Headlines

US मिडटर्म इलेक्शन में मिली हार पर ट्रंप का बड़ा बयान, ‘बड़ा झटका लगा है लेकिन…’


अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (8 नवंबर, 2026) को हाल ही में हुए मिडटर्म चुनावों के नतीजों को अमेरिकी इतिहास में पीछे की तरफ एक बहुत बड़ा कदम करार दिया है. दरअसल, मिडटर्म चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने रिपब्लिकन पार्टी को करारी शिकस्त देते हुए कांग्रेस के दोनों सदनों पर अपनी बढ़त हासिल कर ली है. इसके बाद ट्रंप ने भरोसा जताया कि अमेरिका पहले से ज्यादा मजबूत होकर वापसी करेगा.

इसके साथ ही, ट्रंप ने चुनावी नतीजों को शेयर बाजार में तीन ट्रिलियन डॉलर के भारी नुकसान की वजह बताया. अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर शेयर किए गए एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि चुनाव के नतीजों से देश को बहुत बड़ा झटका लगा है. हालांकि, उन्होंने अपने इकोनॉमिक रिकॉर्ड का बचाव किया और भविष्य में वापसी का भरोसा जताया.

ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में ट्रंप ने क्या कहा?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘पिछले चुनाव के नतीजों के साथ अमेरिका ने इतिहास में एक बहुत बड़ा कदम पीछे की तरफ बढ़ाया है. यहां तक कि शेयर बाजार, जो ट्रंप के नेतृत्व में रॉकेट की तरफ ऊपर जा रहा था, उसे एक ही दिन में 3 ट्रिलियन डॉलर का नुकसान हुआ, लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है. हम पहले से कहीं ज्यादा बड़े और मजबूत होकर वापसी करेंगे!’

मिडटर्म चुनावों के नतीजे ट्रंप की राजनीतिक छवि के लिए बड़ा झटका

ट्रंप का यह बयान 3 नवंबर को हुए मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगने के कुछ दिनों के बाद आया है. इन चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने देशभर में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों पर कंट्रोल हासिल कर लिया. यह डोनाल्ड ट्रंप की राजनीतिक छवि के लिए बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है.

उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवारों के पक्ष में सक्रिय रूप से प्रचार किया था और अमेरिकी मतदाताओं से बार-बार कहा था कि वे इन चुनावों को उनके राष्ट्रपति कार्यकाल पर जनमत संग्रह के तौर पर देखें. 

यह भी पढ़ेंः हूती विद्रोहियों ने रियाद पर दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें, तेज धमाकों से थर्राया शहर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *