Headlines

SIR पर घमासान के बीच खरगे के बयान से बवाल, बीजेपी बोली- माफी मांगें, प्रदर्शन का भी ऐलान


SIR को लेकर छिड़े विवाद के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई विवादित टिप्पणी पर घमासान छिड़ गया. खुद गृहमंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष को आड़े हाथों लिया. बीजेपी ने कांग्रेस से माफी की मांग की है और इसे मुद्दा बनाकर 26 अक्टूबर को देशभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है. यह विवाद ऐसे समय में छिड़ा है, जब 1 नवंबर को इंडिया गठबंधन दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली करने जा रही है.

पटना में बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. बीजेपी के नेता कृष्ण कल्लू ने अपने आवेदन में कहा है कि बापू सभागार में कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता पर आपत्तिजनक टिप्पणी की जिससे हम सभी काफी आहत हैं.

खरगे ने पीएम मोदी पर की विवादित टिप्पणी

मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना में बापू सभागर में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल, बिहार महाराष्ट्र हरियाणा की सरकार चोरी की है. इसी बीच हंगामा मच गया. तभी एक शख्स ने कहा कि मोदी कभी नहीं जाएगा, इस पर खरगे ने कहा, ‘मोदी का बाप भी जाएगा.’

शाह बोले- अभद्र टिप्पणी सारी मर्यादाओं को तार-तार करती है

खरगे के इस बयान पर गृहमंत्री अमित शाह ने एक लंबा चौड़ा पोस्ट किया है. इसमें कहा है कि पटना में मोदी जी के पिताजी पर कांग्रेस अध्यक्ष की अभद्र टिप्पणी सारी मर्यादाओं को तार-तार करती है. यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहें हों. उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार कर सकती है. 

कांग्रेस का वैचारिक दिवालियापन: नितिन नवीन

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति जिस प्रकार की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया है, वह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है. राजनीतिक विरोध की भी एक गरिमा होती है, लेकिन सार्वजनिक मंच से स्वर्गीय परिजनों को भाषणों में घसीटना ही अब राहुल गांधी और समूचे विपक्ष का असली ‘संस्कार’ बन चुका है.

शिवराज बोले- मन व्यथित है

शिवराज सिंह चौहान ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, ‘मन बहुत व्यथित है. मल्लिकार्जुन खरगे जी जैसे वरिष्ठ नेता से अपेक्षा थी कि वे मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करेंगे. प्रधानमंत्री जी के पिताजी के बारे में ऐसी अमर्यादित भाषा भारतीय सभ्यता, संस्कृति, संस्कार, जीवन मूल्यों और शालीनता के खिलाफ है.’

उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि पराजित होते-होते कांग्रेस इतनी बौखला गई है कि अपना मानसिक संतुलन खो बैठी है. मैं सोनिया गांधी जी से पूछना चाहता हूं कि क्या खड़गे जी ने गांधी परिवार के इशारे पर ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया? यदि नहीं, तो क्या कांग्रेस उनसे इस्तीफा लेगी?

चौहान ने कहा, ‘मोदी जी करोड़ों-करोड़ जनता के हृदय के हार हैं. उनका और उनके परिवार का अपमान देश सहन नहीं करेगा. कांग्रेस को जवाब देना चाहिए कि क्या ऐसी अमर्यादित भाषा राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद की गरिमा के अनुरूप है?

संबित पात्रा ने क्या कहा? 

बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा है कि जब वे सभा को संबोधित कर रहे थे, तब कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता खड़े हो गए. खड़गे जी की कुछ बातों पर आपत्ति जताई. इसमें एक ने कहा कि मोदी जी कहीं नहीं जाने वाले. तो इस पर खरगे जी ने दावा किया था कि वे मोदी जी को हटा देंगे. सरकार को दोबारा सत्ता में आने से रोकेंगे. कांग्रेस को सत्ता में लाएंगे. खड़गे जी की प्रतिक्रिया से मुझे बहुत दुख हुआ. मोदी के पिता को भी जाना पड़ेगा. मैं कहना चाहता हूं, कांग्रेस के कार्यकर्ता भी अपनी ही पार्टी की एक बैठक में, जहां उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बोल रहे थे, इस बात को लेकर आश्वस्त दिखे कि राहुल गांधी पार्टी को जीत दिलाने में सक्षम नहीं हैं. उनका मानना ​​है कि राहुल हमेशा ‘छुट्टी के मूड’ में रहते हैं और जब से उन्होंने कमान संभाली है, कांग्रेस पार्टी लगातार नीचे गिर रही है. 

उन्होंने कहा कि खड़गे साहब मेरे पिता की उम्र के हैं. लोकतंत्र में, प्रधानमंत्री के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना यह दिखाता है कि आज राजनीति में किस तरह की भाषा का इस्तेमाल हो रहा है. मुझे नहीं लगता कि ये शब्द वास्तव में खड़गे जी की अपनी भाषा हैं. मुझे लगता है कि ये सोनिया गांधी और राहुल गांधी की भाषा को दर्शाते हैं. पार्टी सरकार में बदलाव लाने में अपनी विफलता के कारण हताश है.

अनुराग ठाकुर बोले- राहुल गांधी की संगत का असर

खरगे पर बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा है कि मल्लिकार्जुन खरगे के बयानों में राहुल गांधी की संगत का असर साफ दिखता है. ऐसी अभद्र टिप्पणी की जितनी निंदा की जाए. कम है. देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रधानमंत्री के पिता के बारे में इस तरह की अनुचित टिप्पणी करना, कांग्रेस पार्टी के वैचारिक दिवालियापन को पूरी तरह से दर्शाता है. यह पार्टी अब विचाधारा विहीन हो चुकी है. देश से माफी मांगें. मोदी जी से भी माफी मांगी जानी चाहिए. देश ने अब कांग्रेस पार्टी का असली चेहरा देख लिया है. यह भी देख लिया है कि आज यह किस स्तर पर गिर गई है. 

खरगे का बयान शर्मनाक-अमर्यादित- रविशंकर प्रसाद

बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके दिवंगत पिता के बारे में मल्लिकार्जुन खरगे का बयान शर्मनाक और अमर्यादित है. यह उनकी बेहद ओछी और नफरत भरी मानसिकता को दर्शाता है. वे कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. 

पवन खेड़ा बोले- मोदी के ‘वैचारिक बाप’ पर दिया बयान

पवन खेड़ा ने कहा है कि खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी के वैचारिक बाप यानी संघ को लेकर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि खरगे जी पर संघ और भाजपा के लोग यह बदतमीजी कर रहे हैं. पहले शुद्धिकरण जैसा घिनौना काम उत्तराखंड में किया, क्योंकि वो दलित समाज से आते हैं.

उन्होंने कहा, ‘जब बिहार में खरगे जी भाषण दे रहे थे, तब बीजेपी के एक बदतमीज कार्यकर्ता ने उनके भाषण में कहा कि मोदी नहीं जाएगा, तुम्हारा बाप भी आ जाए तो नहीं जाएगा. ऐसी भाषा एक वयोवृद्ध नेता के लिए उचित नहीं था. इस पर खरगे जी ने पलटकर जवाब दिया कि मोदी भी जाएगा, उसका बाप यानी कि उसका वैचारिक बाप यानी की संघ यानी की मोहन भागवत, इन सभी के दिन लद गए हैं और ये सीधा हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ बदतमीजी की जा रही है. देश माफ नहीं करेगा. देश देख रहा है.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *