की जांच होने पर इस मामले से जुड़े दूसरे तथ्य भी सामने आ सकते हैं.
14 दिसंबर को फिर होगी सुनवाई
शिकायतकर्ता की ओर से वकील विकास त्रिपाठी अदालत में पेश हुए. उनकी तरफ से वकील नीरज ने भी पैरवी की. फिलहाल पुलिस की रिपोर्ट में वोटर लिस्ट में नाम होने और नागरिकता मिलने की तारीख की जानकारी दी गई है, जबकि नाम दर्ज कराने से जुड़े मूल दस्तावेजों की तलाश अभी जारी है. अदालत ने मामले में आगे की सुनवाई के लिए 14 दिसंबर की तारीख तय की है.
यह भी पढ़ेंः खरगे ने परिसीमन बिल को बताया खतरा, रिजिजू ने किया पलटवार, ‘कांग्रेस को लोकतंत्र में…’
