इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें संस्करण में कई युवा भारतीय खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से धूम मचा रखी है. वैभव सूर्यवंशी बड़े-बड़े गेंदबाजों के खिलाफ निडर बल्लेबाजी करते हुए रन बना रहे हैं, शनिवार को उन्होंने अपना दूसरा आईपीएल शतक जड़ा. शनिवार को ही प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह की भी विस्फोटक पारी देखने को मिली, जिसके दम पर पंजाब किंग्स ने 265 रनों का विशाल लक्ष्य चेज किया. जानिए वो 5 प्लेयर्स, जो IPL में अपने प्रदर्शन के दम पर इस साल टीम इंडिया के लिए इंटरनेशनल डेब्यू कर सकते हैं. इस साल सितंबर में एशियाई गेम्स होंगे, इस दौरान भारत वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे और टी20 सीरीज खेलेगी. चयनकर्ता को 2 टीम चुननी पड़ेगी, ऐसे में नीचे दिए गए खिलाड़ियों को इस समय डेब्यू का मौका मिल सकता है.
वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी न सिर्फ आईपीएल बल्कि अंडर-19 टीम के लिए खेलकर भी धूम मचा चुके हैं. उन्होंने एक विस्फोटक बल्लेबाज के रूप में अपनी पहचान बना ली है, जिसकी पूरी दुनिया भी कायल हो चुकी है. वैभव पिछले महीने ही इंटरनेशनल में खेलने के योग्य हुए (उम्र के लिहाज से) हैं. एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि चयनकर्ता उन्हें आयरलैंड दौरे के लिए चुन सकते हैं, जो इस साल जून में होगा. हालांकि अगर उन्हें इसमें खेलने का मौका नहीं मिला तो वह जापान में होने वाले एशियाई गेम्स में टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर सकते हैं, क्योंकि इस दौरान चयनकर्ता को 2 टीम चुननी पड़ेगी. इसी समय पर भारत वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज भी खेलेगी.
प्रभसिमरन सिंह
पंजाब किंग्स के ओपनर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह अब IPL में काफी अनुभवी हो चुके हैं, वह 2019 से इस फ्रेंचाइजी के लिए खेल रहे हैं और इस साल तो धूम मचा रहे हैं. श्रेयस अय्यर ने भी कहा कि अब वह अधिक परिपक्व हो गए हैं. उन्होंने IPL 2026 में खेली 6 पारियों में 287 रन बनाए हैं, जिनमें 3 अर्धशतक शामिल हैं. उन्होंने MI के खिलाफ नाबाद 80 और पिछले मैच में DC के खिलाफ 76 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी. प्रभसिमरन को भी इस साल टीम इंडिया में खेलते हुए देखा जा सकता है.
यह भी पढ़ें- IPL 2026 में इन 5 स्टार खिलाड़ियों का प्रदर्शन रहा फीका, अगली नीलामी में रह सकते हैं अनसोल्ड
प्रियांश आर्या
दिल्ली प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन के कारण IPL में चुने गए प्रियांश आर्या ने अपने पहले सीजन (2025) में भी धूम मचाई, उन्होंने 17 पारियों में 475 रन बनाए थे. इसमें 1 शतक और 2 अर्धशतक शामिल थे. जारी सीजन (IPL 2026) में भी वह अच्छा कर रहे हैं, पिछले मैच में उन्होंने 43 रनों की शानदार पारी खेली और उससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपने शतक से सिर्फ 7 रन दूर (93) रह गए. उन्होंने SRH के खिलाफ भी अर्धशतक जड़ा था. एक रिपोर्ट के अनुसार चयनकर्ताओं ने जिन युवा खिलाड़ियों को भविष्य के प्लान के लिए शार्टलिस्ट किया है, उसमें प्रियांश भी हैं.
आयुष म्हात्रे
चेन्नई सुपर किंग्स के प्लेयर आयुष म्हात्रे चोटिल होने के चलते IPL 2026 से बाहर हो गए हैं, लेकिन वह शानदार फॉर्म में थे. उन्होंने IPL 2026 की 6 पारियों में 201 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल है. पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्होंने 73 रनों की शानदार पारी खेली थी. DC के खिलाफ उन्होंने 59 रन बनाए थे. वह अंडर-19 टीम के कप्तान हैं और इस साल टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- अब ये बल्लेबाज है पैट कमिंस का फेवरेट, नाम जानकर नहीं होगा यकीन; SRH कप्तान ने किया हैरान
साकिब हुसैन
सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने अनुभवी गेंदबाजों के विफल होने के बाद साकिब हुसैन को डेब्यू कराया था, उन्होंने पहले ही मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए. उन्होंने IPL 2026 में खेले 4 मैचों में 7 विकेट लिए हैं, पिछले मैच में वह काफी महंगे साबित (1/62) हुए लेकिन उससे पिछले 3 मैचों में काफी किफायती रहे. RR के खिलाफ उन्होंने 24 रन देकर 4 विकेट लिए. CSK के खिलाफ उन्होंने 32 रन देकर 1 और DC के खिलाफ 29 रन देकर 1 विकेट लिया था. साकिब हुसैन भी उन प्लेयर्स की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिनके इस साल टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने की उम्मीद है.
