टीवी के कई पॉपुलर शोज के आने वाले एपिसोड्स में जबरदस्त ट्विस्ट और हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिलने वाला है. कहीं एक मां अपने सपनों और ईमानदारी के बीच फंस जाएगी तो कहीं एक बड़े राज से पर्दा उठेगा. वहीं, कुछ कहानियों में रिश्तों की परीक्षा होगी तो कुछ में नए किरदारों की एंट्री से नया बवाल खड़ा होगा. आइए जानते हैं ‘अनुपमा’ से लेकर ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ तक, आने वाले एपिसोड्स में क्या कुछ खास होने वाला है.
‘तुम से तुम तक’
ज़ी टीवी के शो ‘तुम से तुम तक’ के अपकमिंग एपिसोड में दर्शकों को जबरदस्त ड्रामा देखने को मिलेगा. शादी के बाद अनु पहली बार ऑफिस पहुंचेगी, जहां उसका धमाकेदार स्वागत किया जाएगा. हालांकि, अनु को आगे बढ़ता देखकर मीरा बुरी तरह जल उठेगी. वो फैसला करेगी कि अब वो किसी भी कीमत पर अनु को आर्या की जिंदगी और ऑफिस से बाहर कर देगी. वहीं, कहानी में सबसे बड़ा मोड़ तब आएगा, जब आर्या के हाथ मीरा के खिलाफ पुख्ता सबूत लग जाएंगे. कॉल रिकॉर्ड्स, टाइमलाइन और एक शख्स के कबूलनामे के जरिए टेंडर घोटाले का सच सबके सामने आ जाएगा. झेंडे भी मीरा को रंगे हाथों पकड़कर आर्या के सामने ले आएगा. इसी बीच, शो में ‘यश’ नाम के एक नए किरदार की एंट्री होगी.
‘गंगा माई की बेटियां’
ज़ी टीवी के पॉपुलर शो ‘गंगा माई की बेटियां’ के अपकमिंग एपिसोड में कुकिंग कॉम्पिटिशन के दौरान बड़ा हंगामा देखने को मिलेगा. सिद्धू एक दूसरे कंटेस्टेंट के घर उसकी कुकिंग स्ट्रेटजी चुराने की कोशिश करते हुए पकड़ा जाएगा, जिसके बाद पूरे कॉम्पिटिशन में हड़कंप मच जाएगा. सिद्धू की इस हरकत से नाराज पैनल बड़ा फैसला लेते हुए गंगा को कॉम्पिटिशन से हमेशा के लिए बाहर करने का ऐलान कर देगा. वहीं, ब्लाइंडफोल्ड टास्क में सहाना से हुई एक बड़ी गलती गंगा की मुश्किलों को और बढ़ा देगी. गलत सामग्री चुनने की वजह से दोनों तनाव में आ जाएंगी, जबकि शो का इंचार्ज गंगा को ताना मारकर उसकी परेशानी बढ़ा देगा. दूसरी तरफ, घर में भी हालात बिगड़ते नजर आएंगे. गलतफहमियों के कारण सहाना और मुरली के रिश्ते में दरार आ चुकी है और दुखी होकर सहाना घर छोड़ने का फैसला कर लेगी.
‘अनुपमा’
स्टार प्लस के पॉपुलर शो ‘अनुपमा’ के अपकमिंग एपिसोड में दर्शकों को जबरदस्त ड्रामा देखने को मिलने वाला है. अनुपमा अपने सपनों का घर बनाने की कोशिश में जुटी है, लेकिन उसके सामने एक ऐसी शर्त रख दी जाएगी, जो उसे धर्मसंकट में डाल देगी. दरअसल, अनुपमा और दिग्विजय को पता चलेगा कि किसी ने उनके हिस्से का लोन लेकर जमीन के लिए डाउन पेमेंट कर दिया है. इसके बाद वसुंधरा अपनी चाल का खुलासा करते हुए अनुपमा के सामने एक बड़ी शर्त रखेगी. वसुंधरा चाहती है कि फूड कॉम्पिटिशन में प्रेम जीत जाए. इसके लिए वो अनुपमा पर जानबूझकर हारने का दबाव बनाएगी. वहीं, दूसरी तरफ राही के एक बड़े झूठ का सच भी धीरे-धीरे सामने आएगा.
ये भी पढ़ें- ‘आवारापन 2’ का बॉक्स ऑफिस पर बवंडर, दो दिन में 50 Cr क्लब में एंट्री
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’
स्टार प्लस के लोकप्रिय शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के आने वाले एपिसोड में विरानी परिवार के भीतर रिश्तों को लेकर बड़ा बवाल देखने को मिलेगा. शादी की तैयारियों के बीच करन इस रिश्ते से अपनी नाराजगी जाहिर करेगा. वो साफ कहेगा कि उसे किसी की धमकियों से कोई फर्क नहीं पड़ता और वो इस शादी को रोकने के लिए हर कोशिश करेगा. वहीं, गौतम उसे चेतावनी देगा कि वो शादी में कोई रुकावट बर्दाश्त नहीं करेगा. दूसरी तरफ, समायरा अपनी शादी को लेकर दुविधा में नजर आएगी, क्योंकि उसका दिल किसी और के लिए धड़कता है. ऐसे में तुलसी उसकी मदद के लिए आगे आएगी और उसे अपनी दिल की बात खुलकर बताने के लिए कहेगी. वहीं, शादी के माहौल के बीच तुलसी भी मिहिर से जुड़े पुराने सवालों को लेकर परेशान दिखाई देगी. वो सच जानने की कोशिश करेगी, लेकिन परिवार के लोग हर बार बात को टालते नजर आएंगे.
‘वसुधा’
ज़ी टीवी के लोकप्रिय शो ‘वसुधा’ के आने वाले एपिसोड में एक साल के लीप के बाद देवांश और वसुधा की जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी है. इसी बीच दिनेश की अचानक वापसी कहानी को नया मोड़ देगी. वो चंद्रिका मैडम के सामने अपनी पुरानी गलतियों को स्वीकार करते हुए एक आखिरी मौका मांगेगा. दिनेश बताएगा कि शादी के बाद उसने किसी और के प्यार में पड़कर किसी की जिंदगी बर्बाद कर दी थी और अब वो अपनी गलती सुधारना चाहता है. वहीं, प्रभात की जान बचाने के लिए वसुधा ने चौहान परिवार से एक साल की दूरी बना ली थी. अब देवांश के सामने अपने रिश्ते को दोनों परिवारों से छिपाकर रखने की चुनौती होगी. दूसरी तरफ, कहानी में एक नई एक्ट्रेस की एंट्री होने वाली है, जो देवांश के करीब नजर आएगी. उसका मकसद देवांश और वसुधा के बीच गलतफहमियां पैदा करना होगा.
ये भी पढ़ें- पेट क्लिनिक के बाहर रोते दिखे आमिर खान के बेटे, किरण राव भी आईं नजर
