उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर समाजवादी पार्टी ने मतदाता सूची पर सवाल उठाए है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि एसआईआर के बाद मतदाता सूची में गड़बड़ियां कम होने के बजाय बढ़ गई हैं. पार्टी ने बस्ती की चार विधानसभा सीटों पर डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम दर्ज होने और पीलीभीत में EPIC नंबर की ऑनलाइन जांच में दूसरे मतदाता की जानकारी आने का दावा किया है.
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एसआईआर के दौरान मतदाताओं की मदद करने वाले PDA प्रहरियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि 24 अक्टूबर को भी सभी PDA प्रहरी सक्रिय रहें और मतदाताओं की हरसंभव मदद करने को कहा है. अखिलेश ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर सतर्क रहने, फर्जी वोटरों के नाम जुड़ने से रोकने और वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने में मदद करने की अपील की.
इसके साथ ही पार्टी ने विधान परिषद की 11 सीटों पर हो रहे चुनाव में बीजेपी के पक्ष में मतदान कराने के लिए अधिकारियों पर दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है. इसको लेकर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है.
अधिकारियों पर बीजेपी के पक्ष में मतदान का आरोप
श्याम पाल के मुताबिक पार्टी ने कौशांबी में जिलाधिकारी और एसडीएम के जरिए पुलिस प्रशासन पर ग्राम प्रधानों, स्नातक और शिक्षक मतदाताओं को बीजेपी के पक्ष में मतदान के लिए प्रभावित करने का आरोप लगाया है. सपा ने बलिया के जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से 21 अक्टूबर को विद्यालय प्रबंधकों की बैठक बुलाए जाने पर भी आपत्ति जताई है.
पार्टी का कहना है कि 23 अक्टूबर को मतदान से ठीक दो दिन पहले शिक्षकों की पात्रता से जुड़े प्रमाणपत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू करना निर्वाचन आयोग के निर्देशों का उल्लंघन है. सपा ने बस्ती सदर, हर्रैया, रुधौली और महादेवा विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में डुप्लीकेट नाम दर्ज होने के कई उदाहरण दिए हैं.
प्रदेश अध्यक्ष ने क्या बताया?
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि बस्ती सदर में आशीष कुमार जायसवाल और अशोक कुमार तिवारी के नाम दो-दो बार दर्ज हुए है. हर्रैया में सूरज निषाद और मोहम्मद ईदू के नाम तीन-तीन बार दर्ज हुए है. रुधौली में संजू का नाम पांच बार और उमा देवी का नाम तीन बार दर्ज होने की शिकायत हुई है. सपा का आरोप है कि कुछ मामलों में एक ही मतदाता के नाम के सामने अलग-अलग EPIC नंबर दर्ज हैं.
पीलीभीत में EPIC नंबर डालने पर दूसरे मतदाता का विवरण
सपा ने पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता पहचान पत्र के नंबर की ऑनलाइन जांच के दौरान दूसरे व्यक्ति का नाम और पता दिखाई दिया है. ज्ञापन में उदाहरण देते हुए कहा गया है कि बूथ संख्या 409 पर दर्ज आशिक अली के EPIC नंबर SZK0064964 को ऑनलाइन सर्च करने पर खलील खां का दिखा रहा है. पार्टी ने आशंका जताई है कि ऐसी गड़बड़ियां दूर नहीं हुईं तो 2027 के विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को वोट डालने में परेशानी करेंगी.
‘मेरा गेम ऑवर…’, यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का बयान
