तकिया हमारे रोजमर्रा के इस्तेमाल की ऐसी चीज है, जिसके बिना ज्यादातर लोगों को नींद ही नहीं आती. लेकिन रोजाना सिर रखने और बार-बार दबने की वजह से कुछ समय बाद इसका आकार बिगड़ने लगता है. कई बार तकिया बीच से दब जाता है तो कभी इसकी सारी भराई एक तरफ जमा हो जाती है. ऐसे में सोते समय आराम नहीं मिलता और गर्दन में भी परेशानी महसूस होती है. अगर आपके घर में भी ऐसा तकिया रखा है तो उसे फेंकने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान तरीकों से आप उसकी भराई को दोबारा फैला सकते हैं और उसका आकार काफी हद तक ठीक कर सकते हैं.
हाथों से दबाकर और थपथपाकर ठीक करें
अगर आपकी तकिया बीच से पिचक गया है या एक तरफ से ज्यादा मोटा हो गया है तो सबसे पहले उसे दोनों हाथों से अच्छी तरह पकड़ें. अब तकिया को चारों तरफ से हल्के हाथों से दबाएं और छोड़ें. इसके बाद उसे पलटकर दूसरी तरफ से भी ऐसा ही करें. साथ ही आप तकिया को हल्के हाथों से थपथपाकर भी देखें. इससे अंदर जमा हुई रुई या फाइबर फैलने लगता है और तकिया का आकार पहले से बेहतर हो जाता है.
यह भी पढ़ें : Best Tiles For Home: बाथरूम से किचन तक, घर के लिए ऐसे चुनें सही टाइल्स, नहीं होगी परेशानी
धूप और खुली हवा में रखें तकिया
कई बार तकिया के अंदर पसीने और नमी की वजह से भराई दबने लगती है. इससे तकिया भारी और चिपकी हुई महसूस होती है. ऐसी स्थिति में उसे कुछ देर खुली हवा या हल्की धूप में रखना फायदेमंद रहता है. तकिया को किसी साफ जगह पर रखें और थोड़ी देर बाद पलट दें, ताकि दोनों तरफ अच्छी तरह हवा लग सके. इससे अंदर की नमी कम होती है और तकिया को ताजगी मिलती है. पर यह भी ध्यान रखें की तकिए को बहुत तेज धूप में लंबे समय तक रखने से बचें, इससे कुछ तकियों के कपड़े और फाइबर खराब होने लगते हैं.
अंदर की भराई को फैलाकर करें बराबर
अगर तकिया एक तरफ से मोटा और दूसरी तरफ से पतला हो गया है तो उसकी अंदर की भराई को बराबर करना जरूरी है. इसके लिए तकिया को दोनों हाथों से पकड़कर हल्के-हल्के झटकें. अगर उसके कवर में चेन लगी है तो उसे खोलकर अंदर की रुई या फाइबर को हाथों से अलग-अलग फैलाएं. इसके बाद चेन बंद करके तकिया को दोबारा थपथपाएं. ध्यान रखें कि फोम वाली तकिया को ज्यादा मोड़ें या खींचें नहीं, क्योंकि इससे उसका आकार खराब होता है. अगर तकिया की भराई पूरी तरह खराब हो चुकी है तो उसे बदलना बेहतर रहेगा.
यह भी पढ़ें : Mattress Sagging Solution: किनारे बैठते ही नीचे दबता है गद्दा? खराब होने से पहले ऐसे बचाएं
