Headlines

RR Vs GT Qualifier 2 IPL 2026: आईपीएल 2026 के क्वालीफायर 2 मुकाबले में इन 5 खिलाड़ियों पर टिकी रहेंगी सबकी निगाहें


आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की भिड़ंत गुजरात टाइटंस (जीटी) से होगी. जीटी को पहले क्वालीफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. वहीं, आरआर ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया था. आइए आपको उन 5 खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जो दूसरे क्वालीफायर में अकेले दम पर मैच का रुख पलट सकते हैं.

वैभव सूर्यवंशी: एलिमिनेटर मुकाबले में धमाकेदार पारी खेलकर राजस्थान रॉयल्स को दूसरे क्वालीफायर का टिकट दिलाने वाले वैभव सूर्यवंशी इस मुकाबले में भी आरआर के लिए सबसे बड़े ट्रंप कार्ड होंगे. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों का सामना करते हुए 97 रनों की तूफानी पारी खेली थी.

जोफ्रा आर्चर: राजस्थान रॉयल्स के लिए जोफ्रा आर्चर ने पिछले कुछ मुकाबलों में गेंद से शानदार प्रदर्शन किया है. एलिमिनेटर मुकाबले में भी आर्चर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 अहम विकेट चटकाए थे. आर्चर टूर्नामेंट में खेले 15 मुकाबलों में 24 विकेट अपने नाम कर चुके हैं. पावरप्ले और अंत के ओवरों में आर्चर गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं.

साई सुदर्शन: गुजरात टाइटंस का दूसरे क्वालीफायर में प्रदर्शन काफी हद तक साई सुदर्शन की बल्लेबाजी पर निर्भर करेगा. सुदर्शन इस सीजन कमाल की फॉर्म में नजर आए हैं. वह 15 मुकाबलों में 157 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 652 रन बना चुके हैं. सुदर्शन अच्छी शुरुआत देने के साथ-साथ आईपीएल 2026 में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए भी नजर आए हैं. सुदर्शन अगर लंबी पारी खेलने में सफल रहे, तो राजस्थान रॉयल्स की दिक्कतें बढ़ सकती हैं.

शुभमन गिल: सुदर्शन के सलामी जोड़ीदार और गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल के लिए भी यह सीजन अब तक कमाल का गुजरा है. 14 मुकाबलों में गिल 159 के स्ट्राइक रेट से 618 रन बना चुके हैं. गिल ने सुदर्शन के साथ मिलकर इस सीजन गुजरात टाइटंस को कई मुकाबलों में जीत दिलाई है. दूसरे क्वालीफायर में अगर सुदर्शन-गिल की जोड़ी एक बार फिर चली, तो राजस्थान रॉयल्स की राह मुश्किल हो सकती है.

ध्रुव जुरेल: वैभव सूर्यवंशी की आतिशी बल्लेबाजी के साथ-साथ राजस्थान रॉयल्स के लिए ध्रुव जुरेल ने इस सीजन कुछ कमाल की पारियां खेली हैं. एलिमिनेटर मुकाबले में भी जुरेल ने महज 21 गेंदों का सामना करते हुए 50 रनों की दमदार पारी खेली थी. वह आईपीएल 2026 में खेले 15 मुकाबलों में 508 रन बना चुके हैं और नंबर तीन की पोजीशन पर उनका प्रदर्शन टीम के लिए लाजवाब रहा है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *