कोटा पुलिस लाइन के मेस और सिक्योरिटी फंड में हुई वित्तीय गड़बड़ियों की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं. एक करोड़ रुपये से अधिक के इस घोटाले में अब बैंक खाते खुलवाने से लेकर सरकारी फंड की रकम निकालने तक फर्जीवाड़े की परतें खुली हैं.
जांच में सामने आया है कि तत्कालीन एएसआई रूपराम मीणा ने कथित तौर पर तत्कालीन एएसपी के फर्जी हस्ताक्षर और फर्जी डिस्पैच नंबर का इस्तेमाल कर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) में खाता खुलवाया था. इसके बाद इसी खाते से चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर 52.30 लाख रुपये निकालने का आरोप है.
कोटा: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, 3 की मौत
मामले का दूसरा गंभीर पहलू पुलिस लाइन में नए भर्ती हुए जवानों से जुड़ा है. आरोप है कि करीब 700 जवानों से मेस सिक्योरिटी के नाम पर प्रति जवान 3 हजार रुपये वसूले गए. इस तरह लगभग 21 लाख रुपये एकत्र कर रूपराम मीणा ने अपने निजी बैंक खाते में जमा करवाए. बताया जा रहा है कि जवानों से रकम लेने के लिए मेस परिसर में उसके निजी बैंक खाते का बारकोड भी लगाया गया था. यानी मेस और सिक्योरिटी फंड के नाम पर जवानों से जुटाई गई रकम सरकारी व्यवस्था के बजाय निजी खाते तक पहुंचती रही.
एफडी तुड़वाकर भी निकाली गई रकम
जांच में यह भी सामने आया कि दिसंबर 2019 में रूपराम मीणा ने हेड कांस्टेबल सुरेश से मनोरंजन और मेस से जुड़े फंड का प्रभार लिया था. उस समय पुलिस लाइन के मनोरंजन,जलदाय और मेस फंड के खाते शॉपिंग सेंटर स्थित एक्सिस बैंक में संचालित थे. इन खातों में जमा बचत राशि की एफडी भी करवाई गई थी. आरोप है कि रूपराम ने अधिकारियों की पूर्व अनुमति के बिना एफडी तुड़वाकर राशि निकाल ली. इस तरह अलग-अलग फंड की रकम के इस्तेमाल में नियमों की अनदेखी किए जाने की आशंका सामने आई है.
अधिकारियों के बयान, बैंक रिकॉर्ड खंगाले
जांच एजेंसी ने एक्सिस बैंक से संबंधित दस्तावेज और लेनदेन का रिकॉर्ड जुटाया है. तत्कालीन एएसपी मुख्यालय राजेश कुमार मील, रामकल्याण मीणा और संजय शर्मा के बयान भी दर्ज किए गए हैं. वहीं पुलिस लाइन के तत्कालीन आरआई राम सिंह मीणा और एलओ दुर्गा शंकर की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है. जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फंड के संचालन और निगरानी की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों के स्तर पर कहां चूक हुई और अनियमितताएं किस तरह लंबे समय तक जारी रहीं.
11 बिंदुओं पर जांच में मिली थीं गड़बड़ियां
पुलिस लाइन के मेस और सिक्योरिटी फंड में वित्तीय अनियमितताओं का मामला जून 2026 में सामने आया था. शुरुआती जांच में 11 बिंदुओं पर पड़ताल की गई, जिसमें रिकॉर्ड गायब होने, एनओसी जारी करने और राशि की एंट्री में अनियमितताओं जैसी बातें सामने आई थीं. शिकायतों के बाद कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने जांच के निर्देश दिए थे. एडिशनल एसपी मुख्यालय चंचल मिश्रा की जांच में मेस, जलदाय और मनोरंजन फंड में वित्तीय गड़बड़ियों की पुष्टि से जुड़े तथ्य सामने आए.
एसपी ने किया बर्खास्त,दर्ज कराया मुकदमा
कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने 27 नवंबर को तत्कालीन एएसआई रूपराम मीणा को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया. इसके साथ ही उसके खिलाफ नयापुरा थाने में मुकदमा भी दर्ज करवाया गया है. अब पुलिस बैंक खातों, चेक, फर्जी दस्तावेजों और फंड से जुड़े रिकॉर्ड के आधार पर पूरे आर्थिक लेनदेन की पड़ताल कर रही है. इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में लंबे समय से चल रहे मेस और सिक्योरिटी फंड के प्रबंधन पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.
तीन नामांकन…3 लिबास और तीन पार्टियां! घूंघट वाली वती के प्रधान पद की चर्चा
