Headlines

अमित शाह के राजस्थान दौरे पर अशोक गहलोत का निशाना, ‘सिर्फ सियासी रोटियां…’


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राजस्थान दौरे को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने निशाना साधा है. गहलोत ने खास तौर पर उदयपुर के बहुचर्चित कन्हैयालाल टेलर हत्याकांड के ट्रायल को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि इस सनसनीखेज हत्याकांड को चार साल से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक ट्रायल पूरा नहीं हो सका है और किसी भी दोषी को सजा नहीं मिली है.

अशोक गहलोत ने कहा, ”विधानसभा चुनाव के समय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी ने कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर खूब दुष्प्रचार किया था. उस समय इस मामले को लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन चार साल से ज्यादा समय गुजरने के बावजूद केस का ट्रायल पूरा नहीं हो सका है. इस मामले में भी बीजेपी के दावे सिर्फ जुमलेबाजी साबित हुए हैं.”

‘उम्मीद थी कि शाह कन्हैयालाल के परिवार से मुलाकात करेंगे’

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा, ”जब यह हत्याकांड हुआ था, तब राजस्थान में कांग्रेस की सरकार थी और हमारी सरकार ने कुछ ही घंटों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. हमें उम्मीद थी कि अमित शाह आज राजस्थान दौरे के दौरान उदयपुर में रुकेंगे और कन्हैयालाल के परिवार से मुलाकात करेंगे और कोई बड़ा ऐलान करेंगे. परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार की ओर से कोई ठोस बात सामने रखेंगे.”

‘कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर अमित शाह ने कुछ नहीं कहा’

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अमित शाह राजस्थान आए, लेकिन कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर उन्होंने कुछ भी नहीं बोला. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री सिर्फ सियासी जुमलेबाजी करके चले गए. अमित शाह की चुप्पी ने कन्हैयालाल के परिवार के साथ-साथ पूरे राजस्थान को निराश करने का काम किया है. सरकार को यह बताना चाहिए कि ट्रायल अब तक किस स्थिति में है और दोषियों को सजा कब तक मिलेगी?

अमित शाह सिर्फ सियासी रोटियां सेंकने आए थे- अशोक गहलोत

गहलोत ने आरोप लगाया कि अमित शाह राजस्थान में सिर्फ सियासी रोटियां सेंकने के लिए आए थे. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने अपने भाषण में कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस नेताओं के आपसी मतभेदों को लेकर काफी बातें कीं, लेकिन कन्हैयालाल हत्याकांड जैसे चर्चित और गंभीर मामले पर पूरी तरह चुप्पी साधे रखी.

‘शाह को कांग्रेस के अंदरूनी मामलों में बोलने का अधिकार नहीं’

अशोक गहलोत ने अमित शाह के कांग्रेस के अंदरूनी मामलों को लेकर दिए गए बयानों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा, ”अमित शाह को कांग्रेस के अंदरूनी मामलों में बोलने का कोई अधिकार नहीं है. आखिर अमित शाह किस आधार पर यह कह रहे हैं कि कांग्रेस में आपसी खींचतान चल रही है.”

‘राजस्थान में बीजेपी नेता ही एक-दूसरे की टांग खींच रहे’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा, ”अगर अमित शाह को कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान नजर आ रही है तो उन्हें राजस्थान बीजेपी और सरकार के बीच चल रही खींचतान क्यों नजर नहीं आ रही? राजस्थान में बीजेपी के नेता ही एक-दूसरे की टांग खिंचाई में लगे हुए हैं और हर नेता दूसरे नेता को पीछे करने में जुटा हुआ है.”

वंदे मातरम के मुद्दे पर गहलोत ने बीजेपी को घेरा

अशोक गहलोत ने वंदे मातरम के मुद्दे को लेकर भी अमित शाह और बीजेपी नेताओं पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि अमित शाह और उनकी पार्टी के नेता वंदे मातरम को लेकर देश को गुमराह करने का काम कर रहे हैं. गहलोत ने कहा, ”इस मुद्दे पर बेवजह का झूठ फैलाने का काम किया जा रहा है और जनता को असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश की जा रही है.”

दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार (16 अगस्त) को राजस्थान के दौरे पर रहे. उन्होंने चित्तौड़गढ़ और अलवर जिले में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोला.

अलवर: अमित शाह ने राजस्थान को दी करोड़ों की सौगात, कांग्रेस पर बोला हमला



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *