‘अनुपमा’ से लेकर ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ तक, टीवी के पसंदीदा शोज़ में एक बार फिर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिलने वाला है. कहीं रिश्तों की परीक्षा होगी, तो कहीं बड़े राज खुलेंगे. कई किरदारों की जिंदगी में ऐसे मोड़ आएंगे, जो कहानी का पूरा रुख बदल देंगे. आइए जानते हैं 5 टीवी शोज़ के अपकमिंग एपिसोड्स में क्या खास होने वाला है.
‘अनुपमा’
‘अनुपमा’ के एपिसोड में तोषू, प्रेम को कुकिंग कॉम्पिटिशन के 40 लाख रुपये जीतने के लालच में अनुपमा की रेसिपी डायरी चुराने के आरोप में ब्लैकमेल करेगा. वहीं दूसरी तरफ, शाह हाउस में पाखी, बंकू पर चोरी का झूठा आरोप लगाएगी, लेकिन अनुपमा उसके समर्थन में डटकर खड़ी होगी. वहीं प्रेम अपने अतीत का एक दर्दनाक सच सबके सामने बताएगा. वो बताएगा कि कैसे उसने मामा के घर से पैसे चुराए थे, क्योंकि उसके मामा उसके साथ दुर्व्यवहार करते थे और उसकी कमाई छीन लेते थे.
ये भी पढ़ें:- Gauri Spratt Net Worth: करोड़ों में हैं गौरी स्प्रैट की दौलत, जानिए आमिर खान की होने वाली बीवी की नेटवर्थ
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के अपकमिंग एपिसोड में 10 साल के लीप के बाद कहानी नया मोड़ लेगी. जेल में अरुंधति और उसका गैंग तुलसी को प्रताड़ित करने की कोशिश करेगा, लेकिन तुलसी उनके सामने झुकने से इनकार कर देगी और जेल में हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने का फैसला करेगी. दूसरी ओर, विरानी परिवार में रिश्तों की कड़वाहट और बढ़ती नजर आएगी. करण, तुलसी को पार्थ की मौत का जिम्मेदार मानते हुए उससे नफरत करेगा, जबकि नंदनी अब भी बड़ा सच छिपाए रखेगी. वहीं वैष्णवी, मुश्किल वक्त में तुलसी से सलाह और हिम्मत पाने के लिए जेल पहुंचेगी.
‘तुम से तुम तक’
‘तुम से तुम तक’ के अपकमिंग एपिसोड में अनु और आर्यवर्धन की मंदिर यात्रा बड़ा मोड़ लेकर आएगी. मंदिर पहुंचते ही अनु को एक बार फिर रहस्यमयी फ्लैशबैक दिखाई देंगे, जिनमें राजनांदिनी के अतीत का चौंकाने वाला सच सामने आएगा. इन डरावने सीन्स में आर्या भी हमलावरों के बीच खड़ा नजर आएगा, जिसे देखकर अनु बुरी तरह घबरा जाएगी. सच का सामना करने से पहले ही वो बेहोश होकर गिर पड़ेगी, जिससे कहानी का सस्पेंस और भी गहरा जाएगा.
‘गंगा माई की बेटियां’
‘गंगा माई की बेटियां’ के अपकमिंग एपिसोड में परिवार के भीतर बड़ा बवाल देखने को मिलेगा. विमला, मधु पर चरित्रहीन होने का आरोप लगाकर उसका अपमान करेगी, लेकिन स्नेहा उसकी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए खुलकर सामने आएगी. इस टकराव से रिश्तों में और कड़वाहट बढ़ेगी. वहीं दूसरी ओर, गंगा के कारोबार को एक बड़ा मिठाई का ऑर्डर मिलेगा, जो उनकी जिंदगी बदल सकता है. हालांकि इस नई शुरुआत के साथ कई चुनौतियां भी सामने आएंगी, जिनका सामना करने में सिद्धू, गंगा और स्नेहा का पूरा साथ देगा.
‘वसुधा’
‘वसुधा’ के अपकमिंग एपिसोड में देवश और वसुधा के बीच रोमांस और नोक-झोंक का दिलचस्प तड़का देखने को मिलेगा. देवश, वसुधा के सामने शर्त रखेगा कि जब तक वो पूरे परिवार के सामने उसे ‘आई लव यू’ नहीं कहेगी, तब तक वह खाना नहीं खाएगा. देवश की ये जिद सुनकर वसुधा शर्म से लाल हो जाएगी और उससे कोई दूसरी सजा देने की गुहार लगाएगी. हालांकि देवश अपनी बात पर अड़ा रहेगा. वहीं, दोनों की बढ़ती नजदीकियों पर चन्द्रिका सिंह चौहान की नजर टिक जाएगी, जिससे आने वाले एपिसोड्स में एक नया मोड़ देखने को मिल सकता है.
ये भी पढ़ें: कभी पेटभर खाना भी मिलना था मुश्किल, अब जीती हैं लग्जरी लाइफ, जानें भारती सिंह की नेटवर्थ
