Viral Post : ऑफिस में समय पर आना और तय समय तक काम करना हर कर्मचारी की जिम्मेदारी होती है. हालांकि, अगर कोई कर्मचारी सिर्फ 10 मिनट पहले ऑफिस से निकल जाए और कुछ ही देर बाद कंपनी का CEO खुद उसे WhatsApp पर मैसेज भेज दे, तो क्या यह सामान्य बात मानी जाएगी? ऐसा ही एक मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. एक महिला कर्मचारी ने दावा किया कि ऑफिस से 10 मिनट पहले निकलने के बाद कंपनी के CEO ने उन्हें सीधे WhatsApp पर मैसेज किया. इसके बाद उन्होंने अपना पूरा एक्सपीरियंस रेडिट पर शेयर किया, जिस पर अब लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
रेडिट पर शेयर किया अपना एक्सपीरियंस
महिला ने यह घटना Reddit के r/IndianWorkplace फोरम पर My CEO Texted Me for Leaving 10 Minutes Early कैप्शन के साथ शेयर की. उन्होंने बताया कि वह हाल ही में कंपनी में फुल-टाइम कर्मचारी के रूप में शामिल हुई थीं. इस घटना के बाद उन्हें महसूस हुआ कि नौकरी की दुनिया उनकी कल्पना से कहीं ज्यादा मुश्किल है.
10 मिनट पहले निकलीं, तुरंत आया CEO का मैसेज
महिला के मुताबिक, वह शाम 5:43 बजे ऑफिस से निकली थीं, जबकि उनकी छुट्टी होने में करीब 10 मिनट बाकी थे. कुछ ही देर बाद उनके WhatsApp पर कंपनी के CEO का मैसेज आया. CEO ने उनसे पूछा कि आज आप कितने बजे ऑफिस से निकलीं? महिला ने जवाब दिया कि वह 5:43 बजे निकली थीं. उन्होंने इस बातचीत का स्क्रीनशॉट भी अपनी पोस्ट के साथ शेयर किया.
खर्च के पैसे लौटाने में लगे थे 17 दिन
महिला ने अपनी पोस्ट में यह भी दावा किया कि कंपनी ने काम से जुड़े खर्च, जो उन्होंने अपनी जेब से किए थे, उन्हें वापस करने में 17 दिन लगा दिए. उन्होंने बताया कि कई बार याद दिलाने के बाद भी उन्हें रिइम्बर्समेंट मिलने में काफी समय लगा, जिससे वह पहले से ही परेशान थीं. महिला का कहना है कि कंपनी में कई मैनेजर नियमित रूप से करीब एक घंटे का ब्रेक लेते थे. वहीं कुछ अन्य कर्मचारी भी लगभग 30 मिनट तक अपनी सीट से दूर रहते थे. उनके अनुसार, वह खुद शायद ही कभी ठीक से ब्रेक लेती थीं, लेकिन जिस दिन वह सिर्फ 10 मिनट पहले ऑफिस से निकलीं, उसी दिन उनसे CEO ने सवाल कर लिया.
नौकरी को लेकर क्या बोलीं कर्मचारी?
महिला ने खुद को Gen Z कर्मचारी बताया और कहा कि उन्होंने हाल ही में फुल-टाइम नौकरी शुरू की है. उन्होंने लिखा कि इस एक्सपीरियंस के बाद उन्हें महसूस हुआ कि कॉरपोरेट लाइफ उनकी सोच से कहीं ज्यादा मुश्किल है. महिला ने अपनी पोस्ट में एक और बात का जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि उनके बॉस ने उन पर बिना सैलरी सोशल मीडिया इंटर्न रखने का दबाव बनाया. उनके अनुसार, उनसे कहा गया कि या तो बिना सैलरी वाला इंटर्न भर्ती करें, नहीं तो कंपनी के सभी सोशल मीडिया रील्स उन्हें खुद बनाने होंगे. उन्होंने यह भी बताया कि वह कंपनी के HR विभाग में काम करती हैं.
यह भी पढ़ें – Video: पानी पी रहे टाइगर पर दरिंदे ने किया हमला, इसके बाद बाघ किया बुरा हाल- वीडियो देख कांप जाएगी रूह
सोशल मीडिया पर लोगों ने किए ऐसे कमेंट्स
महिला की पोस्ट वायरल होने के बाद कई रेडिट यूजर्स ने अपनी राय शेयर की. कई लोगों का कहना था कि जिन कंपनियों का ज्यादा ध्यान कर्मचारियों के काम की क्वालिटी की जगह उनके आने-जाने के समय पर रहता है, वहां काम का माहौल अक्सर अच्छा नहीं होता है. कुछ यूजर्स ने सलाह दी कि महिला पहले थोड़ा एक्सपीरियंस हासिल करें और उसके बाद बेहतर अवसर मिलने पर नौकरी बदलने के बारे में सोचें. पोस्ट पर कई अन्य लोगों ने भी अपने काम के एक्सपीरियंस भी बताए. कुछ यूजर्स ने लिखा कि स्टार्टअप कंपनियों में कर्मचारियों से लंबी दूरी तय करके ऑफिस आने और ज्यादा घंटे काम करने के बाद भी अतिरिक्त जिम्मेदारियां निभाने की उम्मीद की जाती है.
यह भी पढ़ें – हमारे यहां इस्तीफे नहीं होते… धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद फिर ट्रोल हुए राजनाथ सिंह
