अक्टूबर का दूसरा हफ्ता सिनेमालवर्स के लिए नई फिल्मों की सौगात लाया है. दरअसल इस वीक कई मच अवेटेड फिल्में रिलीज हो रही हैं इनमें रजनीकांत की जेलर 2 भी शामिल है. तो चलिए यहां इस हफ्ते की थिएटर रिलीज की पूरी लिस्ट जान लेते हैं ताकि आप अपनी वॉच लिस्ट को अपडेट कर सकें.
प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम
‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ अविनाश अरुण की डायरेक्ट की हुई एक कोर्टरूम ड्रामा फिल्म है. इसमें राजकुमार राव, वामिका गब्बी, ललित प्रभाकर, जयदीप अहलावत और सिकंदर खेर मुख्य भूमिकाओं में हैं. यह फ़िल्म 1993 के बॉम्बे बम धमाकों और 2008 के मुंबई हमलों से जुड़े कानूनी मामलों में पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्ज्वल निकम पर बेस्ड है. ये फिल्म 16 अक्टूबर को थिएटर मे रिलीज हो रही है.
नई नवेली
‘नई नवेली’ एक कॉमेडी हॉरर फ़िल्म है जिसे हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखा है और बालाजी मोहन ने डायरेक्ट किया है. इसमें यामी गौतम मुख्य भूमिका में हैं. यह फ़िल्म बॉलीवुड में तमिल फ़िल्ममेकर बालाजी मोहन के निर्देशन की शुरुआत है. ये भी 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक दे रही है.

जेलर 2
जेलर 2 एक तमिल एक्शन-कॉमेडी फ़िल्म है, जिसे नेल्सन दिलीपकुमार ने लिखा और डायरेक्ट किया है. यह ‘जेलर’ (2023) का सीक्वल है. इसमें रजनीकांत, राम्या कृष्णन, योगी बाबू, मिर्ना और ऋत्विक अपनी पिछली फिल्म वाले रोल में ही नजर आएंगे, जबकि एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, सूरज वेंजारामूडु, विद्या बालन, अन्ना राजन और जतिन सरना भी कास्ट में शामिल होंगे. ये मच अवेटेड फिल्म 15 अक्टूबर को सिनेमाघरो में रिलीज हो रही है.

राणबाली
यह तेलुगु एक्शन फ़िल्म 1870 के दशक में दक्षिण भारत में पड़े भीषण अकाल के समय एक बागी योद्धा की कहानी है, जो अपने इलाके और लोगों की रक्षा करते हुए एक ब्रिटिश कमिश्नर का सामना करता है. इसमें विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में हैं. फ़िल्म को राहुल सांकृतियन ने डायरेक्ट किया है. ये फिल्म 16 अक्टूबर को बड़े पर्दे पर आ रही है.

स्ट्रीट फाइटर
विद्युत जामवाल स्टारर स्ट्रीट फाइटर भी इस वीक थिएटर में रिलीज हो रही है. हॉलीवुड की ये एक्शन एडवेंचर फिल्म 16 अक्टूबर से सिनेमाघरों में देखी जा सकते हैं. ये फिल्म मशहूर वीडियो हेम की दुनिया से इंस्पायर है. और इसमें जबरदस्त एक्शन और फाइट सीक्वेंस देखने को मिलेंगे. विद्युत जामवाल की वजह से भारतीय दर्शकों में भी फिल्म को लेकर काफी एक्साइटमेंट है. इसे किताओ सकुराई ने निर्देशित किया है और फिल्म की स्टार कास्ट में एंड्रयू कोजी (रयू), नोआ सेंटिनियो (केन मास्टर्स), कैलिना लियांग (चुन-ली), जेसन मोमोआ (ब्लैंका), 50 सेंट (बालरोग) और विद्युत जामवाल (धलसिम) शामिल हैं.

व्हेलफॉल
यन डफ़ील्ड द्वारा निर्देशित और ऑस्टिन अब्राम्स व जोश ब्रोलिन स्टारर ये हाई-स्टेक्स सर्वाइवल थ्रिलर/हॉरर फिल्म एक स्कूबा डाइवर की कहानी है, जो गलती से एक स्पर्म व्हेल के पेट में चला जाता है और उसके पास बाहर निकलने के लिए केवल 60 मिनट की ऑक्सीजन होती है. ये 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है.
