अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया तट के पास शनिवार सुबह आए 5.0 तीव्रता के भूकंप ने लॉस एंजिलिस इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एलएएक्स) पर भी असर दिखाया. भूकंप के तेज झटके महसूस होते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने लैंडिंग की तैयारी कर रही डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट को उतरने से रोक दिया.
पायलट को तुरंत विमान ऊपर ले जाकर दोबारा चक्कर लगाने का निर्देश दिया गया. इस दौरान एयरपोर्ट के एक टर्मिनल की कांच की खिड़कियां भी टूट गईं.
कंट्रोलर ने बार-बार दिया विमान को वापस मोड़ने का निर्देश
घटना के समय डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट 1972 लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट पर उतरने के करीब थी. तभी भूकंप के तेज झटके महसूस होने लगे. एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग में कंट्रोलर को पायलट को लगातार गो-अराउंड का निर्देश देते सुना जा सकता है.
EARTHQUAKE🚨: Air traffic controllers at Los Angeles International Airport called off the landing of a passenger airliner just moments before it touched down during Saturday’s earthquake. https://t.co/ao59SOqJQQ
— For all Curious (@fascinatingonX) November 29, 2026
कंट्रोलर ने कहा, “डेल्टा 1972, वापस चक्कर लगाएं. डेल्टा 1972, वापस चक्कर लगाएं. यहां तेज भूकंप आया है.” निर्देश मिलते ही पायलट ने लैंडिंग का प्रयास रोक दिया और विमान को दोबारा ऊपर ले गया. इस तरह भूकंप के दौरान विमान की लैंडिंग टाल दी गई.
टर्मिनल की खिड़कियों के कांच टूटे
भूकंप का असर एयरपोर्ट की इमारत पर भी दिखाई दिया. तेज कंपन के कारण टर्मिनल के अंदर लगी कांच की खिड़कियां टूटकर बिखर गईं. एयरपोर्ट से सामने आए वीडियो में इमारत के भीतर भूकंप के झटकों और उनसे हुए नुकसान को देखा जा सकता है.
उड़ान संचालन पर नहीं पड़ा असर, कोई घायल नहीं
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप के बावजूद हवाई सेवाएं बाधित नहीं हुईं और उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा. घटना में किसी के घायल होने की सूचना भी नहीं है.
एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ऑडियो रिकॉर्डिंग और एयरपोर्ट के वीडियो में इस पूरे घटनाक्रम को दर्ज किया गया है. इनसे पता चलता है कि किस तरह भूकंप के अचानक आए झटकों ने अमेरिका के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट में से एक पर कुछ समय के लिए उड़ान संचालन को प्रभावित किया और सुरक्षा के मद्देनजर एक विमान की लैंडिंग रोकनी पड़ी.
भूकंप के बाद आए छह आफ्टरशॉक
स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, भूकंप के तुरंत बाद कम से कम छह आफ्टरशॉक आए, जिनकी शुरुआती तीव्रता क्रमशः 2.8, 3.0, 2.5, 3.7, 2.8 और 3.8 दर्ज की गई. सीबीएस न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने भूकंप से निपटने के अपने प्रोटोकॉल लागू किए गए. विभाग ने पूरे शहर में अपने कर्मियों को तैनात किया है, जो ज़मीन, हवा और समुद्र के ज़रिए महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और संवेदनशील इलाकों का जायजा ले रहे हैं.
यह भी पढ़िएः ‘पहले आप’, PM की कुर्सी के लिए नेतन्याहू का दांव, आइजेनकोट को रोटेशन का ऑफर
