नौकरी करने वाले लोगों की सैलरी से हर महीने PF का पैसा कटता है. ये पैसे बचत के तौर पर कर्मचारी के EPF खाते में जमा होती है. लेकिन सिर्फ सैलरी से पैसा कट जाना काफी नहीं है, कंपनी को ये पैसे फिक्स समय के अंदर EPFO के पास जमा भी करनी होती है. इसी को लेकर EPFO ने कंपनियों और नियोक्ताओं को अलर्ट जारी किया है.
EPFO ने अक्टूबर 2026 के वेतन महीने का Electronic Challan-cum-Return (ECR) जमा करने और पीएफ कंट्रीब्यूशन चुकाने के लिए 15 नवंबर की डेडलाइन रखी है. मतलब कंपनियों के पास अब सिर्फ कल तक का समय है. अगर समय में ये काम पूरा नहीं किया गया तो देरी पर ब्याज और पेनल्टी लग सकती है.
EPFO ने कंपनियों को क्यों किया अलर्ट?
EPFO ने 12 नवंबर को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर कंपनियों और नियोक्ताओं को याद दिलाया कि अक्टूबर 2026 के वेतन महीने का ECR और पीएफ कंट्रीब्यूशन 15 नवंबर तक जमा करना जरूरी है. संगठन ने साफ किया है कि समय पर रिटर्न दाखिल करने और पेमेंट करने से कर्मचारियों के खातों में PF का पैसा समय पर क्रेडिट हो सकेगा. साथ ही कंपनियां देरी से लगने वाले फीस से भी बच सकेंगी.
ये नियम उन सभी कंपनियों और संस्थानों पर लागू होता है, जो EPF के दायरे में आते हैं. इसलिए कंपनियों को अपने कर्मचारियों की सैलरी, UAN और PF योगदान से जुड़ी जानकारी जांचकर समय पर पेमेंट करना होगा.
क्या होता है ECR?
ECR यानी इलेक्ट्रॉनिक चालान-कम-रिटर्न एक तरह की मासिक रिपोर्ट होती है. इसे कंपनी या नियोक्ता EPFO के पोर्टल पर जमा करता है. इसमें कर्मचारियों की सैलरी, PF में जमा होने वाला योगदान और दूसरी जरूरी जानकारी दर्ज होती है.
आसान भाषा में समझें तो कंपनी इस रिपोर्ट के जरिए EPFO को बताती है कि किस कर्मचारी की सैलरी से कितना PF कटा है और कंपनी की तरफ से कितना योगदान दिया जाना है. ECR जमा होने और चालान का पेमेंट पूरा होने के बाद संबंधित कर्मचारियों के PF खाते में रकम क्रेडिट की जाती है. इसमें EPF के साथ EPS यानी पेंशन स्कीम और EDLI से जुड़ा लागू योगदान भी शामिल हो सकता है.
कितना लगेगा ब्याज और जुर्माना?
अगर कंपनी 15 नवंबर की तय समयसीमा तक PF का पैसा जमा नहीं करती है तो उसे नुकसान उठाना पड़ सकता है. EPF कानून के सेक्शन 7Q के तहत बकाया रकम पर 12 फीसदी सालाना की दर से ब्याज लगाया जाता है.
इसके अलावा सेक्शन 14B के तहत देरी के समय के हिसाब से पेनल्टी भी लगाया जा सकता है.
| PF जमा करने में देरी | सालाना पेनल्टी की दर |
| 2 महीने से कम | 5% |
| 2 से 4 महीने से कम | 10% |
| 4 से 6 महीने से कम | 15% |
| 6 महीने या उससे ज्यादा | 25% |
कैसे पता करें कि PF जमा हुआ या नहीं?
कई बार सैलरी स्लिप में PF कटने की जानकारी दिखती है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि कंपनी ने पैसा EPFO के खाते में जमा भी कर दिया है. आप EPFO की मेंबर ई-पासबुक सुविधा से अपना PF बैलेंस और हर महीने जमा हुए योगदान की जानकारी देख सकते हैं.
इस राज्य में टीचरों का DA 40% बढ़ा, सीधे 14000 रुपए बढ़ेगी सैलरी
