- चार मई को होने वाली वोटों की गिनती से पहले घटना से हलचल।
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के संपन्न होने के बाद शुक्रवार (1 मई, 2026) को थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की तिरुचिरापल्ली जिले के श्रीरंगम विधानसभा क्षेत्र में स्थित चुनावी कार्यालय में आगजनी की घटना सामने आई है. इसके साथ ही ऑफिस से रखे पार्टी के सभी पोस्टरों और बैनरों को भी फाड़ दिया गया है. इस घटना को लेकर थलपति विजय की पार्टी टीवीके ने स्थानीय पुलिस के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है. इसके अलावा, पार्टी ने मामले में चुनाव आयोग से हस्तक्षेप करने की भी मांग की है.
टीवीके प्रत्याशी ने अज्ञात लोगों पर लगाया आरोप
तिरुचिरापल्ली (त्रिचि) जिले के श्रीरंगम विधानसभा क्षेत्र से TVK के उम्मीदवार टीवीके रमेश ने पार्टी इलेक्शन ऑफिस में आगजनी की आलोचना की है. उन्होंने इस मामले को लेकर सवाल उठाया है कि क्या श्रीरंगम विधानसभा क्षेत्र में मतगणना सुरक्षित माहौल में हो पाएगी?
उन्होंने कहा, ‘त्रिचि के श्रीरंगल विधानसभा क्षेत्र के अंडानल्लूर यूनियन के पेट्टवैथलाई इलाके में स्थित मेरा चुनावी ऑफिस आज शुक्रवार (1 मई, 2026) की सुबह को अज्ञात लोगों की तरफ से आग लगाकर पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया है. वहां लगे सभी बैनर और पोस्टर भी फाड़ दिए गए हैं.’
शिकायत दर्ज कराने पुलिस स्टेशन पहुंचे पार्टी के यूनियन सचिव
घटना के बाद तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के यूनियन सचिव ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में इलेक्शन कार्यालय में आगजनी करने और पार्टी की संपत्ति को नष्ट के आरोप में औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द दोषियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार कर उनके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.
4 मई को तमिलनाडु में होनी है वोटों की गिनती
उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव पिछले हफ्ते गुरुवार (23 अप्रैल, 2026) को एक चरण के मतदान के साथ संपन्न हो चुका है. अब चुनाव आयोग की तरफ से सोमवार (4 मई, 2026) को चुनाव में प्राप्त वोटों की गिनती और नतीजों की घोषणा की जाएगी. ध्यान देने वाली बात है कि इस बार चुनाव के बाद सामने आए एग्जिट पोल में टीवीके को तमिलनाडु की जनता से काफी समर्थन मिलता हुआ दिखाया गया है.
यह भी पढे़ंः मिडिल ईस्ट की तरह अगर भारत में छिड़ी जंग तो देश कितना तैयार, DRDO चीफ ने बताया कब तैयार होगा सुदर्शन चक्र
