Headlines

China Flood: चीन में तबाही का तांडव! बाढ़, भूस्खलन और बवंडर से 20 की मौत, 331 लोग घायल


चीन में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई जबकि 331 अन्य घायल हो गए. प्राधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर के अनुसार, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अधिकारियों को बाढ़ से बचाव, राहत और घायलों के इलाज के लिए हरसंभव कदम उठाने के निर्देश दिए. उत्तर-पश्चिमी चीन के गांसू प्रांत के एक कस्बे में मंगलवार को भूस्खलन के कारण पांच लोगों की मौत हो गई.

शिन्हुआ की खबर में बताया कि कुल 33 लोग मलबे में दब गए थे. बचाव दल ने 21 लोगों को बाहर निकाला, लेकिन इनमें से पांच ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. अन्य लापता 12 लोगों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर खोज एवं बचाव अभियान जारी है. प्रांतीय आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार, सोमवार रात पूर्वी हुबेई प्रांत में आए बवंडर, तूफान और तेज आंधी में 11 लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है. प्रतिकूल मौसम की इन घटनाओं में तीन इलाकों में कम से कम 331 लोग घायल हुए हैं. इसके अलावा 400 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया.

ये भी पढ़ें: सीरिया दौरे पर हुए दो बम धमाकों के बीच इमैनुएल मैक्रों का आया पहला रिएक्शन, बोले – ‘मेरी यात्रा…’

चीन की बरसात में कई इमारत धवस्त

शिन्हुआ की खबर के अनुसार, इन घटनाओं में 22 इमारतें पूरी तरह धवस्त हो गईं जबकि 4,855 अन्य इमारतों को आंशिक नुकसान पहुंचा. एक अन्य घटना में, दक्षिणी चीन के गुआंग्शी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र की राजधानी नानिंग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और उसके चलते आई बाढ़ के कारण चार लोगों की मौत हो गई जबकि आठ अन्य लापता हैं. जानकारी के अनुसार, चक्रवात ‘मेसाक’ के कारण हुई मूसलाधार बारिश से 93,300 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 54,460 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने निगरानी व्यवस्था, चेतावनी प्रणाली, आपातकालीन तैयारी तथा त्वरित प्रतिक्रिया को और मजबूत करने पर बल दिया.

ये भी पढ़ें: ‘हर तरह का विकल्प…’, सिंधु के पानी को लेकर फिर बौखलाया पाकिस्तान, आसिम मुनीर ने भारत को दी गीदड़भभकी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *