Headlines

Suvendu Adhikari PA Murder: ‘बर्बर हत्या, हम यहां के गुंडों को…’, बंगाल चुनाव नतीजों के बाद PA चंद्रनाथ रथ की हत्या पर शुभेंदु अधिकारी का पहला रिएक्शन


पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है. शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार (7 मई 2026) को इस घटना को दिल दहला देने वाला बताया और कहा कि यह हत्या पहले से पूरी प्लानिंग के साथ की गई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने कई दिनों तक रेकी करने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया. उन्होंने कहा कि हम यहां के गुंडों का सफाया कर देंगे.

घटना के बाद मीडिया से बात करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनके सहयोगी चंद्रनाथ रथ की बेरहमी से हत्या की गई है और इसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है. उन्होंने लोगों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील भी की. अधिकारी ने बताया कि राज्य के डीजीपी ने उन्हें भरोसा दिया है कि पुलिस इस मामले की पूरी जांच करेगी.

ये भी पढ़ें: बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या, TMC ने की CBI जांच की मांग, BJP बोली- ममता बनर्जी की साजिश

घटना की जानकारी पार्टी को दे दी गई

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सिर्फ चंद्रनाथ रथ ही नहीं, बल्कि भाजपा के एक कार्यकर्ता को बशीरहाट में गोली मारी गई और दूसरे कार्यकर्ता को बारानगर में चाकू मारा गया. उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला पूरी तरह से पहले से सोची-समझी साजिश का हिस्सा था. उनके मुताबिक, 2 से 3 दिनों तक रेकी की गई थी और उसके बाद हत्या को अंजाम दिया गया. उन्होंने कहा कि इस घटना की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी को दे दी गई है. केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भी मृतक के परिवार और पुलिस अधिकारियों से बात की है. भाजपा के कई विधायक और नेता भी मौके पर पहुंचे. शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि यह 15 साल के महा जंगलराज का नतीजा है. उन्होंने कहा कि भाजपा अब राज्य में गुंडागर्दी खत्म करने का काम करेगी.

चंद्रनाथ रथ की हत्या में कितने लोग थे शामिल?

बता दें कि चंद्रनाथ रथ की बुधवार (6 मई 2026) देर रात मध्यमग्राम इलाके में जेसोर रोड के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस के मुताबिक वह कार में जा रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी रोकी और करीब से गोलियां चला दीं. गंभीर हालत में उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद भाजपा नेताओं ने इसे टारगेटेड हमला बताया है. भाजपा नेता सुजय कुमार डे ने कहा कि हमले में चार से पांच बाइक शामिल थीं और हमलावर सीधे चंद्रनाथ रथ को निशाना बनाकर आए थे. उन्होंने कहा कि कार में ड्राइवर भी मौजूद था, लेकिन सिर्फ चंद्रनाथ रथ को गोली मारी गई. भाजपा नेता केया घोष ने भी आरोप लगाया कि यह हमला राजनीतिक गुस्से और बदले की भावना से किया गया.

तृणमूल कांग्रेस ने हत्या की निंदा की

तृणमूल कांग्रेस ने भी इस हत्या की निंदा की है और कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की है. पार्टी ने अपने बयान में कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्या की कोई जगह नहीं है. टीएमसी ने दावा किया कि चुनाव के बाद हुई हिंसा में उसके भी कई कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है. पश्चिम बंगाल के डीजीपी सिद्ध नाथ गुप्ता ने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी जब्त कर ली है और मौके से जिंदा कारतूस और खाली खोखे बरामद किए हैं. अधिकारियों के मुताबिक गाड़ी की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई थी और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

ये भी पढ़ें: बंगाल में खूनी खेल, शुभेंदु अधिकारी के PA की सरेआम गोली मारकर हत्या, मध्यग्राम में मची सनसनी





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *