राजस्थान के डीग जिले में पुलिस को एक बहुत बड़ी और अहम कामयाबी हाथ लगी है. देर रात हुई एक खौफनाक मुठभेड़ में पुलिस ने 70,000 रुपये के इनामी और मोस्ट वांटेड गौ-तस्कर सद्दाम को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है.
सद्दाम ने पुलिस को देखते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी थी, जिसमें एक गोली सीधे पुलिस कांस्टेबल के सीने पर लगी. गनीमत रही कि कांस्टेबल ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी, जिससे उसकी जान बच गई. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली तस्कर के पैर में लगी है.
Alwar News: अलवर में बुलेट बाइक से हुड़दंग, पुलिस ने दो लोगों को दबोचा, भीड़ ने थाने पर किया पथराव
रात के अंधेरे में कैसे हुआ एनकाउंटर?
डीग जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) शरण गोपीनाथ कांबले ने बताया कि देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि वांटेड गौ-तस्कर सद्दाम अपनी मोटरसाइकिल से गांव की तरफ जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी की. खुद को घिरता देख सद्दाम ने पुलिस टीम पर सीधे गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. उसकी एक गोली कांस्टेबल नेतराम की बुलेट प्रूफ जैकेट पर जा लगी. आत्म रक्षा (Self-defense) में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक गोली सद्दाम के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा.
घायल तस्कर को तुरंत इलाज के लिए भरतपुर जिला आरबीएम अस्पताल (RBM Hospital) रेफर किया गया है. मौके से पुलिस ने 1 अवैध हथियार, 10 जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की है.
कौन है कुख्यात गौ-तस्कर सद्दाम?
32 वर्षीय सद्दाम (निवासी- घाटमीका, थाना पहाड़ी) भरतपुर पुलिस रेंज के टॉप-10 अपराधियों की लिस्ट में शामिल है. इसके अपराध की फेहरिस्त बहुत लंबी और खौफनाक है. सद्दाम ने दौसा जिले में एक होमगार्ड के जवान को गाड़ी से कुचलकर बड़ी बेरहमी से मार डाला था. इससे पहले यह अलवर पुलिस की टीम पर भी जानलेवा फायरिंग कर चुका है. इसके खिलाफ गौ-तस्करी, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे संगीन अपराधों में अलग-अलग थानों में 23 मुकदमे दर्ज हैं.
70 हजार का था इनाम
सद्दाम पिछले एक साल से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर अपनी लोकेशन बदल-बदल कर रह रहा था और वारदातों को अंजाम दे रहा था. इसकी दहशत को देखते हुए भरतपुर रेंज पुलिस ने 35 हजार, अलवर पुलिस ने 25 हजार और दौसा पुलिस ने 10 हजार रुपये (कुल 70,000 रुपये) का इनाम घोषित किया हुआ था. आखिरकार अब यह पुलिस की गिरफ्त में है.
भरतपुर में शादी के बीच 15 लाख के गहनों से भरा बैग चोरी, डेढ़ घंटे रेकी कर दिया वारदात को अंजाम
