इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां संस्करण अब अपने प्लेऑफ राउंड की तरफ बढ़ रहा है, हालांकि अभी तक किसी टीम की प्लेऑफ में जगह पक्की नहीं हुई है. शनिवार को गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर अंक तालिका में लंबी छलांग लगाई है, इस मुकाबले से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को भी नुकसान हुआ है. अगर आज RCB मुंबई इंडियंस के खिलाफ नहीं जीती तो उनकी मुश्किलें बढ़ सकती है, वहीं जीतकर टीम पहले नंबर पर पहुंच जाएगी. जानिए अभी सभी 10 टीमों की पोजीशन.
IPL 2026 में 52 मैच खेले जा चुके हैं. SRH, GT, RR और DC 11-11 मुकाबले खेल चुकी हैं. अन्य 6 टीमों ने 10-10 मैच खेले हैं. बता दें कई प्रत्येक टीम लीग स्टेज में 14-14 मैच खेलेंगी, अंक तालिका की टॉप-4 टीमें प्लेऑफ राउंड में जाएंगी और अन्य 6 टीमें बाहर हो जाएंगी.
GT ने लगाई लंबी छलांग
शनिवार को हुए मुकाबले से पहले गुजरात टाइटंस टॉप-4 में भी नहीं थी, जीत के बाद शुभमन गिल एंड टीम दूसरे नंबर पर पहुंच गई है. गुजरात की ये 11 मैचों में 7वीं जीत थी. टीम के 14 अंक हो गए हैं, इतने ही अंक पहले स्थान पर मौजूद सनराइजर्स हैदराबाद के भी है. लेकिन नेट रन रेट के आधार पर SRH (+0.737) GT (+0.228) से आगे है.
यह भी पढ़ें- ऑरेंज कैप की दौड़ में वैभव सूर्यवंशी से आगे निकले शुभमन गिल, भुवनेश्वर से भी छिनी पर्पल कैप
RR टॉप-4 से बाहर, RCB भी लुढ़की
हार के बाद राजस्थान रॉयल्स चौथे से पांचवे नंबर पर पहुंच गई. RR की ये 11 मैचों में 5वीं हार थी. राजस्थान ने पिछले 6 में से 4 मैच गंवाए हैं. RR के 12 अंक है. राजस्थान की हार से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु भी एक स्थान नीचे खिसक गई है. RCB के भी 12 अंक है. +1.237 की नेट रन रेट के साथ टीम चौथे नंबर पर है, लेकिन अगर आज मुंबई इंडियंस को टीम हरा देती है तो अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच जाएगी. बेंगलुरु का नेट रन रेट बहुत ज्यादा है. SRH, GT और RCB के आलावा टॉप-4 में पंजाब किंग्स है. पंजाब 13 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर है.
यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, गुजरात के खिलाफ खास ‘शतक’ लगाकर बना दिया ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड’
अन्य 5 टीमों का हाल
अभी तक कोई भी टीम आधिकारिक रूप से प्लेऑफ की दौड़ से बाहर नहीं हुई है. चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स अभी भी 16 अंकों तक पहुंच सकती है. CSK ने 10 में से 5 मैच जीते हैं, 10 अंकों के साथ टीम छठे नंबर पर है. KKR ने 10 में से 4 मैच जीते हैं, उन्हें एक पॉइंट रद्द हुए मैच से मिला था. 9 अंकों के साथ कोलकाता सातवें नंबर पर है.
दिल्ली कैपिटल्स 8 अंकों के साथ आठवें नंबर पर है. दिल्ली ने 10 में से 4 ही मैच जीते हैं. मुंबई इंडियंस ने 10 में से 3 मैच जीते हैं. 6 अंकों के साथ टीम नौवें नंबर पर है. अगर आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को हरा दिया तो MI का सफर आधिकारिक रूप से खत्म हो जाएगा. लखनऊ सुपर जायंट्स 6 अंकों के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे, दसवें नंबर पर है.
