Headlines

Nepal- बाढ़ में बहा मालिक का घर, इंतजार में अब भी डटा है वफादार मासूम- रोने लगे यूजर्स


नेपाल के त्रिशूली बाजार से वफादारी और इंसान-जानवर के रिश्ते की एक ऐसी मार्मिक तस्वीर सामने आई है, जो किसी भी पत्थर दिल इंसान को रुला दे. पिछले हफ्ते आई भीषण बाढ़ में यहां चार मकान पूरी तरह बह गए. सब कुछ तबाही के मलबे में तब्दील हो गया, लेकिन एक काले और सफेद रंग का कुत्ता  उस जगह को छोड़कर जाने से साफ इनकार कर रहा है.

JCB की गड़गड़ाहट और भारी तबाही के बीच बैठा रहा

राहत और बचाव कार्य में लगे स्वयंसेवकों का कहना है कि जहां आधे दर्जन से ज्यादा JCB और भारी मशीनें दिन-रात कीचड़, मलबा और टूटे पेड़ हटा रही हैं, वहीं यह कुत्ता कीचड़ के एक छोटे से गड्ढे में चुपचाप बैठा रहता है. न तो यह पूंछ हिलाता है, न ध्यान देता है. लोगों का कहना है कि राहतकर्मियों ने उसे बिस्किट दिए, प्यार से बुलाने की कोशिश की, लेकिन वह मुड़कर देखता तक नहीं. उसके चेहरे पर कोई घबराहट या डर नहीं है.

अपनी पुरानी दहलीज से आगे नहीं जाता

सोशल मीडिया पर लोग बातें कर रहे हैं कि जब भारी मशीनें पास आती हैं, तो वह बस थोड़ा सा सिर उठाता है और गाड़ियां गुजरते ही वापस उसी जगह पर बैठकर अपनी आंखों से खाली मलबे को घूरने लगता है. वह अपने पुराने आंगन की सीमा से एक कदम भी बाहर नहीं जाता.

‘उसे लगता है मालिक आएंगे, इसलिए जगह नहीं छोड़ रहा’

स्थानीय लोगों और जानवरों के लिए काम करने वाले वॉलंटियर्स का कहना है कि इस इलाके का नक्शा बदल चुका है. अब वहां कोई घर नहीं बचा, सिर्फ कीचड़ और मलबा है. कुत्ते के मालिक कौन थे, यह किसी को ठीक से नहीं पता, लेकिन उसकी जिद और उसी जगह बार-बार लौटने की आदत से साफ है कि वह अपने परिवार का इंतजार कर रहा है.

अब राहतकर्मी उसे वहां से जबरदस्ती हटाने के बजाय उसके पास सूखा खाना और पानी रख देते हैं. जब आसपास सन्नाटा होता है, तभी वह एक-दो निवाले खाता है. एक स्थानीय निवासी ने भावुक होते हुए कहा, “इसे यह समझ नहीं आ रहा कि सब कहां गायब हो गए, इसे बस इतना पता है कि जब तक इसके मालिक वापस न आ जाएं, इसे यह जगह छोड़कर कहीं नहीं जाना.”

यह भी पढ़ें: छत पर लहराई शर्ट और रेस्क्यू करने पहुंच गया हेलिकॉप्टर- नेपाल का वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर भावुक हुए यूजर्स

जैसे ही ये मामला इंटरनेट पर वायरल हुआ लोगों ने तरह तरह के रिएक्शन देने शुरू कर दिए. एक यूजर ने लिखा….कुत्तों की वफादारी का कोई तोड़ नहीं, ये सबसे प्यारे जानवर हैं. एक और यूजर ने लिखा…कुत्ते अपने मालिक से बिना किसी लालच के प्यार करते हैं. तो वहीं एक और यूजर ने लिखा…इस प्यारे कुत्ते की हालत देख मुझे तो रोना आ गया, क्या मैं इसे गोद ले सकती हूं? कोई मुझे इससे मिलवा दो.

यह भी पढ़ें: बाढ़ में बह रहे बच्चे को बचाने के लिए जान पर खेल गई मादा हाथी, देखें प्यार Video



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *