Headlines

अमित शाह के संसद में बोलने के रिजिजू के बयान पर खेड़ा का सवाल- वे किस मुद्दे पर…


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सदन में उपस्थित होने को लेकर संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू के बयान पर राजनीति गरमा गई है. किरेन रिजिजू ने कहा कि छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े मुद्दे पर गृहमंत्री अमित शाह सदन में जवाब देंगे, लेकिन विपक्ष हंगामा न करे. कांग्रेस का कहना है कि गृह मंत्री जिम्मेदारी से भाग रहे हैं और सदन का समय खराब कर रहे हैं. कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, ‘गृह मंत्री को जो जिम्मेदारी लेनी चाहिए वे उस जिम्मेदारी को नहीं लेना चाहते हैं. सदन का समय व्यर्थ और देश का ध्यान भटका रहे हैं. बच्चों पर जो अत्याचार और अयोध्या राम मंदिर में जो भ्रष्टाचार हुआ, ये दोनों ही विषय महत्वपूर्ण हैं. इस पर सरकार को अपनी जिम्मेदारी स्वीकारनी चाहिए.’

क्या अब सरकार तय करेगी विपक्ष क्या बोलेगा: खेड़ा

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के बयान पर कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा, ‘हम यहां देश की आवाज बुलंद कर रहे हैं. क्या ये लोग तय करेंगे कि विपक्ष कौन से मुद्दे उठाएगा या वे किस मुद्दे पर जवाब देंगे?’ राज्यसभा से विपक्ष के वॉकआउट पर उन्होंने कहा, ‘हमने तीन बातें रखी थीं कि छात्रों पर जो बर्बरता पूर्वक कार्रवाई हुई, उसकी जिम्मेदारी केंद्रीय गृह मंत्री लें. दूसरा चंदा चोरी मामले पर भी हम सरकार का वक्तव्य चाहते हैं. तीसरा प्रधानमंत्री सदन में आकर माफी मांगें.’

रिजिजू की विपक्ष से अपील

किरेन रिजिजू ने विपक्ष से अपील की है कि चर्चा और सरकार के जवाब के दौरान सदन में किसी तरह की बाधा न डाली जाए और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बयान सुना जाए. उन्होंने कहा कि सरकार का प्रस्ताव स्पष्ट है. उनके मुताबिक, छात्र आंदोलनों से जुड़े हर पहलू पर चर्चा की जा सकती है और सरकार सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है. उन्होंने विपक्ष से कहा कि एक बार चर्चा शुरू होने के बाद मुद्दे के सभी पहलुओं पर विस्तार से बात होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि चर्चा के दौरान सदन का ध्यान भटकाने या गृह मंत्री के बयान को रोकने की कोशिश न की जाए.

चंदा चोरी पर भी जवाब चाहता है विपक्ष

सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के बयान पर कहा, ‘दो विषय हैं, एक तो छात्रों से जुड़ा है और दूसरा चंदा चोरी का विषय है. दोनों मामलों पर समाजवादी पार्टी, हमारे नेता अखिलेश यादव और हम सभी चाहते हैं कि चर्चा हो, लेकिन ऐसा लगता है कि सरकार ये नहीं चाहती. चंदा चोरी का विषय करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा है. सरकार की तरफ से, खासतौर से प्रधानमंत्री की ओर से देश इस विषय को जानना चाहता है. हमारे लिए ये दोनों विषय बराबर हैं.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *