Headlines

PM मोदी के ‘ईंधन बचत’ संदेश से प्रेरित हुआ दूल्हा, बैलगाड़ी पर लेकर निकला बारात, वीडियो वायरल


आज के दौर में जहां शादियां स्टेटस सिंबल और दिखावे की होड़ बनती जा रही हैं, वहीं छत्तीसगढ़ के नारायणपुर से सामने आई एक शादी ने लोगों का दिल जीत लिया है. यहां जिला पुलिस बल में पदस्थ जवान कुबेर देहारी ने अपनी शादी को सिर्फ एक रस्म नहीं बल्कि समाज के लिए संदेश बना दिया. महंगी गाड़ियों और भव्य सजावट से दूर, कुबेर ने बैलगाड़ी पर बारात निकालकर सादगी, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का ऐसा उदाहरण पेश किया जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है.

बैलगाड़ी पर निकली बारात, लोग देखते रह गए

नारायणपुर के डूमरतराई गांव की सड़कों पर जब कुबेर देहारी की बारात बैलगाड़ी पर निकली तो लोग रुककर देखने लगे. यह किसी मजबूरी का नहीं बल्कि एक सोच और संदेश का हिस्सा था. जिला पुलिस बल के जवान कुबेर ने लग्जरी वाहनों की जगह पारंपरिक बैलगाड़ी को चुना और बताया कि यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत और सादगी वाले संदेश से प्रेरित है. उनका मानना है कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर समाज और प्रकृति दोनों के लिए बेहतर उदाहरण पेश किया जा सकता है.

इको-फ्रेंडली मंडप ने भी जीता दिल

यह शादी सिर्फ बैलगाड़ी तक सीमित नहीं रही. शादी का मंडप भी पूरी तरह इको-फ्रेंडली बनाया गया था. नारियल, सल्फी, छिंद और जामुन के पत्तों से तैयार किया गया मंडप पारंपरिक संस्कृति की खूबसूरत झलक पेश कर रहा था. साज-सज्जा में सूपा, टोकनी और मिट्टी के बर्तनों का इस्तेमाल किया गया, जिसने आधुनिक टेंट और चमक-दमक को पीछे छोड़ दिया. शादी में बस्तर की हल्बा जनजाति की परंपराओं को खास तौर पर सहेजा गया.

“संपन्न लोग सादगी अपनाएंगे तो समाज बदलेगा”

आर्थिक रूप से सक्षम होने के बावजूद कुबेर देहारी ने सादगी भरा रास्ता चुना. उनका कहना है कि जब संपन्न परिवार दिखावे से दूर रहेंगे तभी गरीब परिवारों पर महंगी शादियों का दबाव कम होगा. उन्होंने संदेश दिया कि शादी खुशी और संस्कृति का पर्व है, इसे आर्थिक बोझ नहीं बनाना चाहिए. कुबेर का मानना है कि कम दूरी के लिए महंगे वाहनों का उपयोग कम करना और पारंपरिक रीति-रिवाजों को बचाए रखना हमारी असली पहचान है.

यह भी पढ़ें: Viral Video: रेलवे ट्रैक पर फंसे बच्चों के बचाने के लिए मां ने मौत को भी दी मात, वीडियो देख निकल जाएगी चीख

युवाओं के लिए बन गई मिसाल

कुबेर देहारी की यह शादी अब नारायणपुर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है. लोग इसे “सादा जीवन, उच्च विचार” का असली उदाहरण बता रहे हैं. उनकी यह पहल युवाओं के लिए प्रेरणा बनती दिखाई दे रही है कि आधुनिकता के दौर में भी अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़कर चला जा सकता है. यह शादी सिर्फ दो लोगों का मिलन नहीं बल्कि समाज को दिया गया एक मजबूत संदेश बन गई है.

सोशल मीडिया पर लोग बोले- “यही है असली रॉयल वेडिंग”

कुबेर देहारी की सादगी भरी शादी का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि आज के दौर में जहां लोग शादी में करोड़ों रुपये खर्च कर सिर्फ दिखावा करते हैं, वहीं इस जवान ने अपनी संस्कृति और सादगी से लोगों का दिल जीत लिया.

एक यूजर ने लिखा, “यही है असली रॉयल वेडिंग, जहां दिखावे नहीं बल्कि संस्कार दिख रहे हैं.” एक और यूजर ने कहा, “बैलगाड़ी वाली बारात ने करोड़ों की लग्जरी कारों को पीछे छोड़ दिया.” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “ऐसी शादियां समाज को नई दिशा देती हैं.”

यह भी पढ़ें: Viral Video: ‘गजब हैं पाकिस्तानी’ तरबूज बेचने के लिए नंगे होकर डांस कर रहे पड़ोसी, वीडियो देख नहीं रुकेगी हंसी





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *