Headlines

US एयरफोर्स के क्लाउड सिस्टम में हैकर्स ने लगाई सेंध, रडार और मिसाइल डेटा लीक होने का खतरा


अमेरिकी वायुसेना के प्रमुख क्लाउड कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म ‘क्लाउड वन’ (Cloud One) में हैकर्स ने सेंध लगा दी है. इस हमले से संवेदनशील सैन्य, कर्मियों से जुड़ी और लॉजिस्टिक्स की जानकारी लीक होने का खतरा पैदा हो गया है और प्लेटफॉर्म के कामकाज पर असर पड़ा है. हैकिंग का पता चलते ही पूरे सिस्टम में गड़बड़ी और रुकावटें शुरू हो गईं. इसके बाद वायुसेना ने अतिरिक्त एप्लिकेशंस के ट्रांसफर को रोक दिया और नेटवर्क पर पहले से चल रहे सॉफ्टवेयर के अपडेट्स पर भी रोक लगा दी.

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने दो सूत्रों के हवाले से बताया कि इस साइबर सेंध का पता पिछले एक महीने के भीतर प्लेटफॉर्म को अपग्रेड करने के दौरान चला. अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस साइबर हमले के पीछे किसका हाथ है, उसको सिस्टम में कितनी पहुंच मिली या कोई डेटा चोरी हुआ है या नहीं. रिपोर्ट के मुताबिक एक सूत्र ने बताया कि हैकर ने ‘क्लाउड वन’ के कंट्रोल प्लेन तक पहुंचने के लिए एक सॉफ्टवेयर की कमजोरी का फायदा उठाया. कंट्रोल प्लेन इस प्लेटफॉर्म के क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर की देखरेख करता है.

US साइबर कमांड नुकसान का कर रहा आकलन

रिपोर्ट के मुताबिक सूत्र ने इसकी तुलना ‘यूनिवर्सल रिमोट’ से करते हुए बताया कि ऐसी पहुंच से हमलावरों को सैन्य विमानों की ऑपरेशनल स्टेटस देखने या कलपुर्जों की आवाजाही को ट्रैक करने की सुविधा मिल सकती है. हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि हैकर्स ने इनमें से किसी भी तरह की जानकारी तक पहुंच बनाई या नहीं. इस सेंधमारी के बाद प्लेटफॉर्म पर कई पाबंदियां लगाई गई हैं. 

बैक-ऑफिस एप्लिकेशंस को क्लाउड वन पर ले जाने की कोशिशों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि कर्मियों को सॉफ्टवेयर अपडेट्स और सिक्योरिटी फिक्स इंस्टॉल करने से रोक दिया गया है.  एक अन्य सूत्र ने बताया, कुछ यूजर्स के एडमिनिस्ट्रेटर अधिकार भी वापस ले लिए गए हैं. नुकसान का आकलन करने के लिए यूएस साइबर कमांड को बुलाया गया है. सैन्य साइबर ऑपरेशंस यूनिट ने इस मामले पर टिप्पणी नहीं की है.

रडार और मिसाइल डेटा लीक होने का खतरा

‘क्लाउड वन’ उन एप्लिकेशंस को सपोर्ट करता है जो एयरफोर्स के कई कामकाज संभालते हैं, जिनमें कर्मियों के रिकॉर्ड, भुगतान, लॉजिस्टिक्स और उपकरणों के रखरखाव से जुड़े काम शामिल हैं. इनमें क्लाउड-बेस्ड कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम भी है, जो पूरे उत्तरी अमेरिका से एयर डिफेंस रडार फीड और अन्य जानकारियों को एक साथ जोड़ता है. वहीं थिएटर इंटीग्रेटेड कॉम्बैट म्यूनिशंस सिस्टम दुनियाभर में अमेरिकी वायुसेना के 200 से अधिक ठिकानों पर बमों और मिसाइलों को ट्रैक करता है. 2017 में शुरू हुआ यह प्लेटफॉर्म माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, ऑरेकल और अल्फाबेट की क्लाउड सेवाओं का इस्तेमाल करता है. 

अमेरिकी वायुसेना ने रॉयटर्स को बताया, ‘हम विशेष नेटवर्क और सिस्टम की सुरक्षा स्थिति, कमजोरियों या परिचालन स्थिति पर टिप्पणी नहीं करते हैं. हम वायुसेना विभाग की जानकारी, सिस्टम और मिशन क्षमताओं की सुरक्षा के लिए लगातार एहतियाती कदम उठाते हैं.’

साइबर हमलों के बीच क्लाउड सुरक्षा पर सवाल

यह सेंधमारी ऐसे समय में हुई है जब एफबीआई, पेंटागन और ट्रेजरी डिपार्टमेंट सहित अमेरिकी सरकारी एजेंसियों से जुड़ी कई साइबर घटनाएं सामने आ चुकी हैं. इससे संवेदनशील सैन्य अभियानों को सहारा देने वाले क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं. साल 2023 में फेडस्कूप में पब्लिश एक लेख में क्लाउड वन के नेतृत्व ने दावा किया था कि सिस्टम में सेंध लगाने की कोशिशों से बचाव करने में इस प्लेटफॉर्म ने 100 प्रतिशत सफलता दर बनाए रखी है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *