How To Clean Smelly Mattress At Home: गद्दा घर की उन चीजों में से है, जिसका इस्तेमाल हर दिन होता है, लेकिन उसकी सफाई पर अक्सर ध्यान नहीं दिया जाता. समय के साथ इसमें पसीना, शरीर का तेल, धूल, डेड स्किन, नमी और कई तरह के छोटे कण जमा होने लगते हैं. यही वजह है कि कुछ साल पुराना गद्दा धीरे-धीरे बदबू देने लगता है. अच्छी बात यह है कि हर बार बदबू आने पर गद्दा धुलवाने या नया खरीदने की जरूरत नहीं होती. घर में मौजूद कुछ आसान तरीकों से ही इसे फिर से ताजा बनाया जा सकता है.
सबसे पहले गद्दे की अच्छी तरह सफाई करें
अगर गद्दे से बदबू आ रही है, तो सबसे पहले उसकी सतह पर जमी धूल और गंदगी हटाएं. इसके लिए वैक्यूम क्लीनर का इस्तेमाल करें. गद्दे के ऊपर, किनारों और सिलाई वाली जगहों पर धीरे-धीरे वैक्यूम चलाएं. इन हिस्सों में सबसे ज्यादा धूल, बाल, डेड स्किन और छोटे-छोटे कण जमा होते हैं, जो बदबू की वजह बनते हैं. अगर महीने में एक बार भी गद्दे की वैक्यूम सफाई कर ली जाए, तो उसमें गंदगी कम जमा होती है और बदबू आने की संभावना भी घट जाती है.
कुछ घंटों के लिए धूप जरूर दिखाएं
धूप गद्दे की बदबू दूर करने का सबसे आसान और प्राकृतिक तरीका है. अगर संभव हो, तो गद्दे को कुछ घंटों के लिए खुली धूप में रखें. यदि बाहर ले जाना संभव न हो, तो कमरे की खिड़की के पास इस तरह रखें कि उस पर अच्छी धूप पड़े. धूप गद्दे में मौजूद अतिरिक्त नमी को कम करने में मदद करती है. इसके साथ ही बैक्टीरिया और फफूंदी बनने का खतरा भी घटता है, जिससे गद्दा पहले से ज्यादा फ्रेश महसूस होता है. बीच-बीच में गद्दे को पलटते रहें ताकि दोनों तरफ धूप लग सके.
बेकिंग सोडा करेगा कमाल
अगर गद्दे से लगातार बदबू आ रही है, तो बेकिंग सोडा बेहद असरदार घरेलू उपाय साबित हो सकता है. पूरे गद्दे पर हल्की मात्रा में बेकिंग सोडा छिड़क दें और इसे 6 से 8 घंटे तक ऐसे ही रहने दें. बेकिंग सोडा गद्दे में मौजूद नमी और बदबू को सोख लेता है. तय समय के बाद वैक्यूम क्लीनर से इसे अच्छी तरह साफ कर दें. चाहें तो इसमें अपनी पसंद के किसी एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें भी मिला सकते हैं, जिससे गद्दे में हल्की और ताजगी भरी खुशबू बनी रहे.
सफेद सिरके का भी कर सकते हैं इस्तेमाल
अगर गद्दे पर किसी जगह से ज्यादा बदबू आ रही है, तो बराबर मात्रा में सफेद सिरका और पानी मिलाकर एक स्प्रे तैयार करें. इसे केवल प्रभावित हिस्से पर हल्का स्प्रे करें. इसके बाद साफ सूती कपड़े से थपथपाकर अतिरिक्त नमी हटा दें और गद्दे को पूरी तरह सूखने दें. ध्यान रखें कि गद्दे को ज्यादा गीला न करें, क्योंकि अधिक नमी फफूंदी बनने का कारण बन सकती है.
चादर और तकिए के कवर भी रखें साफ
कई बार बदबू गद्दे से नहीं, बल्कि गंदी चादर, तकिए के कवर या मैट्रेस प्रोटेक्टर से आती है. इसलिए हर सप्ताह बेडशीट और तकिए के कवर बदलें और उन्हें गर्म पा
नी से धोएं. इससे पसीना, बैक्टीरिया और धूल कम जमा होती है और गद्दा भी ज्यादा समय तक साफ रहता है.
मैट्रेस प्रोटेक्टर जरूर लगाएं
अगर चाहते हैं कि गद्दा लंबे समय तक साफ और बदबू रहित रहे, तो उस पर अच्छी गुणवत्ता का मैट्रेस प्रोटेक्टर जरूर लगाएं. यह पसीने, धूल, पानी और दाग को सीधे गद्दे तक पहुंचने से रोकता है. जरूरत पड़ने पर इसे आसानी से वॉशिंग मशीन में भी धोया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें – Silver Cleaning Tips: काले पड़ गए चांदी के बर्तन? घर पर ही ऐसे लौटेगी चमक
इन छोटी आदतों से भी मिलेगा फायदा
गद्दे को हर 3 से 6 महीने में एक बार घुमाएं या पलटें, ताकि उसका इस्तेमाल बराबर हो और वह जल्दी खराब न हो.
बिस्तर पर खाना खाने से बचें, क्योंकि खाने के छोटे-छोटे कण गद्दे में जाकर बदबू और बैक्टीरिया बढ़ा सकते हैं.
अगर घर में पालतू जानवर हैं, तो उन्हें गद्दे पर चढ़ने से रोकें। उनके बाल, धूल और नमी भी गद्दे को गंदा कर सकते हैं.
महीने में कम से कम एक बार गद्दे को कुछ समय के लिए खुला छोड़ दें, ताकि उसमें हवा लगती रहे और अंदर की नमी बाहर निकल सके.
बदबू से बचाने के लिए अपनाएं ये आदतें
गद्दे को हमेशा सूखा रखें और कमरे में हवा का अच्छा इंतजाम करें. बारिश या उमस के मौसम में बेडरूम की खिड़कियां कुछ देर जरूर खोलें. अगर कभी पानी, चाय या कोई दूसरी चीज गद्दे पर गिर जाए, तो उसे तुरंत साफ करें और पूरी तरह सूखने दें.
इसे भी पढ़ें- Needle Threading Trick: सुई के छेद में नहीं जा रहा धागा? काम आएंगे ये 4 आसान हैक्स
