पॉपुलर यूट्यूबर फुकरा इंसान उर्फ अभिषेक मल्हान इन दिनों असम में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद कर रहे हैं. वह ‘ट्रू होप फाउंडेशन’ के साथ मिलकर राहत कार्यों में हिस्सा ले रहे हैं. अभिषेक ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में जरूरतमंद लोगों के बीच खाना और जरूरी सामान भी बांटा. अब उन्होंने बाढ़ में टूटे एक हनुमान मंदिर को दोबारा बनवाने की जिम्मेदारी उठाई है.
हनुमान मंदिर को दोबारा बनवाएंगे अभिषेक मल्हान
अभिषेक ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है. इसमें वो उस जगह पहुंचे, जहां बाढ़ की वजह से हनुमान मंदिर टूट गया था. वीडियो में वो पूजा करते और नारियल फोड़कर मंदिर को दोबारा बनाने के काम की शुरुआत करते नजर आ रहे हैं. इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों के बीच खाना भी बांटा और स्थानीय लोगों से हाथ जोड़कर बातचीत की.
अभिषेक मल्हान ने दान दिए 5 लाख रुपये
अभिषेक ने बताया कि वो मंदिर को दोबारा बनवाने के लिए अपनी तरफ से 5 लाख रुपये देंगे. उनके इस फैसले से ‘ट्रू होप फाउंडेशन’ भी काफी इंप्रेस हुआ और उन्होंने फिर 15 लाख रुपये और देने का फैसला किया. इस तरह अब कुल 20 लाख रुपये की मदद से हनुमान मंदिर को फिर से बनाया जाएगा.
बजरंग बली ने मुझे ये सौभाग्य दिया…
अभिषेन के कैप्शन में लिखा, ‘बजरंग बली ने मुझे ये सौभाग्य दिया कि मैं हनुमान मंदिर के निर्माण में अपना छोटा सा योगदान दे सकूं. एक हिंदू होने के नाते ये अहसास शब्दों से परे है. आज हमने पूजा के साथ इस पवित्र काम की शुरुआत की. हमने मंदिर निर्माण के लिए 5 लाख देने का संकल्प लिया था, लेकिन ट्रू होप फाउंडेशन को ये पहल इतनी पसंद आई कि उन्होंने अपनी तरफ से 15 लाख और जोड़ने का फैसला किया.’
उन्होंने आगे कहा, ‘अब मिलकर लगभग 20 लाख की लागत से एक सुंदर हनुमान मंदिर का निर्माण किया जाएगा. पैसे से ज्यादा मेरे लिए ये बात मायने रखती है कि बजरंग बली ने मुझे इस पुण्य काम का एक छोटा सा हिस्सा बनने का मौका दिया. जय बजरंग बली! जय श्री राम.’
बाढ़ पीड़ितों के लिए पहले भी कर चुके हैं मदद
अभिषेक इससे पहले भी असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचा चुके हैं. उन्होंने जरूरतमंद परिवारों के बीच गद्दे, गैस स्टोव, वॉटर प्यूरीफायर और स्टैंडिंग फैन बांटे. इसके अलावा उन्होंने 7 घरों को पूरी तरह से दोबारा बनाने और 3 बैटरी रिक्शा की मरम्मत कराने का भी वादा किया है.
असम में बाढ़ का कहर
असम में 19 जुलाई से शुरू हुई मूसलाधार बारिश और बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. बाढ़ से राज्य के कई जिले गंभीर रूप से प्रभावित हैं. गोलाघाट सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है, जहां 71,000 से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं. इसके बाद शिवसागर में 21,000 और जोरहाट में 13,000 से अधिक लोग बाढ़ के पानी से परेशान हैं. अभिषेक मलहान के अलावा सलमान खान, भूमि पेडनेकर, रणदीप हुड्डा, आलिया भट्ट और गुरु रंधावा जैसी बॉलीवुड हस्तियों ने भी असम में जारी राहत कार्यों में अपना योगदान दिया है.
‘द ट्रेटर्स 2’ में नजर आएंगे अभिषेक मल्हान
वर्क फ्रंट की बात करें तो अभिषेक मल्हान जल्द ही रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ सीजन 2 में नजर आएंगे. इस शो को करण जौहर होस्ट कर रहे हैं. ‘द ट्रेटर्स’ सीजन 2 का प्रीमियर 13 अगस्त को प्राइम वीडियो पर होगा. इनमें आदित्य कुलश्रेष्ठ उर्फ कुल्लू, अभिषेक मल्हान, अंश चोपड़ा, दलीप ताहिल, हरमन सिंघा, इक्का सिंह, करण सिंह मैजिक, क्रिस्टल डिसूजा, मल्लिका शेरावत, मुनव्वर फारुकी, पारुल गुलाटी, प्रिश, रणवीर बराड़, रिया चक्रवर्ती, रिदा थराना, साहिल सलाथिया, शाहनील गिल, शालिनी पासी, श्वेता तिवारी, सौंदूस मोफाकिर और तान्या पुरी जैसे सेलेब्स नजर आएंगे.
ये भी पढ़ें:-कार एक्सीडेंट के बाद ए आर रहमान के बेटे अमीन ने तोड़ी चुप्पी, बोले- ‘मैं गाड़ी नहीं चला रहा था’
