उत्तर प्रदेश के बरेली में ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने मुसलमानों से बीजेपी विरोध की राजनीति खत्म कर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की है. उन्होंने कहा कि मुसलमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुरा कहना बंद करें.
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि साल 2017 से मुसलमान बीजेपी के विरोध की राजनीति करते रहे, जिसका राजनीतिक लाभ समाजवादी पार्टी और अन्य कथित सेक्युलर दलों को मिला, जबकि मुसलमान विकास के मामले में पीछे चले गए. मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने सपा पर मुसलमानों को भड़काने और बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन के लिए उकसाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रदर्शनों में लाठियां और जेल मुसलमानों के हिस्से आईं, जबकि राजनीतिक दलों ने इसका फायदा उठाया.
यह भी पढ़ें: ‘नहीं सुना तो सत्ता से बाहर हो जाएगी BJP’, संजय निषाद के बयान से हलचल
नकारात्मक राजनीति से दूरी बनाने की अपील
उन्होंने मुसलमानों से राजनीतिक दलों की कथित चाल को समझने और अपने परिवार के साथ-साथ नई पीढ़ी के भविष्य पर ध्यान देने की अपील की. मौलाना ने कहा कि मुसलमानों को नकारात्मक राजनीति से दूर रहकर विकास और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए.
कौन हैं मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ?
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी मूल रूप से बहराइच के रहने वाले हैं. बरेलवी सुन्नी इस्लामी विद्वान, लेखक और सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़ कर भाग लेने वाले शख्स हैं. इसके साथ ही वे वे ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष और इस्लामिक रिसर्च सेंटर के संस्थापक हैं. वे अक्सर मुस्लिम राजनीति और देश के प्रमुख मुद्दों पर अपनी राय रखते हैं. कई बार उनकी मुस्लिम संगठन आलोचना भी करते हैं. जिस कारण वे चर्चा में रहते हैं.
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी इससे पहले भी कई मसलों पर अपनी राय दे चुके हैं, अक्सर उनकी टिप्पणियां बीजेपी के अनुकूल होती हैं और मौजूदा दौर में विपक्ष खासकर सपा और कांग्रेस की नीतियों को लेकर आलोचना करते हैं. इसके साथ ही वे मुस्लिमों को विकास की राजनीति में हिस्सा लेने की अपील करते हैं. साथ ही साथ उनके धार्मिक फतवे भी चर्चा में रहते हैं.
यह भी पढ़ें: कन्नौज: बारिश से तालाब बना स्कूल, घुटनों तक पानी में फंसे बच्चे
