Headlines

Sanjay Gupta Death Live Updates: संजय गुप्ता के निधन पर संजय दत्त समेत भावुक हुए ये सेलेब्स, जानें कब होगा अंतिम संस्कार


फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन से सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ पड़ी है. वो 57 साल के थे और उन्होंने इतनी कम उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया. उनकी मौत की खबर ने हर किसी को हैरान कर दिया है. उनकी आखिरी इच्छा थी कि वो संजय दत्त, मनोज बाजपेयी और अमिताभ बच्चन जैसी ड्रीमी कास्ट के साथ फिल्म ‘कांटे 2’ करना चाहते थे. इस पर प्लानिंग भी कर रहे थे. लेकिन अब वो अपने इस सपने को सच होता नहीं देख पाएंगे. 

संजय गुप्ता के निधन पर संजय दत्त बुरी तरह से टूट गए हैं और उन्होंने उनसे उनका सपना सच करने का वादा किया है. उन्होंने फिल्ममेकर के निधन पर इमोशनल पोस्ट शेयर की और उन्हें अपने परिवार का हिस्सा बताया. चलिए बताते हैं एक्टर ने क्या कुछ कहा.

कब होगा संजय गुप्ता का अंतिम संस्कार?

संजय गुप्ता के अंतिम संस्कार के बारे में बात की जाए तो जानकारी सामने आ रही है कि आज शाम 6 बजे तक उनका अंतिम संस्कार मुंबई में किया जाएगा. फिल्ममेकर के घर उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए सेलेब्स घर पहुंच रहे हैं. इस दौरान रॉनित रॉय को रोते हुए देखा गया.

संजय दत्त हुए इमोशनल

संजय दत्त ने फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन पर इमोशनल पोस्ट शेयर की और एक्स पर लिखा, ‘मेरे भाई. मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि तुम अब हमारे बीच नहीं रहे. हमने साथ में बहुत कुछ साझा किया है, इतनी सारी यादें और दोस्ती के इतने सारे साल. तुम हमेशा मेरे लिए परिवार की तरह रहे हो और ये बात कभी नहीं बदलेगी.’ 

संजय दत्त ने ‘कांटे 2’ को लेकर किया वादा

संजय दत्त ने पोस्ट में आगे लिखा, ‘मुझे तुम्हारी बहुत याद आएगी. हमारी बातचीत और साथ बिताया गया वह सारा समय. अभी कुछ दिन पहले ही हम ‘कांटे 2’ के बारे में बात कर रहे थे. भाई, तुम्हारी याद में मैं ‘कांटे 2′ का तुम्हारा सपना पूरा करूंगा. तुम्हारे इस सपने को सच करने के लिए मैं सब कुछ करूंगा. तुमसे हमेशा बहुत प्यार करता रहूंगा. तुम्हारे बिना जिंदगी अब वैसी नहीं रहेगी, भाई. ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दे.’

सुनील शेट्टी ने जताया दुख

सुनील शेट्टी ने भी एक्स पर संजय गुप्ता को याद करते हुए लिखा, ‘मैं अब भी इस खबर को मानने की कोशिश कर रहा हूं. हमने साथ में कई दिन बिताए, फिल्में बनाईं, हंसी-मजाक किया, बहस की, विचार साझा किए और ऐसी यादें बनाईं, जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी. मैंने कभी नहीं सोचा था कि तुम्हारे लिए मुझे इस तरह कुछ लिखना पड़ेगा. मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता कि तुम्हारी कितनी याद आएगी.’

संजय गुप्ता के निधन पर फूट-फूटकर रोने लगे रॉनित रॉय

फिल्ममेकर संजय गुप्ता की मौत की खबर ने हर किसी को हैरान और परेशान कर दिया है. उनके अंतिम दर्शन के लिए घर पर सेलेब्स पहुंच रहे हैं. इस कड़ी में रॉनित रॉय का नाम भी शामिल है. वो संजय गुप्ता की मौत पर अपने आंसू नहीं रोक पाए. उनका वीडियो भी सामने आया है.

अनुपम खेर हुए इमोशनल

अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर संजय गुप्ता की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘स्टॉकहोम में जब मैं उठा तो अपने दोस्त और डायरेक्टर संजय गुप्ता के निधन की दिल तोड़ने वाली खबर मिली. यह सोचना मुश्किल है कि कोई इंसान, जो इतना जिंदादिल इंसान था, अचानक इस दुनिया से चला गया. संजय एक ऐसे फिल्ममेकर थे, जिनकी अपनी अलग पहचान थी और जिन्हें सिनेमा से बेहद प्यार था. उन्हें फिल्मों का चलता-फिरता ज्ञानकोश कहा जाता था. आप उनसे फिल्मों के बारे में लगभग कुछ भी पूछ सकते थे और उनसे बातचीत करके पता चलता था कि वह अपनी दुनिया से कितना प्यार करते थे. सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट में भी उनका जुनून साफ नजर आता था, जहां वह हाल के दिनों में खुलकर अपनी बातें रख रहे थे.’

हंसल मेहता ने लिखी इमोशनल पोस्ट

डायरेक्टर हंसल मेहता ने भी इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया. उन्होंने लिखा, ‘ऐसा नहीं होना चाहिए था. फिल्म इंडस्ट्री में मेरे इकलौते बॉस संजय गुप्ता लेकिन इससे भी बढ़कर, एक प्यारे दोस्त. हमने साथ में कई बुरे और अच्छे दौर देखे और इन सबके बीच जिंदगी की अच्छी चीजों के लिए हमारा प्यार हमेशा एक जैसा रहा.’

मीका सिंह ने भी किया याद

सिंगर मीका सिंह ने भी संजय गुप्ता को अपना बड़ा भाई बताते हुए भावुक श्रद्धांजलि दी. उन्होंने लिखा, ‘आज का दिन मेरे लिए सबसे चौंकाने वाले और दिल तोड़ने वाले दिनों में से एक रहा. मेरे बड़े भाई संजय गुप्ता, एक शानदार इंसान, जमीन से जुड़े व्यक्तित्व और बेहतरीन फिल्ममेकर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर, हमें बहुत जल्दी छोड़कर चले गए.’





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *